April 9, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

क्या दीदी की विदाई होने वाली है? प्रधानमंत्री ने क्यों कही यह बात? बंगाल के लिए मोदी की 6 गारंटी क्या है?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बंगाल का लगातार दौरा कर रहे हैं. केरल, पुडुचेरी और असम में मतदान संपन्न होने के बाद प्रधानमंत्री का बंगाल दौरा और अधिक बढ़ने वाला है. रविवार को प्रधानमंत्री सिलीगुड़ी के कावाखाली मैदान में विराट जनसभा को संबोधित करने वाले हैं. बृहस्पतिवार को उन्होंने दक्षिण बंगाल में तीन बड़ी जनसभाओं को संबोधित किया और राज्य के लोगों को भरोसा दिया कि अगर 4 मई को उनकी सरकार राज्य में बनती है तो वह प्रदेश की जनता को 6 गारंटी देते हैं.

प्रधानमंत्री पहले भी बंगाल में चुनावी सभाओं को संबोधित कर चुके हैं. लेकिन आज उनकी 6 गारंटी राज्य और देश के मीडिया जगत में सुर्खियों में है. प्रधानमंत्री ने राज्य के लोगों को गारंटी दी है कि अगर उनकी सरकार राज्य में बनती है तो बंगाल में भय का नामोनिशान मिट जाएगा. उन्होंने कहा कि सरकारी सिस्टम को जवाब देह बनाया जाएगा. तीसरी गारंटी के रूप में उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार और अपराध की फाइलें खुलेंगी. प्रधानमंत्री की चौथी गारंटी भ्रष्टाचारियों को जेल भेजना और पांचवी गारंटी के रूप में उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनते ही टीएमसी के गुंडे नहीं बचेंगे. प्रधानमंत्री ने कहा कि मेरी छठी गारंटी है राज्य में सातवां वेतन आयोग लागू किया जाएगा.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हल्दिया, आसनसोल और सिवड़ी की जनसभाओं में राज्य सरकार और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर करारा हमला किया. उन्होंने हल्दिया की जनसभा में कहा कि ममता बनर्जी की बंगाल की सत्ता से विदाई तय है. उन्होंने यहां तक कहा कि ममता बनर्जी अपनी भवानीपुर की विधानसभा सीट भी हारेंगी. उन्होंने जोर देकर कहा कि जिस तरह से सुवेंदु अधिकारी ने उन्हें नंदीग्राम में हराया था, ठीक उसी तरह से भवानीपुर में भी वह ममता बनर्जी को हराएंगे. हल्दिया में खराब मौसम के कारण प्रधानमंत्री की जनसभा थोड़ी देरी से शुरू हुई. प्रधानमंत्री को सुनने के लिए लोगों की काफी भीड़ थी.

प्रधानमंत्री ने राज्य सरकार पर कई तरह के आरोप लगाए और कहा कि टीएमसी वोट बैंक को खुश करने के लिए धर्म के आधार पर आरक्षण देने की नीति में लगी हुई है. उन्होंने कहा कि पूरा बंगाल परिवर्तन की राह देख रहा है.नंदीग्राम ने 5 साल पहले बदलाव की राह दिखाई थी और पूरा पश्चिम बंगाल इस परिवर्तन के रास्ते पर चल पड़ा है. अगर बंगाल को विकसित करना है तो निर्मम सरकार की विदाई करनी होगी. प्रधानमंत्री ने कहा कि टीएमसी सरकार ने बंगाल के युवाओं को ठगा है. बंगाल के युवा नौकरी और रोजगार के अभाव में पलायन कर रहे हैं. सरकार घुसपैठियों को संरक्षण दे रही है. सरकारी पदों की नीलामी की जाती है. टीएमसी राज्य में आतंक पैदा कर रही है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीरभूम की जनसभा में घुसपैठयों पर सख्त कार्रवाई का ऐलान कर दिया. उन्होंने कहा कि यह घुसपैठिए स्थानीय लोगों के रोजगार छीन रहे हैं. उन्होंने कहा कि बंगाल में बीजेपी की सरकार बनने पर उनके आकाओं को जेल भेजा जाएगा. उन्होंने टीएमसी पर आदिवासी राष्ट्रपति का अपमान करने का आरोप लगाया और कहा कि यह आदिवासियों एवं महिलाओं का अपमान है. प्रधानमंत्री ने मालदा की घटना का जिक्र किया और कहा कि इस भय से बंगाल के लोगों को मुक्ति दिलाना जरूरी है. मां माटी और मानुष में से मां की स्थिति और भी खराब है.

प्रधानमंत्री ने अपनी जनसभा में टीएमसी सरकार के सिंडिकेट राज और कटमनी का आरोप लगाते हुए कहा कि इसके कारण बंगाल का विकास नहीं हो रहा है. उन्होंने कहा कि यहां बिना कटमनी या कमिशन के विकास का कोई काम नहीं होता है. उन्होंने कहा कि बंगाल में बीजेपी की लहर है और भवानीपुर में नंदीग्राम जैसा हाल होने वाला है. उन्होंने जोर देकर कहा कि निर्मम सरकार जाने वाली है. भाजपा की सरकार आने वाली है. पूरे प्रदेश में भाजपा की आंधी चल रही है.

प्रधानमंत्री ने आसनसोल की चुनाव सभा को संबोधित करते हुए राज्य के लोगों के लिए 6 गारंटी की बात कही और लोगों को यकीन दिलाया कि भाजपा सरकार बनने पर यहां कानून का राज स्थापित होगा. भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी पर लगाम लगेगी. इस तरह से प्रधानमंत्री के भाषण में घुसपैठ, भू माफिया, डेमोग्राफी, तुष्टिकरण, हिंसा, अराजकता आदि मुद्दे थे, जिन पर प्रधानमंत्री ने जोरदार हमला किया. आखिर में उन्होंने कहा कि आपका वोट बंगाल के विकास, सुरक्षा और भविष्य के लिए होगा. उन्होंने कहा कि सबका साथ सबका विकास हमारी पार्टी का सिद्धांत है. मैं बंगाल के लोगों के लिए यह गारंटी देता हूं. सबका साथ सबका विकास होगा. लेकिन उन लोगों के लिए मेरा नारा होगा, जिन्होंने बंगाल को लूटा है, लुटेरों का होगा हिसाब और विनाश.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *