सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी महकमा अंतर्गत खोरीबाड़ी स्थित पानीटंकी इलाके से एक बांग्लादेशी युवक को गिरफ्तार किया गया। एसएसबी ने सीमा पर गश्त के दौरान युवक से पूछताछ के बाद उसे हिरासत में लिया। गिरफ्तार व्यक्ति के पास से बांग्लादेशी प्रमाण पत्र, पासपोर्ट और पहचान पत्र के साथ भारतीय वोटर और आधार कार्ड बरामद किए गए। गिरफ्तार व्यक्ति रंजीत बर्मन बांग्लादेश के रंगपुर डिवीजन का निवासी बताया जाता है। एसएसबी ने कल सीमा पर गिरफ्तार व्यक्ति के पास से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए। जानकारी अनुसार गिरफ्तार व्यक्ति 2021 में भारतीय वीजा प्राप्त करने के बाद सीमा के रास्ते इस देश में आया और बांग्लादेश लौट गया और फिर अवैध तरीकों से भारत वापस आ गया। यहां उसने आधार कार्ड और बाद में वोटर कार्ड बनवाया। बाद में वह खोरीबाड़ी के पानीटंकी में अपने पारिवारिक रिश्तेदारों के साथ रहने लगा। गिरफ्तार व्यक्ति को खोरीबाड़ी पुलिस को सौंपने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार व्यक्ति को आज सिलीगुड़ी महकमा कोर्ट में में पेश किया |
(अस्वीकरण : सभी फ़ोटो सिर्फ खबर में दिए जा रहे तथ्यों को सांकेतिक रूप से दर्शाने के लिए दिए गए है । इन फोटोज का इस खबर से कोई संबंध नहीं है। सभी फोटोज इंटरनेट से लिये गए है।)