बंगाल का राजनीतिक तापमान बढ़ा हुआ है. चुनाव आयोग 14 या 15 मार्च को चुनाव की घोषणा कर सकता है. बंगाल में मौसम भी गरमाने लगा है. पिछले कुछ दिनों से गर्मी बढ़ती जा रही है. दिन के तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की बढ़ोतरी हुई है. लेकिन अचानक ही मौसम में बदलाव मौसम विभाग को भी चकरा रहा है.
सिलीगुड़ी में पिछले कुछ दिनों से मौसम में धूप छांव देखा जा रहा है. उससे पहले यहां एकदम से गर्मी बढ़ गई थी. गर्मी तो अभी भी है. लेकिन अचानक ही आसमान में बादल वर्षा का भी संकेत दे रहा है. ऊपर से भारतीय मौसम विभाग का पूर्वानुमान भी यही है कि सिलीगुड़ी और हिमालय वाले क्षेत्र में आंधी पानी आ सकता है.
मौसम में अचानक बदलाव तूफान को दस्तक देने वाला है. सिलीगुड़ी समेत बंगाल के कई हिस्सों में आंधी तूफान का खतरा बढ़ गया है. यह तूफान बंगाल के साथ-साथ बिहार और झारखंड को भी तहस नहस कर सकता है. मौसम विभाग ने बताया है कि पश्चिम बंगाल बिहार झारखंड समेत 14 राज्यों में तेज आंधी और बारिश हो सकती है
बंगाल, बिहार और झारखंड के कई इलाकों में 40 से लेकर 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. कई इलाकों में बिजली गिरने का भी खतरा बढ़ गया है. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि हिमालय वाले क्षेत्रों में खतरा अधिक है. यानी सिक्किम, दार्जिलिंग से लेकर समतल, सिलीगुड़ी तक तूफान दस्तक दे सकता है!
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मौसम में अचानक बदलाव पूर्वी भारत को भी काफी प्रभावित कर सकता है. इसके अलावा बंगाल से सटे राज्यों में 40 से लेकर 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है. कई इलाकों में बिजली गिरने और मेघ गर्जन की मौसम विभाग की ओर से चेतावनी दी गई है.
भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान में कहा गया है अगले 60 से लेकर 72 घंटे के दौरान पूरे भारत में एक सा मौसम नहीं रहेगा. कहीं भीषण गर्मी पड़ सकती है तो कहीं बादल और तो कहीं वर्षा. तेज आंधी का भी सामना लोगों को करना पड़ सकता है. पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है.इस वजह से हिमालय वाले राज्यों में बारिश और बर्फबारी भी हो सकती है.
अगर अगले 24 घंटे में दार्जिलिंग, सिक्किम, उत्तरांचल,अल्मोड़ा आदि क्षेत्रों में बर्फबारी हो तो कोई आश्चर्य की बात नहीं होगी. इस बर्फबारी का प्रभाव मैदानी क्षेत्रों में भी होगा और एक बार फिर से लोगों को ठंड का एहसास होगा. जहां गर्मी अधिक पड़ रही है, उन इलाकों में लोग राहत की सांस लेंगे.
हालांकि समतल क्षेत्र में गर्मी का जलवा बना रह सकता है. मौसम विभाग के सूत्रों ने बताया कि धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी. गर्म हवाओं के साथ-साथ उमस भी बढ़ेगी. जिन इलाकों में गर्मी ने दस्तक दे दी है, वहां आंधी व बारिश से लोगों को कुछ राहत मिल सकती है.
