April 4, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

ममता बनर्जी के हेलीकॉप्टर के सामने ड्रोन मंडराने से हड़कंप! क्या ममता बनर्जी को कोई खतरा है?

पिछले कई दिनों से ममता बनर्जी और हेलीकॉप्टर का साथ ठीक से नहीं चल रहा है. अब तक तीन अजीबो गरीब घटनाएं घट चुकी है. मुख्यमंत्री की हवाई यात्रा अक्सर विघ्नों का सामना कर रही है. कभी बारिश तो कभी हेलीकॉप्टर के इंजन में कोई और गड़बड़ी, और आज तो हद हो गई, जब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सभा समाप्त करके हेलीकॉप्टर में सवार होने के लिए हेलीपैड पर पहुंची.

उसी समय एकदम से उनके सामने मंडराता हुआ ड्रोन दिखाई दिया. इस ड्रोन को देखने के बाद ममता बनर्जी कुछ पल के लिए चकित रह गई. उनकी समझ में नहीं आया कि ऐसा क्यों हो रहा है. फिर उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सावधान रहने के निर्देश दिए. वास्तव में ममता बनर्जी को इसके पीछे कोई गहरी साजिश नजर आती है. उन्हें लगता है कि कोई ऐसी शक्ति है जो उनके मार्ग में बाधक बनी है.

पिछले कई दिनों से बंगाल की राजनीति में ममता बनर्जी बनाम अमित शाह का संग्राम चल रहा है. ममता बनर्जी अमित शाह पर खुलकर वार कर रही है. उधर अमित शाह कहते रहे हैं कि वह बंगाल में लगातार कई दिनों तक बने रहेंगे. आज ममता बनर्जी मालदा के मालतीपुर में एक जनसभा को संबोधित कर रही थी. इसी बीच वहां ड्रोन दिख जाने से हड़कंप मच गया.

आपको याद होगा कि कुछ समय पहले इसी तरह का ड्रोन अथवा ड्रोन जैसी आकृति मुर्शिदाबाद के लोगों ने भी देखी थी. जिसको लेकर सस्पेंस का बाजार गर्म रहा था. आज ड्रोन देखे जाने के बाद एक तरफ जहां ममता बनर्जी को अपनी सुरक्षा का खतरा नजर आ रहा है तो दूसरी तरफ कोई ना कोई साजिश भी उन्हें नजर आ रही है. यह घटना तब घटी जब मुख्यमंत्री जनसभा के बाद हेलीकॉप्टर में सवार होने हेलीपैड पर पहुंची थी. यह घटना मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रही है.

आज मुख्यमंत्री की मालदा में दो दो जनसभाएं थी. पहली जनसभा मानिकचक में थी दूसरी जनसभा मालतीपुर में. मालतीपुर में जनसभा में जनता को संबोधित करने के बाद ममता बनर्जी गाजोल के लिए रवाना हो रही थी. इसी समय यह घटना घट गई. इस घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं. फिलहाल यह पता नहीं चल सका है कि यह ड्रोन कहां से आया और यहां किस लिए भेजा गया था?

ड्रोन का हेलीपैड पर आने का उद्देश्य क्या था? क्या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है या फिर ड्रोन का रहस्य कुछ और है? इसकी जांच शुरू कर दी गई है. सबसे बड़ा आश्चर्य की बात तो यह है कि एक प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र में ड्रोन कैसे पहुंचा? वहां सुरक्षा इंतजाम पर भी प्रश्न चिन्ह उठ रहा है? हालांकि इस घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंंसियों ने अपना काम करना शुरू कर दिया है.

आपको बताते चलें कि मुख्यमंत्री के साथ इस तरह की अजीबोगरीब घटनाएं पिछले कई दिनों से हो रही है. 26 मार्च को खराब मौसम के कारण मुख्यमंत्री का विमान कोलकाता हवाई अड्डे पर नहीं उतर सका था. लगभग 70 मिनट तक उनका विमान कोलकाता महानगर के ऊपर चक्कर लगाता रहा. पायलट ने बेहाला फ्लाइंग क्लब में भी विमान को लैंडिंग करने की कोशिश की. लेकिन वह सफल नहीं हो सका. अंततः विमान को दमदम हवाई अड्डे पर उतारना पड़ा था.

इसी तरह से 1 अप्रैल को भी मुख्यमंत्री के साथ मुर्शिदाबाद जिले के बरनाया में आयोजित एक रैली के दौरान उनके हेलीकॉप्टर को खराब मौसम का सामना करना पड़ा था. मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर खराब मौसम के चलते सभा स्थल पर उतर नहीं सका था. विमान के पायलट ने दोनों ही बार विमान को सुरक्षित लैंड करने की कोशिश की. लेकिन वह सफल नहीं रहा. बाद में मुख्यमंत्री ने सड़क मार्ग से सभा स्थल तक का दौरा किया था. इस तरह की अजीबोगरीब घटना का मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ कनेक्शन क्या है और इसका क्या रहस्य है? इस घटना को हल्के से नहीं लिया जाना चाहिए और इसकी समय रहते जांच होनी चाहिए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *