September 4, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

नेपाल के ‘नूडल्स किंग’ कहे जाने वाले अरबपति व्यापारी की ‘वाई वाई’ को भारत में लगा जोर का झटका!

एक कहावत है कि सर मुड़ाते ही ओले पड़े. नेपाल के भारतीय व्यापारी विनोद चौधरी ने सोचा तक नहीं था कि नेपाल की त्रासदी के बीच भारत में उनकी कंपनी पर भी शामत आने वाली है. देशभर में नूडल्स और नमकीन भुजिया के लिए विख्यात उनकी कंपनी ‘वाई वाई’ इन दिनों संकट में है. इस कंपनी के उत्पाद नमकीन अजमेरी भुजिया, नूडल्स, वाई वाई मामा, वाई वाई मामा पुंटे, वाई वाई रेडी टू इट आदि जैसे उत्पाद खाद्य गुणवत्ता व साफ सफाई के मामले में सवालों के घेरे में आ गए हैं.

पश्चिम बंगाल में 1से 8 सितंबर तक खाद्य सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है. इसका असर देश के दूसरे राज्यों पर भी पड़ा है. पश्चिम बंगाल में होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे तथा मिठाई की दुकानों पर अधिकारियों की कार्रवाई में मनुष्य के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने के सभी हानिकारक तत्व पाए गए. सड़े हुए मांस, झींगा, हानिकारक रंग, मिलावटी और एक्सपायरी वस्तुएं, फंगस आदि हानिकारक खाद्य तत्व बरामद हुए हैं, जिनकी चर्चा देशभर में हो रही है. अब सिलीगुड़ी और पूरे देश में लोकप्रिय व्यंजन अजमेर की नमकीन भुजिया को लेकर भी बुरी खबर आ रही है.

अगर आप अजमेर की नमकीन भुजिया, नूडल्स आदि के शौकीन हैं तो इस रिपोर्ट के बाद शायद ही आप इसका सेवन करें. राजस्थान का नमकीन भुजिया पूरे देश में विख्यात है. बंगाल में चल रहे खाद्य सुरक्षा सप्ताह की सफलता से उत्साहित फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया ‘फसाई’ ने अजमेर की एक नमकीन फैक्ट्री में कार्रवाई की तो फैक्ट्री में भुजिया निर्माण की प्रक्रिया में काफी कमियां व अव्यवस्था पाई गई.

फसाई की यह कार्रवाई अजमेर के रूपनगढ इलाके में सीजी Foods इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का दौरा करने के बाद हुई. इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के अनुसार सीजी फूड्स इंडिया फैक्ट्री सीजी कॉरपोरेशन ग्लोबल का हिस्सा है. इसके मलिक नेपाल के अरबपति विनोद चौधरी हैं. विनोद चौधरी को भारत में नूडल्स किंग भी कहा जाता है. उनकी कंपनी का नूडल्स सिलीगुड़ी समेत पूरे देश में विख्यात है. पर अब इस पर भी सवालिया निशान लग गया है. सूत्र बता रहे हैं कि फसाई के अधिकारियों की कार्रवाई आगे भी चलती रहेगी.

एक लोकप्रिय दैनिक जागरण समाचार पत्र और अन्य मीडिया खबरों की रिपोर्ट में कहा गया है कि फसाई के अधिकारियों ने औचक निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में गंदगी और असुरक्षित वातावरण पाया. फैक्ट्री में फर्श से एकत्र किए गए टूटे नूडल्स को बिना ट्रीटमेंट के ही दोबारा process करके भुजिया बनाया जा रहा था. निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों को बिना लाइसेंस वाले भुजिया वेरिएंट्स मिले. इनमें ‘वाई वाई मामा’ और ‘वाई वाई मामा पुंटे’ जैसे उत्पाद शामिल थे.

फैक्ट्री में औचक निरीक्षण के बाद फसाई के अधिकारियों ने 32107.02 किलोग्राम भुजिया के स्टॉक जब्त कर लिए. इसमें खुले टूटे नूडल्स के अलावा कई वस्तुएं शामिल थीं. उन सभी सैंपलों तथा जब्त किए गए खाद्य पदार्थो को जांच के लिए लैब में भेज दिया गया है. फैक्ट्री से जब्त की गई वस्तुओं में खुले नूडल्स, वेज भुजिया उत्पाद, फ्राइंग लाइन का कुकिंग ऑयल, ‘वाई वाई रेडी टू इट’ नूडल्स आदि शामिल हैं. अधिकारियों ने अपनी जांच में फैक्ट्री में साफ सफाई, उचित दस्तावेज, रिकॉर्ड आदि में भी कमियां पाई है. इसके अलावा एक्सपायर हो चुके उत्पादों के लगभग 2000 बॉक्स भी जब्त किए हैं. कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

यह नेपाल के एक जाने-माने अरबपति व्यक्ति विनोद चौधरी की कंपनी है. यह कंपनी भुजिया तथा दूसरे खाद्य पदार्थ बनाती है और भारत के सभी राज्यों और शहरों में आपूर्ति करती है. इस कंपनी की भुजिया सिलीगुड़ी में भी आती है. कंपनी का नाम ‘वाई वाई’ है. फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया यानी फसाई ने यह कार्रवाई की है. निरीक्षण कार्रवाई के बाद अधिकारियों ने कंपनी को आदेश दिया है कि अगले आदेश तक कई संदिग्ध उत्पादों का उत्पादन बंद करें.

सिलीगुड़ी समेत पूरे बंगाल में खाद्य विभाग के अधिकारियों की कार्रवाई चल ही रही है. अब देश में भी फसाई के अधिकारियों ने जनता के स्वास्थ्य की चिंता करते हुए बड़ी-बड़ी कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है. बंगाल के कई रेस्टोरेंट, दुकानों और होटल में पिज़्ज़ा हट, डोमिनोज जैसे लोकप्रिय ब्रांड के उत्पादकों को भी इन दिनों परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. अब देखना होगा कि फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया के अधिकारियों का अगला कदम क्या होता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *