सिलीगुड़ी: झोलाछाप डॉक्टरों का आतंक समय के साथ बढ़ता जा रहा है और आम जनता इन फर्जी डॉक्टरों के झासें में भी आ जाते हैं, क्योंकि यह इतने बनावटी होते हैं कि, शिक्षित से शिक्षित व्यक्ति में उनके फर्जी बातों में फंस जाते हैं और आए दिन इन झोलाछाप डॉक्टरों का पर्दाफाश भी होता है |
एक झोलाछाप यानी फर्जी डॉक्टर कई दिनों से सालबाड़ी के पाथरघट्टा रोड इलाके में एक डेंटल क्लीनिक चला रहा था और इस फर्जी डेंटल क्लिनिक का आखिरकार भंडाफोड़ हो गया |
जानकारी अनुसार विश्वास प्रधान की 11 वर्षीय बच्ची के दांतों में दर्द होने के कारण वे बच्ची को लेकर इसी क्लीनिक में पहुंचे और इस डेंटल क्लिनिक में चिकित्सा व्यवस्था चला रहे डॉक्टर पी सिंह ने बच्ची के दांतो की जाँच की और कहा कि, दांत हिल रहे है जिसके कारण दर्द हो रहा है उस दांत को निकालना होगा | पिता होने के नाते विश्वास प्रधान अपनी 11 वर्षीय बेटी की पीड़ा को देख नहीं पा रहे थे, उन्होंने भी डॉक्टर की हां में हां मिलाते हुए दांत निकालने की मंजूरी दे दी, लेकिन उन्हें यह पता नहीं था कि, उनकी यही मंजूरी उनकी बेटी के दर्द को और बढ़ा देगी |
डॉक्टर पी सिंह ने बच्ची के दांत को निकाल दिया, लेकिन दांत निकालने के बाद बच्ची की हालत और बिगड़ने लगी | विश्वास प्रधान ने ध्यान से देखा तो चिकित्सक ने बच्ची के गलत दांत को निकाल दिया था और बच्ची लहूलुहान हो गई थी | विश्वास प्रधान ने इस मामले को लेकर डॉक्टर से बातचीत की, तो उन्हें पता लगा कि, डॉक्टर पी सिंह नशे की हालत में धुत थे |
विश्वास प्रधान अपनी 11 वर्षीय बच्ची की यह हालत देखकर आक्रोशित हो गए और चीखने- चिल्लाने लगे, उनकी आवाज को सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे | जब लोगों ने डॉक्टर पी सिंह से क्लीनिक और उनके चिकित्सक होने के दस्तावेज दिखाने को कहा, तो वे असफल रहे | इस मामले को लेकर पुलिस को जानकारी दी गई | शिकायत मिलते ही माटीगाड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत करते हुए दंत चिकित्सक पी सिंह को गिरफ्तार कर लिया | आज आरोपी डॉक्टर को सिलीगुड़ी कोर्ट में पेश किया गया | वहीं इस घटना के बाद उस क्षेत्र में हड़कंप मच गया, लोगों ने शहर में बढ़ रहे झोलाछाप डॉक्टरों की संख्या को और उनके उपचार को लेकर चिंता व्यक्त की है | वहीं पुलिस मामले की छानबीन कर रही है |
(अस्वीकरण : सभी फ़ोटो सिर्फ खबर में दिए जा रहे तथ्यों को सांकेतिक रूप से दर्शाने के लिए दिए गए है । इन फोटोज का इस खबर से कोई संबंध नहीं है। सभी फोटोज इंटरनेट से लिये गए है।)