आज मई की अंतिम तारीख है. कल से जून का महीना शुरू हो रहा है और शुरू हो रहे हैं सरकार के कुछ नियम, जो आपकी जेब को प्रभावित कर सकते हैं. जून महीने में कई तरह के परिवर्तनों से आपको दो-चार होना पड़ सकता है. बैंकों के भी कुछ नियम आपको राहत दे सकते हैं तो आपकी परेशानी भी बढा सकते हैं. इसके अलावा महंगाई से लेकर यूपीआई पेमेंट, एलपीजी सिलेंडर के बढ़ते दाम, अन्नपूर्णा भंडार योजना के फार्म और बहुत कुछ जून महीने में आपके घरेलू बजट को प्रभावित करने जा रहे हैं.
कल पहली जून से राज्य सरकार का अन्नपूर्णा भंडार पोर्टल शुरू हो रहा है, जहां राज्य की महिलाओं को महीने में ₹3000 पाने के लिए आवेदन पत्र को भरना होगा, जो आसान नहीं होगा. कॉमन सर्विस सेंटर और साइबर कैफे में उनकी भाग दौड़ बढ़ जाएगी. इसमें पैसे भी खर्च होंगे और दूसरे तरह के कागजात भी जुटाने होंगे. पुरुषों के लिए भी यह महीना भाग दौड़ वाला साबित होने वाला है. जून महीने में रोजमर्रे की जिंदगी से जुड़े सात बड़े बदलाव लागू होने जा रहे हैं.
सबसे पहले तो सिलीगुड़ी के लोगों को खुश होने की जरूरत है. आपके साथ साइबर फ्रॉड की घटनाएं कम हो सकती हैं. सिलीगुड़ी समेत देश भर में साइबर फ्रॉड के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. भारत सरकार और सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और लोगों का पैसा सुरक्षित रहे, इसके लिए इसी महीने एनपीसीआई के द्वारा कुछ कठोर नियम लागू किये जा रहे हैं. एनपीसीआई ने UPI फ्रॉड को जड़ से खत्म करने के लिए एक विशेष सिस्टम विकसित किया है. अब आप किसी को पैसा भेजते हैं तो उस व्यक्ति का बैंक में पंजीकृत असली नाम स्क्रीन पर दिखाई देगा. इस तरह से फर्जीवाड़ा को रोकने में सफलता मिलेगी.
लेकिन दूसरी खबर आपकी परेशानी बढ़ा सकती है और इसका सीधा असर आपकी जेब पर पड़ने जा रहा है. सूत्र बता रहे हैं कि तेल कंपनियां एलपीजी सिलेंडर की नई कीमतें निर्धारित कर सकती हैं. आशंका व्यक्त की जा रही है कि गैस सिलेंडर के मूल्य में वृद्धि होगी. आपको बताते चलें कि तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को गैस के मूल्य की समीक्षा करती है. जिस तरह से पश्चिम एशिया में तनाव और गैस सप्लाई अवरूद्ध है, उसे देखते हुए विशेषज्ञ मानते हैं कि कल घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में तेल कंपनियां भारी वृद्धि कर सकती हैं.
कल से पैन कार्ड से जुड़े नियम भी बदल रहे हैं. इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने पैन से जुड़े नियमों में खाता धारकों को राहत दी है. अगर आप ₹50000 बैंक खाता में नकद जमा करते हैं तो इसके लिए pan जरूरी नहीं होगा. पहले के नियम में यह जरूरी बनाया गया था . लेकिन प्रॉपर्टी डील, गिफ्ट डीड जैसे दूसरे तरह के ट्रांजैक्शन करते हैं तो वहां पेन दिखाना अनिवार्य होगा. यहां पर आयकर विभाग ने उपभोक्ताओं के साथ सख्ती दिखाई है.
जून महीने से एटीएम से नगद निकासी के नियम सख्त किए जा रहे हैं. अब एटीएम से कैश निकालना महंगा हो जाएगा. बैंक के द्वारा जारी फ्री लिमिट खत्म होने के बाद कैश निकालने, मिनी स्टेटमेंट लेने, यहां तक कि बैलेंस चेक करने के लिए भी आपको पैसा देना पड़ जाएगा, जो अधिक होगा. हालांकि बैंकों की ओर से खाता धारकों को पहले से ही इस बारे में सूचित कर दिया गया है कि उन्हें इस संबंध में किस सेवा के लिए कितना पैसा देना पड़ सकता है. इसलिए अपने बैंक के नियमों का अनुसरण करें और उसी तरह की तैयारी करें ताकि अवांछित जेब खर्च न बढ़े.
जून महीना यात्रा के दृष्टिकोण से भी काफी महत्वपूर्ण साबित होने जा रहा है. स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां शुरू हो गई है. जून महीने में लोग परिवार के साथ छुट्टियां बिताने पहाड़ों पर जाते हैं या फिर अपने गांव . ऐसे में आपको जानना जरूरी होगा कि आपके लिए कितनी ट्रेन चलाई जा रही है और कितनी ट्रेनों को स्थगित किया जा रहा है. रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जून महीने में रेलवे के ट्रेक को अपग्रेड किया जा रहा है.
इसके चलते भारतीय रेलवे ने 77 ट्रेनों को रद्द कर दिया है. इसके अलावा कई विशेष रेलगाड़ियों के रूट भी डाइवर्ट किए गए हैं. यह खबर बंगाल के लोगों के लिए तो काफी महत्वपूर्ण है. क्योंकि इसका असर यहां के लोगों पर जरूर पड़ेगा. इसके अलावा महाराष्ट्र और गुजरात राज्यों में रहने वाले लोगों पर भी इसका प्रभाव पड़ेगा. जिन ट्रेनों को रद्द किया गया है ,उनमें से अधिकांश ट्रेन इन्हीं राज्यों से होकर जाती है.
जून महीने में बैंकों की ओर से फिक्स्ड डिपॉजिट और ब्याज की दरों में बदलाव किया जा रहा है. भारतीय रिजर्व बैंक ऑफ़ इंडिया पहले ही संकेत दे चुका है और जो जानकारी मिल रही है, उसके अनुसार पहले से चल रही कुछ फिक्स्ड डिपॉजिट योजनाएं बंद हो सकती हैं. और उनकी जगह पर आकर्षक ब्याज वाली योजनाएं बैंक लागू कर सकते हैं.
अगर आपको इन सभी के बारे में जानकारी होगी तो अपनी फाइनेंशियल प्रोग्राम को अच्छे तरीके से सेट कर सकेंगे. इसके अलावा भारत सरकार ने सोलर पैनल के लिए भी जून महीने से नए नियम लागू कर दिए हैं. इन सभी नियमों के बारे में आपको पहले से जानकारी प्राप्त कर लेना जून महीने में आपकी स्थिति को संतुलित करने में मदद कर सकता है. यह महंगाई से लड़ने में भी आपकी मदद करेगा.

