माटीगाड़ा पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। उत्तरायण टाउनशिप में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार शख्स का नाम संजीत साहनी बताया गया है, जो माटीगाड़ा के राणा नगर इलाके का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, यह चोरी 3 से 5 अक्टूबर के बीच हुई थी। घर के लोग उस समय बाहर थे, और घर बंद था। इसी मौके का फायदा उठाकर आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर घर में घुसकर सोने की अंगूठी, लॉकेट, चांदी का सिक्का और एक मोबाइल फोन चुरा लिया।
जब घर के मालिक 6 अक्टूबर को लौटे, तो उन्होंने देखा कि अलमीरा खुली हुई है और सामान बिखरा पड़ा है। शक होते ही उन्होंने माटीगाड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तेजी दिखाई और सादे वेश में छापेमारी कर संजीत साहनी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके घर से चोरी किए गए सभी सामान भी बरामद कर लिए हैं। पूछताछ में संजीत ने कबूल किया कि इस वारदात में उसका एक साथी प्रदीप बर्मन भी शामिल था। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कई धाराओं में मामला दर्ज कर उसे आज सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया।