August 8, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स good news khabar samay newsupdate siliguri

पूजा तक सिलीगुड़ी नए LOOK में नजर आएगा!

Siliguri will be seen in a new look till Puja!

वर्तमान में सिलीगुड़ी में जैसे सब कुछ ठहर गया है. सड़कों की हालत खस्ता है. सड़क पर लाइट नहीं है. जल निकासी व्यवस्था नहीं होने से सड़कों पर जल जमाव देखा जाता है. कॉलोनी से लेकर बस्ती तक सब जगह समस्याएं ही समस्याएं हैं. सिलीगुड़ी नगर निगम का बोर्ड भंग हो चुका है. इसलिए इलाके के पूर्व पार्षद सब कुछ देखते हुए भी कुछ नहीं कर पा रहे हैं. इसी तरह से ट्रैफिक के मामले में भी सिलीगुड़ी में आए दिन जाम प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है. सड़कों पर टोटो अनियंत्रित गति से बढ़ रहे हैं.

सिलीगुड़ी के अधिकांश पब और बारों में रात गहराने के साथ क्या होता है, यह किसी से छुपा नहीं है.कई बार सामाजिक संगठनों ने सिलीगुड़ी के कई पब और बारों के खिलाफ अभियान भी चलाया. धरना और प्रदर्शन भी किए, क्योंकि आरोप लगते रहे हैं कि इन पब और बारों में असामाजिक गतिविधियां चलती हैं और अपराध की दर बढ़ रही है. पिछले दिनों सेवक रोड के एक बार में एक बार बाला ने उत्पीड़न से परेशान होकर खुदकुशी कर ली थी.

इस तरह की कई समस्याएं हैं. यहां कुछ दिनों से अपराध के दायरे भी बढे हैं. अब तो चोर बदमाश सीसीटीवी की भी परवाह नहीं करते. इन सब कारणों से सिलीगुड़ी का स्वरूप फीका नजर आ रहा है. लेकिन अब जिस तरह से खबरें आ रही है ,अगर उस पर यकीन किया जाए तो पूजा तक सिलीगुड़ी का लुक खिल उठेगा. सिलीगुड़ी की छवि से लेकर कई तरह के बदलाव आपको देखने को मिल सकते हैं.

पूजा को ध्यान में रखते हुए सिलीगुड़ी का कायाकल्प करने के लिए सिलीगुड़ी नगर निगम, उत्तर बंग विकास विभाग तथा सिलीगुड़ी जलपाईगुड़ी विकास प्राधिकरण की ओर से अलग-अलग राशि जारी की गई है. सिलीगुड़ी नगर निगम 5 करोड रुपए देगा. जबकि उत्तर बंग विकास विभाग 60 करोड रुपए और SJDA की ओर से 100 करोड रुपए इन सभी विकास परियोजनाओं के लिए दिए जाएंगे. यह काम पूजा से पहले शेष करना है और इसके लिए कार्य योजना सतह पर चलाई जा रही है. यह बात सिलीगुड़ी के विधायक और पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने बताई है.

सिलीगुड़ी नगर निगम के अंतर्गत टीएमसी के शासनकाल में अधूरी रह गई परियोजनाओं को पूरा करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है. इनमें सड़क निर्माण, बिजली बत्ती, जल निकासी व्यवस्था, कॉलोनी, झुग्गी बस्तियों का विकास इत्यादि शामिल है. शंकर घोष के बयान पर यकीन करें तो आने वाले समय में सिलीगुड़ी में चल रहे टोटो चालकों को एक नई गाइडलाइंस के अनुसार चलना होगा. एक व्यक्ति के नाम पर एक टोटो होगा. टोटो पर नियंत्रण के लिए इस तरह की कार्य योजना बनाई गई है.

पूजा से पहले आप यह भी देखेंगे कि सिलीगुड़ी शहर में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति में बदलाव होगा. पुलिस व्यवस्था सख्त की जाएगी ताकि चोर और अपराधी पर पुलिस नियंत्रण कर सके. इसके अलावा सिलीगुड़ी के विभिन्न पबों और बारों पर निगरानी के लिए भी सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस की ओर से एक विशेष निगरानी व्यवस्था की जा रही है.

शंकर घोष की माने तो दुर्गा पूजा से पहले सिलीगुड़ी एक नए रंग रूप में नजर आएगा. यह बदलाव कानून एवं व्यवस्था से लेकर भौतिक, बुनियादी और सामाजिक स्तर पर भी होगा. हालांकि यह उनका दावा है. परंतु जमीनी सच्चाई कुछ और है .एक बात तो सत्य है कि चाहे जितना भी बदलाव हो जाए लेकिन संपूर्ण बदलाव एक दिन में नहीं हो पाएगा. शंकर घोष भी मानते हैं कि यह काम चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा. जो भी हो इतना तो तय है कि पूजा से पहले सिलीगुड़ी का लुक बदल जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *