क्या आप पर्सनल लोन लेना चाहते हैं? या क्या आप अपने उत्पादों को किस्तों पर खरीदना चाहते हैं? जैसे कार, बाइक, मोबाइल फोन, टीवी, फ्रिज या कोई भी ऐसी चीज जिसे खरीदने के लिए आपको लोन की आवश्यकता है, लोन पर्सनल हो या फाइनेंस के रूप में, लोन लेने से पहले यह खबर जरूर जान लें. पूरी सावधानी बरतें. फाइनेंस कंपनियों के कर्मचारी की विश्वसनीयता का पता लगाएं. अपने दस्तावेज से लेकर लोन की रकम मिलने तक संपूर्ण जांच करें. अन्यथा आप किसी बड़ी मुसीबत में पड़ सकते हैं!
सिलीगुड़ी में पर्सनल लोन दिलाने के नाम पर एक गिरोह सक्रिय हो गया है, जो लोन लेने वाले व्यक्ति की आंखों में धूल झोंककर अपना उल्लू सीधा कर रहा है. इस गिरोह के लोग शहर में सर्वत्र फैले हुए हैं. आप उन्हें जानते हो या न जानते, लेकिन उन्हें आपके बारे में सब पता होता है. वह आपकी जरूरत को समझ लेते हैं और आपसे संपर्क करते हैं. ऐसे लोगों के जाल में आमतौर पर सीधे-सादे या अशिक्षित लोग पड़ कर अपना बड़ा नुकसान कर बैठते हैं.
अगर रकम छोटी हो तो ठगी का शिकार व्यक्ति पुलिस में कम ही शिकायत कर पाता है. लेकिन अगर रकम बड़ी हो तो मामला पुलिस थानों तक जरूर पहुंचता है. ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला सिलीगुड़ी के प्रधान नगर थाना का है जहां पुलिस ने सिलीगुड़ी की एक महिला के साथ लगभग 80 हजार की ठगी के मामले में मानिक पाल नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है.
दरअसल महिला को कुछ नगद रूपयों की आवश्यकता थी, जिसके लिए उसने पहले तो अपने मित्र, रिश्तेदारों और पड़ोसियों से संपर्क किया. लेकिन जब कहीं से भी उसे कर्ज मिलता नजर ना आया तो उसने लोन दिलाने वाली निजी कंपनी या एजेंसी से संपर्क करना चाहा. इसी क्रम में उसकी मुलाकात शताब्दी गोस्वामी उर्फ मंपी से हुई. मंपी ने महिला को आश्वस्त किया कि वह जल्द ही उसे ऋण दिला देगा.
महिला को ₹40000 की आवश्यकता थी. शताब्दी गोस्वामी महिला को लेकर एक मोबाइल दुकान में गया. दुकान में विक्की घोष नामक एक व्यक्ति बैठा था. शताब्दी गोस्वामी ने उसका परिचय एक निजी फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी के रूप में दिया. मंपी की उससे बातचीत होने लगी. दोनों ने आपस में कुछ देर बात की. उसके बाद मंपी ने महिला को आश्वस्त किया कि उसे ₹40000 लोन मिल जाएगा. फिर उसने महिला का आधार कार्ड, पैन कार्ड व दूसरे दस्तावेज लेकर महिला के मोबाइल पर आए ओटीपी के जरिए ₹80000 से ज्यादा लोन अप्रूव्ड करा दिया.
महिला को ₹40000 ही चाहिए था. आरोप के अनुसार माणिक पाल ने अगले दिन यह रकम महिला के घर पर जाकर उसे नगद दे दी. महिला को क्या पता था कि उसके साथ एक बड़ा धोखा किया गया है. उसे तो वांछित लोन मिल चुका था. इस बात की उसे खुशी थी. लेकिन उसे क्या पता था कि उसके नाम पर एक बड़ा फ्रॉड किया गया था. महिला की आंखों में धूल झोंकते हुए उसके नाम पर 82900 का लोन अप्रूव्ड कराया गया था, इसकी जानकारी महिला को तब हुई, जब बैंक की ओर से रिकवरी का मैसेज उसके मोबाइल पर भेजा गया.
महिला भागी-भागी बैंक पहुंची. जब महिला को पता चला कि उसके नाम पर 82,900 रुपए का लोन लिया गया है जबकि उसे केवल 39000 ही दिए गए हैं, तो वह चकरा गई. उसे विश्वास ही नहीं हुआ कि उसके साथ इतना बड़ा धोखा हो सकता है. उसने तुरंत लोन दिलाने वाले व्यक्ति से संपर्क करना चाहा. लेकिन उससे संपर्क नहीं हो सका. उसके बाद पीड़ित महिला ने फाइनेंस कंपनी के अन्य कर्मचारी विक्की घोष से भी संपर्क करना चाहा, परंतु वहां से भी कोई सटीक जवाब उसे नहीं मिला.
अब तक पीड़ित महिला को एहसास हो गया था कि कुछ लोगों ने उसके साथ धोखाधड़ी का खेल किया है. रकम बड़ी थी. जबकि महिला एक सामान्य परिवार से संबंध रखती थी. इसलिए वह चुप नहीं बैठी. वह तुरंत प्रधान नगर थाना पहुंची. उसने पुलिस अधिकारी को सारी बात बताई. फिर उसने शताब्दी गोस्वामी, विक्की घोष और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई.
प्रधान नगर थाना की पुलिस ने बिना समय गंवाए कार्रवाई करते हुए फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी माणिक पाल को गिरफ्तार किया और उससे पूछताछ करने के लिए उसे रिमांड पर लिया है. प्रधान नगर थाना की पुलिस को पहले से भी इस तरह की कई शिकायतें मिली थी, जिससे पता चलता है कि सिलीगुड़ी में पर्सनल लोन दिलाने के नाम पर ठगी का गोरख धंधा चल रहा है.इस धंधे में कई लोग शामिल हो सकते हैं.
पुलिस आरोपी से पूछताछ करके यह पता लगाना चहती है कि इस धंधे में उसके अलावा और कौन-कौन लोग शामिल हैं. धंधे का सरगना कौन है और सिलीगुड़ी में अब तक कितने लोगों को इस तरह से चूना लगाया गया है. जो भी हो, ऐसे मामले सामने आने के बाद आपको सतर्क हो जाने की ज़रूरत है. कोशिश करें कि किसी निजी फाइनेंस कंपनी से लोन लेने की आवश्यकता ना पड़े और अगर कोई अन्य विकल्प न हो तो लोन लेते समय पूरी सावधानी बरतें. अन्यथा आपके साथ धोखा हो सकता है!
