April 4, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

सिलीगुड़ी समेत उत्तर बंगाल में बारिश और तूफान!

सिलीगुड़ी समेत पूरे बंगाल में राजनीतिक तापमान बढ़ा हुआ है. चुनाव प्रचार और राजनीतिक दलों के नारे और रैलियों की गर्मी से उबल रहा सिलीगुड़ी शहर अचानक ही बारिश और तेज हवाओं की चपेट में आकर बढे हुए राजनीतिक तापमान को शांत कर गया.

पिछले दो दिनों से मौसम का भी तापमान सिलीगुड़ी में बढ़ा हुआ देखा जा रहा था. गर्मी और उमस थी. लेकिन आज दोपहर बाद अचानक ही मौसम का मिजाज बदल गया और बारिश शुरू हो गई. ठंडी हवाओं और बारिश के चलते तापमान में गिरावट देखी गई और मौसम खुशनुमा हो गया. अगले कुछ दिनों तक सिलीगुड़ी समेत उत्तर बंगाल में आप इसी तरह का मौसम देख सकेंगे.

कल से पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में गरज और चमक के साथ बारिश के पूरे आसार हैं. बिजली की तेज चमक और बादलों की गरज कई इलाकों में आफत भी बन सकती है. मौसम विभाग सूत्रों ने बताया कि पूरे बंगाल में तापमान में गिरावट देखी जा सकती है. हालांकि दक्षिण बंगाल में कुछ इलाकों में उमस भरी गर्मी बनी रह सकती है. इस समय पूरे बंगाल में चुनावी मौसम अत्यधिक गर्म है. विभिन्न दलों के उम्मीदवारों के द्वारा चुनाव प्रचार किया जा रहा है. बारिश और तूफान से राजनीतिक दलों का चुनाव प्रचार प्रभावित हो सकता है.

कुछ इसी तरह का तूफान आज उत्तर बंगाल में दस्तक दे रहा है, जो चुनावी तापमान को थोड़ा ठंडा कर सकता है. आज रात तक उत्तर बंगाल के कई क्षेत्रों में तूफानी हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही तेज बारिश की भी संभावना है. पिछले दो दिनों से मौसम ने गर्मी और उमस के साथ रफ्तार पकड़ी थी. लेकिन आज से मौसम में अचानक बदलाव और अगले कुछ दिनों तक इसी तरह का मौसम रहने की चेतावनी मौसम विभाग की ओर से दी गई है. रविवार से कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है.

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के सूत्रों ने बताया कि ऐसा शुष्क पश्चिमी हवाओं के प्रभाव के कारण हुआ है. बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी के कारण अगले सप्ताह मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रह सकता है. तापमान में भी गिरावट देखी जा सकती है. रविवार से इसमें धीरे-धीरे तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आप देख सकते हैं.मौसम में अचानक बदलाव सिलीगुड़ी ही नहीं बल्कि पहाड़ और समतल दोनों जगह प्रभावित कर सकता है.

मिली जानकारी के अनुसार आज से सिलीगुड़ी समेत उत्तर बंगाल के कई जिलों में बारिश और आंधी तूफान की चेतावनी मौसम विभाग की ओर से दी गई है. कई स्थानों पर तेज गरज के साथ बारिश और आंधी चलने की संभावना है.रात में भी यह मौसम डरा सकता है. दार्जिलिंग, कालिमपोंग और पहाड़ के कई इलाकों में अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश की संभावना है. मिली जानकारी के अनुसार जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिलों में 8 अप्रैल तक बारिश की तीव्रता बनी रह सकती है.

मौसम विभाग के सूत्रों ने बताया कि मालदा, उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर आदि जिलों में भी तेज हवाएं चलेंगी और बारिश होगी. कुछ इलाकों में तेज मेघ गर्जन के साथ बिजली भी गिरेगी. यहां का मौसम अगले 8 अप्रैल तक इसी तरह का बना रह सकता है. बीच-बीच में धूप भी हो सकती है. लेकिन मौसम कब बदल जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता है. ऐसे में लोगों को इसका ध्यान रखकर आगे की योजना बनानी चाहिए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *