पिछले दो दिनों से सिलीगुड़ी और उत्तर बंगाल में परिवहन सेवा लगभग ठप है. जिन विधानसभा क्षेत्रों में कल पहले चरण का चुनाव होना है, वहां चुनाव आयोग के निर्देश पर कई तरह की पाबंदियां लगाई गई है. उनमें सीमित परिवहन पाबंदी भी शामिल है.
इसका असर सिलीगुड़ी में देखा जा रहा है. सिलीगुड़ी से जलपाईगुड़ी, कूचबिहार, मालदा, इस्लामपुर आदि जाने वाले यात्री बसों की किल्लत से परेशान है, तो उधर सिलीगुड़ी से दार्जिलिंग आदि क्षेत्रों में भी लोग नहीं जा पा रहे हैं.
यात्रियों की परेशानी, गुस्सा और आक्रोश सिलीगुड़ी जंक्शन, पीसी मित्तल बस स्टैंड सेवक रोड, एनजेपी और सभी इलाकों में देखा जा रहा है. बहुत से ऐसे लोग जो उत्तर बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों से सिलीगुड़ी आकर रोजी-रोटी कमाते हैं, कल चुनाव में मतदान करने के लिए वे अपने गांव या शहर लौटना चाहते हैं. लेकिन परिवहन सेवा सुलभ नहीं है.
23 अप्रैल को मतदान है. चुनाव के दिन आमतौर पर छुट्टी रहती है. ताकि लोग मतदान कर सकें. परंतु ऐसे लोग बस की कमी के कारण सिलीगुड़ी में ही अटके हुए हैं. उनके समक्ष सबसे बड़ी समस्या यह है कि आखिर वे घर कैसे पहुंचे और मतदान कैसे कर सकें.
सिलीगुड़ी के जंक्शन बस स्टैंड से लेकर पीसी मित्तल बस स्टैंड सब जगह यात्रियों की भारी भीड़ है. जबकि बस सेवा नियमित रूप से उपलब्ध नहीं है. जैसे ही किसी बस की घोषणा होती है, यात्री अपनी अपनी सीट पकड़ने के लिए बस पर टूट पड़ते हैं. बस पकड़ने के लिए अनेक यात्री सुबह से ही बस स्टैंड पर आकर लाइन लगाना शुरू कर देते हैं.
आज सिलीगुड़ी जंक्शन बस स्टैंड पर यात्रियों का आक्रोश तब फूट पड़ा, जब काफी इंतजार करने के बाद उन्हें घर लौटने के लिए बस नहीं मिल सकी. कुछ यात्री जंक्शन बस स्टैंड के टिकट काउंटर में घुस गए और कंप्यूटर, खिड़की आदि में तोड़फोड़ करने लगे.
इस घटना के बाद जंक्शन बस स्टैंड में कुछ देर के लिए अफरा तफरी का माहौल देखा गया. बाद में प्रधान नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और उत्तेजित भीड को शांत कराने की कोशिश की.
उत्तर बंगाल परिवहन निगम के इंचार्ज समीर सरकार ने यात्रियों से अपील की है कि चुनाव आयोग के निर्देश पर कई बसों को चुनाव कार्यो में लगाया गया है, जिसके चलते सामान्य बस सेवा प्रभावित हुई है. इसी कारण से कुछ समस्या आ रही है. समय पर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था नहीं होने से यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है. हमने भरसक कोशिश की है कि जल्द से जल्द सामान्य सेवा बहाल हो सके. इसके लिए हम प्रयास कर रहे हैं.
फिलहाल सिलीगुड़ी जंक्शन, पीसी मित्तल बस स्टैंड, कोर्ट मोड बस स्टैंड और तमाम बस स्टैंडों पर यात्री अधिक हैं, लेकिन बस नाम मात्र की. सभी को घर पहुंचने की जल्दी है. अब देखना होगा कि परिवहन विभाग अथवा प्रशासन के द्वारा परेशान और बदहाल यात्रियों के लिए क्या वैकल्पिक व्यवस्था की जाती है.

