May 5, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

सिलीगुड़ी की यह होगी नयी तस्वीर! उत्तर कन्या से लेकर बर्दवान रोड फ्लाईओवर का रंग बदलेगा?

सिलीगुड़ी की तस्वीर और रंग बदलने जा रहा है. आने वाले समय में सिलीगुड़ी में नीला या सादा कुछ भी नहीं दिखेगा, जो टीएमसी की याद दिलाए! चारों तरफ गेरुआ रंग लहराएगा! वर्धमान रोड फ्लाईओवर का रंग भी गेरुआ होगा! उत्तर कन्या मिनी सचिवालय का रंग भी गेरुआ होगा! सिलीगुड़ी बस स्टैंड, सार्वजनिक प्रतिष्ठान, सरकारी भवन और इमारतों का रंग भी गेरुआ होगा. तब सिलीगुड़ी का रंग कैसा होगा? सिलीगुड़ी कैसी नज़र आएगी… यह कोई दिवा स्वप्न नहीं है. पूरी जानकारी के लिए खबर के साथ बने रहिए.

तृणमूल कांग्रेस सरकार में बर्दवान रोड फ्लाईओवर का निर्माण और रंग रोगन कराया गया था. उद्घाटन होने जा रहा था. लेकिन उससे पहले विधानसभा के चुनाव में तृणमूल कांग्रेस हार गई और सत्ता से बाहर हो गई. राज्य में बीजेपी की नई सरकार बन रही है. फ्लाईओवर का उद्घाटन तो होगा. लेकिन इसका उद्घाटन कौन करेगा, कब होगा और किस प्रकार होगा, यह अभी भविष्य के गर्भ में है.

सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देव भी चुनाव हार गए हैं. भले ही राज्य में उनकी पार्टी की सरकार नहीं है, लेकिन वह सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर भी हैं. परंतु वह इस स्थिति में नहीं है कि वर्धमान रोड फ्लाईओवर से जुड़े मामले में कोई फैसला ले सके. अब जो भी फैसला करेगी, नई राज्य सरकार करेगी. अब ऐसा तो है नहीं कि नई बीजेपी सरकार टीएमसी शासन काल में तैयार कराए गए और उद्घाटन के लिए प्रतीक्षा कर रहे भवनों और फ्लाईओवर का आंख मूंद कर उद्घाटन कर देगी. इसमें थोड़ा वक्त लग सकता है.

सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार नई बीजेपी सरकार टीएमसी शासन काल में उद्घाटन के लिए तैयार किए गए भवनों, सड़कों,पुल अथवा फ्लाईओवर का रंग रोगन बदलने के बाद ही इसका उद्घाटन कर सकती है. खबर समय के एक सवाल के जवाब में दार्जिलिंग के भाजपा सांसद राजू बिष्ट ने ऐसा ही संकेत दिया है. उनके अनुसार सरकारी सार्वजनिक भवनों, प्रतिष्ठानों अथवा फ्लाईओवर का रंग रोगन बदला जा सकता है.

बीजेपी का रंग गेरूआ है. जबकि टीएमसी का रंग नीला और सादा है. बर्दवान रोड फ्लाईओवर का रंग रोगन नीले व सादा रंग से किया गया है, जो टीएमसी का सिंबॉलिक रंग है. ऐसे में बर्दवान रोड फ्लाईओवर का उद्घाटन से पहले बीजेपी उसका रंग बदलकर गेरूआ करना चाहेगी. स्वयं राजू बिष्ट ने भी ऐसा संकेत दिया है. हालांकि उन्होंने यह बात बातचीत के अंदाज में कही है. पर इसका संकेत तो यही है. राजू बिष्ट के अनुसार ऐसा रंग, जिसमें बांग्लादेशी बू आए, उसे बीजेपी सरकार कैसे सहन कर सकती है.

सिलीगुड़ी में टीएमसी शासन के दौरान निर्मित या रंग रोगन कराए गए कई ऐसे सार्वजनिक भवन और प्रतिष्ठान हैं, जो टीएमसी की पहचान बन गए हैं. उदाहरण के लिए उत्तर कन्या को ही ले लेते हैं. इसके अलावा सार्वजनिक बस स्टैंड, सिलीगुड़ी जंक्शन बस टर्मिनस, सरकारी भवन, प्रतिष्ठान, SJDA दफ्तर इत्यादि बहुत से सार्वजनिक प्रतिष्ठान हैं, जिसका रंग टीएमसी वाला नीला और सफेद है, ऐसे प्रतिष्ठानों का रंग बदला जा सकता है और उसे गेरूआ कराया जा सकता है.

जिस तरह से राजू बिष्ट ने संकेत दिया है, उससे तो यही लगता है कि इन सभी सरकारी, सार्वजनिक प्रतिष्ठानों का रंग रोगन गेरुआ कराया जा सकता है. हालांकि इसमें वक्त लगेगा. लेकिन जरा कल्पना करिए कि सिलीगुड़ी की फिजा में चारों तरफ गेरुआ रंग बिखर जाए तो उसकी तस्वीर कैसी होगी! आने वाले समय में अगर वर्धमान रोड फ्लाईओवर, उत्तर कन्या, सार्वजनिक प्रतिष्ठान, सरकारी भवन, बस स्टैंड, सिलीगुड़ी नगर निगम समेत सभी सरकारी दफ्तरों का रंग रोगन गेरुआ कराया जाता है तो इसमें आश्चर्य की कोई बात नहीं होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *