अगर पुलिस और कानून चाहे तो न केवल अपराधी पकड़ा जाता है, बल्कि उसे किए की सजा भी मिलती है. पुलिस को कुछ समय के लिए गुमराह किया जा सकता है. कई बार पुलिस चुपचाप काम करती है और परिणाम उसके पक्ष में होता है. पानीटंकी आउटपोस्ट के नजदीक हुई दुर्घटना में फरार आरोपी की तलाश के लिए सिलीगुड़ी ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर अपराधी को ढूंढ निकालने के अभियान चलाया.
पुलिस ने एक शोरूम के गैराज से मरम्मती के लिए लाए गए चार पहिया वाहन को ढूंढ निकाला. इस गाड़ी की मालिक कोई महिला थी. पूछताछ के क्रम में सिलीगुड़ी पुलिस ने पता लगा लिया कि यह वही गाड़ी थी, जो घटना की रात देखी गई थी. जिसने पिछले दिनों पानी टंकी आउटपोस्ट के करीब एक स्थान पर सड़क के किनारे चल रहे एक युवक और युवती को रौंद दिया था. इस घटना में युवक की मृत्यु हो गई थी. जबकि युवती अभी भी गंभीर अवस्था में चिकित्सारत है.
पकड़ा गया व्यक्ति एक बड़े बाप का बेटा है. वह घटना की रात तेज स्पीड में गाड़ी चला रहा था. उससे यह दुर्घटना कैसे हुई, क्या उसने शराब पी रखी थी? या फिर गाड़ी से उसका नियंत्रण हट गया था? एक्सीडेंट के बाद वह कहां-कहां गया और फिर घर कब लौटा? वह भूमिगत क्यों हो गया था? इत्यादि बहुत सी बातों की पुलिस पूछताछ और छानबीन कर रही है.
युवक जिसका नाम देवांशु पाल चौधरी है, उसने स्वीकार कर लिया है कि वही गाड़ी चला रहा था. देवांशु पाल चौधरी पानी टंकी, सेवक रोड के एक पेट्रोल पंप के मालिक का बेटा है. वह घटना को अंजाम देने के बाद घर लौटा. वह बेहद घबराया हुआ था. उसने सुबह गाड़ी को गैराज में भेज दिया. पानी टंकी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सूत्र के सहारे फरार गाड़ी चालक को ढूंढ निकाला और उस गैराज का भी पता लगा लिया, जहां खूनी गाड़ी को रखा गया था.
पुलिस की पूछताछ में देवांशु पाल चौधरी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. उसने स्वीकार किया है कि घटना की रात वही गाड़ी चला रहा था और उसकी गाड़ी से ही दुर्घटना हुई थी. फिलहाल देवाशीष पाल चौधरी पुलिस हिरासत में है. एक पत्रकार सम्मेलन में सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारी ने देवाशीष पाल चौधरी के बारे में बताया. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि देवाशीष पाल चौधरी से पूछताछ की जा रही है. उन्होंने बताया कि घटना की जांच चल रही है
आपको बता दें कि यह घटना पिछले दिनों 17-18 तारीख की रात्रि 12:30 बजे की है, जब नक्सलबाड़ी-पानी टंकी का रहने वाला शंकर छेत्री सिलीगुड़ी में घटना की रात एक बर्थडे पार्टी से अपनी महिला मित्र के साथ घर लौट रहा था. दोनों साथ-साथ सड़क किनारे चलते हुए घर लौट रहे थे. उसी समय पीछे से आ रही एक चार पहिए वाहन ने दोनों को कुचल दिया. इसमें घटनास्थल पर ही छेत्री की मौत हो गई थी.जबकि युवती गंभीर अवस्था में अपना इलाज करा रही है.
पुलिस ने माना है कि गाड़ी तेज स्पीड में थी. गाड़ी दोनों को रौंदते हुए काफी दूर तक ले गई थी और फिर गाड़ी चालक मौके से फरार हो गया था. बाद में पुलिस को घटना की जानकारी मिली तो मौके पर पहुंचकर पुलिस ने दोनों घायलों को उठाकर सिलीगुड़ी जिला अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया. युवती गंभीर हालत में चिकित्सारत है.
इस घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस ने ही मृतक के परिजनों को दी थी. मृतक नक्सलबाड़ी पानीटंकी का रहने वाला था और सिलीगुड़ी में प्रधान नगर में किराए के मकान में रहता था.वह कोई छोटा-मोटा काम करके अपने परिवार का पेट भरता था. परिजनों ने मांग की है कि प्रशासन उनके घर की स्थिति को देखते हुए सही इंसाफ करे और कानून के अनुसार गाड़ी चालक को सख्त सजा दिलाए.
