सिलीगुड़ी: शहर को साफ-सुथरा और पोस्टरमुक्त रखने के लिए पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने सख्त संदेश दिया है। उन्होंने खुद सड़क पर उतरकर अपने ही तस्वीर वाले पोस्टर को हटाया। इतना ही नहीं, शहर के अलग-अलग इलाकों में बेतरतीब तरीके से लगाए गए पोस्टरों को लेकर भी मंत्री ने कड़ा रुख अपनाने की बात कही।
शंकर घोष ने स्पष्ट किया कि राजनीतिक कार्यक्रम हो या कोई अन्य आयोजन, शहर में मनमाने तरीके से कहीं भी पोस्टर नहीं लगाए जा सकते। पोस्टर लगाने के लिए निर्धारित नियमों का पालन करना होगा और संबंधित अनुमति लेना जरूरी होगा। यह अनुमति भी एक निश्चित अवधि के लिए ही मान्य होगी। समयसीमा समाप्त होने के बाद संबंधित पोस्टर को हटाना होगा।
शहर को पोस्टरमुक्त और स्वच्छ रखने के उद्देश्य से पर्यटन मंत्री शंकर घोष आज पार्टी कार्यकर्ताओं और नगर निगम के कर्मचारियों के साथ सड़क पर उतरे। उन्होंने अपने फोटो वाला पोस्टर खुद हटाकर आम लोगों को स्वच्छ और सुंदर शहर का संदेश दिया।
पर्यटन मंत्री ने राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ-साथ शहर के सभी नागरिकों से इस पहल में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाने की शुरुआत हमें खुद से करनी होगी।

