सिलीगुड़ी के डाबग्राम इलाके में स्थित मध्य शांति नगर में उस समय सुबह की उजास फूटी ही थी. सड़क पर इक्के-दुक्के लोग नजर आ रहे थे. एक प्राइवेट स्कूल में पढाने वाली स्कूल टीचर शिवली दत्ता रोजाना की तरह सुबह ही उठ गई थी. स्कूल के लिए उन्हें देर हो रही थी.
उस समय वह नहा धोकर पूजा करने की तैयारी कर रही थी. तभी उन्हें याद आया कि पूजा करने के लिए फूल तो लाई ही नहीं है. वह तत्काल ही घर से निकली. इस बीच उनके मोबाइल पर एक दो कॉल आ चुके थे. इसलिए वह जल्दी में थी. जैसे ही वह अपने कमरे से निकल कर सड़क पर आई, तब उन्हें पता नहीं था कि कोई उनका पीछा कर रहा था. आहट होते ही शिवली दत्ता पलटी. उनके मुंह से निकला, तुम…!
लेकिन उनके शब्द पूरे हो पाते, इससे पहले ही एक व्यक्ति ने जेब से चाकू निकाला और उनके गले पर रख दिया. चाकू देखते ही शिवली दत्ता के होश उड़ गए. फिर उन्होंने अपने बचे खुचे साहस को संजोया और तेजी से चीखना चिल्लाना शुरू कर दिया. लेकिन उनकी चीख पुकार सुनकर जब तक लोग अपने-अपने घर से निकलकर वहां आते, हमलावर ने पहले पीड़िता के बाल काटे और उसके बाद उन्हें नीचे गिरा दिया.
कुछ पल के लिए वहां एक अजीब सा नजारा दिख रहा था. फर्श पर जहां तहां बाल बिखरे थे. पड़ोसियों के वहां जमा होने से शिवली दत्ता की जान में जान आई. इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, हमलावर ने अपनी जेब से कोई पदार्थ निकाला और उसे निगल लिया. इसके बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी.
यह सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि किसी को कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला. निजी स्कूल में पढ़़ाने वाली शिक्षिका यहां पेइंग गेस्ट के तौर पर रह रही थी. इसलिए यहां वह ज्यादातर लोगों को जानती तक नहीं थी. वह अपने घर से निकलती भी कम थी. पड़ोसी समझ नहीं पा रहे थे कि आखिर यह पूरा माजरा क्या है. उन पर किसी ने जानलेवा हमला क्यों किया? हमलावर से उनका क्या संबंध था?
देखते ही देखते हमलावर युवक ने उसी चाकू से खुद पर भी हमला कर डाला और अपनी जान देने की कोशिश की, जिस चाकू से कुछ समय पहले उसने शिक्षिका शिवली दत्त पर हमला किया था. मामला गंभीर था. युवक अचेत पड़ा था. उसके शरीर से खून निकल रहा था. पड़ोसियों ने इस घटना की सूचना आशीधर पुलिस चौकी को दी. तुरंत ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की छानबीन में जुट गई.
सर्वप्रथम पुलिस ने बुरी तरह घायल हमलावर युवक और जख्मी शिवली दत्ता को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया और घटना की छानबीन शुरू कर दी. आखिर यह घटना कैसे घटी? महिला शिक्षिका पर हमला करने वाला कौन था? वह महिला शिक्षिका से क्या चाहता था? आखिर उसने महिला शिक्षिका पर हमला क्यों किया?
पुलिस ने इसकी छानबीन शुरू कर दी. पड़ोसियों तथा प्रत्यक्ष दर्शियों के बयान लिए. पुलिस ने उस चाकू को भी बरामद कर लिया है, जिससे आरोपी ने खुद पर और शिक्षिका पर हमला किया था. पुलिस की प्रारंभिक तफ्तीश में हालांकि हमलावर तथा शिक्षिका के बीच किसी संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है. परंतु चर्चा है कि यह प्रेम प्रसंग का मामला हो सकता है. अब तक जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार हमलावर व्यक्ति का नाम सजल दास है. उसकी उम्र लगभग 45 साल बताई जा रही है.
सजल दास डाबग्राम इलाके में रहता है. जबकि महिला शिक्षिका शिवली दत्ता मध्य शांति नगर में किराए के मकान में रहती है. पुलिस घायल शिक्षिका तथा हमलावर से बयान लेने के लिए उनके स्वस्थ होने की प्रतीक्षा कर रही है. पुलिस ने आरोपी के द्वारा निगले गए जहरीले पदार्थ की पुष्टि करने के लिए सैंपल भी एकत्र कर लिया है. इसकी जांच कराई जाएगी, ताकि पता चले कि आखिर व्यक्ति ने कौन सा जहरीला पदार्थ खाया था.
पुलिस हमलावर से यह भी जानकारी जुटाना चाहती है कि आखिर उसने महिला शिक्षिका और खुद पर जानलेवा हमला क्यों किया क्या? क्या दोनों के बीच प्रेम प्रसंग का मामला था? या यह एक तरफा प्रेम था? या कुछ और फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है. अब तक इस बारे में कोई नई जानकारी सामने नहीं आई है. परंतु सिलीगुड़ी में काफी समय बाद दिनदहाड़े इस तरह की घटना ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है.
