May 4, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

रुझानों में असम और बंगाल में भाजपा को बहुमत!

पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव की मतगणना में भाजपा को अच्छी सफलता मिल रही है. असम में पार्टी को आरंभिक रुझानों में बहुमत मिल चुका है, तो दूसरी तरफ बंगाल में भी बीजेपी सत्ता के करीब है. हालांकि यहां टीएमसी से लगातार कड़ी टक्कर मिल रही है. बंगाल में आरंभिक रुझानों को देखकर यह कहा जा सकता है कि सत्ता की चाबी किसके पास होगी. यह कहना मुश्किल है.

दोनों ही पार्टियां कुछ सीटों के अंतर से आगे पीछे चल रही हैं. मतगणना के रुझानों में केरल में यूडीएफ बहुमत के करीब है जबकि तमिलनाडु में डीएमके लगातार अपनी बढ़त बनाए हुए है. केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में एनडीए की लगातार बढ़त है. बंगाल में विधानसभा की कुल 294 सीटों में 293 सीटों की मतगणना चल रही है.

एक सीट पर चुनाव नहीं हुआ. यहां दो चरणों में चुनाव हुए थे. पहले चरण में 152 सीटों के लिए 23 अप्रैल को मतदान हुआ था. जबकि दूसरे चरण में 142 सीटों पर 29 अप्रैल को वोट डाले गए थे. मतगणना के आरंभ में शुरूआती रुझान भाजपा के पक्ष में थे. आरंभिक रुझानों में टीएमसी के कई मंत्री लगातार पिछड़ते जा रहे हैं. भाजपा की अग्निमित्रा पाल आसनसोल दक्षिण से लगभग 9000 वोटो से आगे चल रही है. नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों ही सीटों से सुवेंदु अधिकारी आगे चल रहे हैं.

भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी पीछे चल रही है. सोनारपुर दक्षिण सीट पर भाजपा की रूपा गांगुली बढत बनाए हुए है. कोलकाता पोर्ट सीट पर भी बीजेपी को बढत मिली है. आरंभिक रुझानों में टीएमसी के फिरहद हकीम को झटका लगा है. बंगाल में अब तक के चुनावी रुझान में भारतीय जनता पार्टी 150 सीटों पर जबकि टीएमसी 130 सीटों पर आगे चल रही थी. बंगाल में भाजपा की संभावित सरकार को देखते हुए शेयर मार्केट भी बाग बाग हो रहा है. शेयर मार्केट में सेंसेक्स 800 अंक उछला है.

इस चुनाव में पूरे देश की निगाह बंगाल परिणाम पर टिकी हुई है. भारतीय जनता पार्टी बहुमत के करीब पहुंच चुकी है. भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है. पार्टी ऑफिस से लेकर सड़कों पर भाजपा कार्यकर्ता जश्न के मूड में आ गए हैं. पूड़ी पकवान और व्यंजन बनाए जा रहे हैं. लड्डू भी बन रहे हैं. लगभग 1 घंटे के बाद जब स्थिति स्पष्ट हो जाएगी, तब भाजपा की ओर से रंग गुलाल और जश्न शुरू होगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *