November 16, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

सिलीगुड़ी के खालपाड़ा पर टूट सकती है भारी मुसीबत, कई रसूखदार खतरे में!

सिलीगुड़ी का खालपाड़ा शुरू से ही व्यापारियों और रसूखदारों का एक सुरक्षित आश्रय स्थल माना जाता रहा है. यहां सिलीगुड़ी ही नहीं बल्कि उत्तर बंगाल का एक मात्र थोक बाजार नया बाजार है. अनाज मंडी के रूप में मशहूर नया बाजार से उत्तर बंगाल, सिक्किम और दार्जिलिंग को माल भेजा जाता है.

व्यवसायिक दृष्टिकोण से खालपाड़ा समृद्ध तो है ही, यहां संभ्रांत और अमीर लोग अधिक रहते हैं. सिलीगुड़ी के विभिन्न वार्डों की तुलना में खालपाडा यानी वार्ड नं 8 एवं 9 अधिक शांत रहता है. लेकिन आने वाले समय में शायद यह अधिक समय तक शांत नहीं रह सकता है. खालपाड़ा पर खुफिया एजेंसियों की नजर टिकी है. कुछ रसूखदार लोग नपे जा सकते हैं. इन पर सुरक्षा एजेंसियों की गिद्ध दृष्टि है.

हाल ही में गुवाहाटी में भारतीय सेना के नाम पर 11.50 करोड रुपए के फर्जी सप्लाई आर्डर के जरिए हुई एक ठगी का कनेक्शन खालपाड़ा से मिला है. जो लोग सलाखों के पीछे पहुंचे हैं, उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है. आरोपी हर्ष अग्रवाल खालपाडा के ही रहने वाले हैं. खुफिया विभाग को उम्मीद है कि हर्ष अग्रवाल से विस्तृत पूछताछ के बाद कुछ और सफेद पोश चेहरे सामने आ सकते हैं.

एक तरफ आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तो दूसरी तरफ खुफिया एजेंसियों ने उन्हें सीढी बनाकर चुपचाप खालपाडा के ऐसे लोगों का पता लगाना शुरू कर दिया है, जिनका धंधा तो कुछ और है परंतु धंधे की आड़ में उनका धंधा कुछ और ही है. चर्चा तो यह भी है कि खुफिया एजेंसियों को कुछ नए दागदार चेहरे के बारे में पता चल गया है. परंतु उनके खिलाफ पुख्ता सबूत न होने के कारण पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही है.

सूत्रों ने बताया कि खुफिया एजेंसी कथित भ्रष्ट, हवाला और गोरखधंधा में लिप्त कुछ व्यवसायियों की सूची तैयार कर चुकी है. अब उनके खिलाफ सबूत एकत्र किए जा रहे हैं. जिन लोगों को खुफिया एजेंसियों ने अपने रडार पर लिया है, उनमें से कुछ चेहरे वर्तमान में अंडरग्राउंड हो चुके हैं.

खालपाड़ा में व्यापार में ठगी का खेल काफी पुराना है. यहां साइबर स्कैम को अंजाम देने वाले चेहरे भी हैं. आर्थिक भ्रष्टाचार के कई मामले पहले भी उजागर हो चुके हैं. देश के दूसरे राज्यों की पुलिस ने साइबर स्कैम की छानबीन के क्रम में खालपारा को सिलीगुड़ी के आसपास के संदिग्ध स्थलों में सबसे ऊपर रखा है.

खालपाड़ा को एक संदिग्ध स्थल के रूप में चिन्हित करने के पीछे कारण भी है. क्योंकि इस क्षेत्र में अधिकांश व्यावसायिक ठिकाने और ट्रांसपोर्ट एजेंसियां हैं,जहां वित्तीय लेनदेन अधिक होने के कारण गड़बड़ी होने के अधिक चांसेस रहते हैं. वर्तमान में हर्ष अग्रवाल के मामले में पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने यहां शिकंजा बढ़ा दिया है.

हर्ष अग्रवाल से पीड़ित खालपाड़ा के ही कुछ और व्यवसायी सामने आ रहे हैं, जिन्हें प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से लूटा गया है. अब उन्होंने बाकायदा पुलिस कार्यवाही शुरू कर दी है. आने वाले कुछ दिनों में ऐसे और भी कई चेहरे सामने आएंगे. इसके बाद इस बात की बड़ी संभावना है कि लूट, ठगी या 420 जैसे अंतर राज्यीय सिंडिकेट के संदिग्ध स्थल के रूप में इसकी पहचान की जा सके.

हर्ष अग्रवाल के मामले में खुफिया एजेंसियों ने यह पता किया है कि खालपारा में कुछ लोग फर्जी कागज तैयार करने, नए बैंक खाता खुलवाने, यहां से देश के अन्य राज्यों में पैसा ट्रांसफर करने आदि के मामले में अधिक लिप्त हैं. हालांकि अभी इसकी जांच चल रही है. इस तरह के गोरख धंधे में वे लोग लिप्त हैं, जो हमेशा पर्दे के पीछे रहते हैं और पुलिस रिकॉर्ड में जिनके दामन पर कोई दाग नहीं है.

लेकिन क्या ऐसे लोग पकड़े जाएंगे भी! क्योंकि पहले भी खुफिया एजेंंसियों ने कार्रवाई की है.परंतु उनमें गिरफ्तारी कम ही हुई. ऐसे में सवाल बड़ा है कि आखिर खुफिया एजेंसियां अधिक से अधिक क्या कार्रवाई कर सकती हैं. असम पुलिस ने हर्ष अग्रवाल से अब तक की जितनी पूछताछ की है, उसमें इतना तो पता चल ही गया है कि खालपाडा के कुछ लोग सिंडिकेट से जुड़े हुए हैं. लेकिन उनके खिलाफ सबूत नहीं है.

मजे की बात तो यह है कि पुलिस या अधिकारियों की कार्रवाई से पहले ही कुछ संदिग्ध रसूखदारों तक खबर पहुंच जाती है. इसके बाद वह आसानी से नेपाल या भूटान के रास्ते देश से बाहर निकल जाते हैं. आखिर उनका खबरची कौन है. बहरहाल देखना होगा कि आने वाले दिनों में खालपारा के कितने रसूखदार सुर्खियों में आते हैं!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *