July 2, 2026
Sevoke Road, Siliguri
smc Action encroachment illegal illegal construction newsupdate siliguri SILIGURI MUNICIPAL CORPORATION

सिलीगुड़ी में अवैध निर्माण पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर का हिस्सा तोड़ा !

https://khabarsamay.com/municipal-corporation-takes-major-action-against-illegal-construction-in-siliguri-demolishes-part-of-ground-floor-of-apartment/

सिलीगुड़ी: पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई की है। गुरुवार को शहर के वार्ड नंबर 40 स्थित पोनामी मंदिर रोड इलाके में एक अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर पर बने कथित अवैध निर्माण को नगर निगम की टीम ने ध्वस्त कर दिया।

नगर निगम के अनुसार, संबंधित निर्माण स्वीकृत नक्शे से बाहर किया गया था। इसी वजह से नियमों के तहत अवैध हिस्से को हटाने का फैसला लिया गया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। नगर निगम के अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों से सिलीगुड़ी नगर निगम शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है। अवैध बहुमंजिला इमारतों के अलावा सड़क और नालों पर किए गए अतिक्रमण, अवैध दुकानों, बाजारों और अन्य अनधिकृत कब्जों को हटाने की कार्रवाई भी लगातार की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि शहर को सुव्यवस्थित और नियमानुसार विकसित करने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

वहीं, कार्रवाई के बाद मकान मालिक ने नगर निगम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू कर दी गई। उन्होंने दावा किया कि इलाके में अन्य कई कथित अवैध निर्माण भी मौजूद हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। मकान मालिक का आरोप है कि प्रशासन ने चुनिंदा तरीके से केवल उनके भवन को निशाना बनाया है।

फिलहाल नगर निगम और मकान मालिक के दावों के बीच यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। मामले में आगे प्रशासनिक और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *