March 26, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

सिलीगुड़ी का गुरूंगबस्ती कांड: 30 मार्च को सिलीगुड़ी बंद?

सिलीगुड़ी का गुरुंग बस्ती कांड अब पूरी तरह सियासी रूप ले चुका है. भारतीय जनता पार्टी, बजरंग दल, बंगीय हिंदू महामंच और सिलीगुड़ी का समाज पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सड़कों पर उतर चुका है. सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष पिछले कई दिनों से धरने पर हैं और उन्होंने संकल्प व्यक्त किया है कि जब तक इस कांड का आरोपी आमिर अली पकड़ा नहीं जाता है, वह अपना धरना प्रदर्शन जारी रखेंगे.

इस घटना के विरोध और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग में सोमवार को 24 घंटे का सिलीगुड़ी बंद बुलाया गया है. बंगीय हिंदू महामंच की ओर से सिलीगुड़ी के नागरिकों, प्रशासन और सभी वर्गों के लोगों से सिलीगुड़ी बंद का समर्थन करने की अपील की गई है. बंगीय हिंदू महामंच पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने तक अपना संघर्ष जारी रखने का पहले ही ऐलान कर चुका है.

गुरुंग बस्ती कांड का आरोपी अभी तक पकड़ा नहीं गया है. इस घटना के 48 घंटे होने वाले हैं. सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है. आरोपी के घर वालों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि पुलिस आरोपी के पाए जाने के सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दे सके. इसके अलावा पुलिस सीसीटीवी फुटेज और उन सभी संसाधनों का इस्तेमाल कर रही है ताकि आरोपी के बारे में सुराग लग सके. पर स्थिति यह है कि अभी तक पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है.

पुलिस और प्रशासन पर दबाव बढ़ाने के लिए बजरंग दल, बंगीय हिंदू महामंच और दूसरे हिंदू संगठनों के नेता प्रशासन को लगातार चेतावनी दे रहे हैं. हिंदू महामंच ने इस कांड के आरोपी की गिरफ्तारी तथा कांड के विरोध में 30 मार्च को सिलीगुड़ी में बंद का आह्वान किया है. उधर भारतीय जनता पार्टी के नेता और दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने जैसे सरकार, पुलिस और प्रशासन के खिलाफ कमर कस ली है.

आज राजू बिष्ट ने टीएमसी सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीव्र हमला करते हुए कहा कि यह सरकार एक समुदाय के अपराधियों का मनोबल बढ़ा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि सिलीगुड़ी के किसी भी थाने में अगर अपराधी अल्पसंख्यक समुदाय का है, तो उसके खिलाफ पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने से कतराती है. जहां तक मुझे जानकारी मिली है, इस कांड का आरोपी टीएमसी के नेताओं के साथ अच्छा संबंध रखता है यही कारण है कि पुलिस टीएमसी के नेताओं के दबाव में आरोपी को बचाना चाहती है.

राजू बिष्ट ने कहा कि सिलीगुड़ी की कानून एवं व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है.अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं. आज एक 16 साल की बेटी के साथ यह घटना घटी. कल आपके साथ भी यह घटना घट सकती है.आखिर हम कब तक बर्दाश्त करते रहेंगे? धर्म ग्रंथ में कहा गया है कि जब-जब धरती पर पाप बढ़ेगा, कोई ना कोई भगवान कृष्ण बनकर धरती का उद्धार करने जरूर पैदा लेगा. भारतीय जनता पार्टी के रूप में कृष्ण पैदा ले चुका है और अब ज्यादा दिन दूर नहीं है.

राजू बिष्ट आज पूरी तरह टीएमसी और पुलिस प्रशासन पर हमलावर नजर आ रहे थे. उन्होंने प्रदेश में अल्पसंख्यक तुष्टिकरण को लेकर ममता बनर्जी सरकार पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि ममता बनर्जी बंगाल को बांग्लादेश बनाना चाहती है. यही कारण है कि एक समुदाय विशेष को छूट दी जा रही है. लेकिन भारतीय जनता पार्टी अब बर्दाश्त करने वाली नहीं है.

राजू बिष्ट ने आरोप लगाया है कि 16 साल की बेटी ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि उसकी एक साजिश के तहत हत्या की गई है. उधर बंगीय हिंदू महामंच ने पुलिस और प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर 29 मार्च तक घटना का आरोपी गिरफ्तार नहीं किया जाता है तो 30 मार्च को सिलीगुड़ी में 24 घंटे का बंद बुलाया जाएगा. हिंदू महामंच की ओर से अपील की गई है कि उस दिन सभी सामाजिक संगठन, राजनीतिक दल, बिजनेसमेन, स्कूल और कॉलेज, वाहन चालक तथा सिलीगुड़ी के नागरिक इस घटना के खिलाफ आवाज़ उठाएं और बंद को सफल बनाने में सहयोग करें.

अब देखना होगा कि क्या हिंदू महामंच द्वारा सिलीगुड़ी बंद के आह्वान की तय की गई डेड लाइन से पहले पुलिस घटना के आरोपी को ढूंढ कर गिरफ्तार करती है या नहीं? फिलहाल यह मामला सुर्खियों में है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग में इस पर सियासी और धार्मिक संगठन एकजुट हो रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *