पश्चिम बंगाल के अगले मुख्यमंत्री के रूप में सुवेंदु अधिकारी के नाम की चर्चा बंगाल में बीजेपी के बहुमत में आने के साथ ही शुरू हो गई थी. अब सूत्रों ने बताया कि सुवेंदु अधिकारी को केंद्रीय नेतृत्व ने हरी झंडी दे दी है. शुभेंदु अधिकारी और अग्निमित्रा पाॅल कल दिल्ली में थे. सूत्रों ने बताया कि दिल्ली में ही बंगाल के अगले मुख्यमंत्री के रूप में सुबेंदु अधिकारी का नाम फाइनल कर लिया गया है.
2026 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 293 विधानसभा सीटों में से 207 सीटें जीत कर इतिहास रचा है. भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम के साथ-साथ भवानीपुर सीट से भी चुनाव लड़ा था, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का उनसे कड़ा मुकाबला था. सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों ही जगह से जीत हासिल की है.
सुवेंदु अधिकारी भाजपा के एक ऐसे तेजतर्रार नेता है, जिन्होंने 2021 के चुनाव में भी ममता बनर्जी को नंदीग्राम सीट पर हराया था. इसलिए बंगाल के भाजपा नेताओं में उनकी छवि दमदार नेता के रूप में मानी जाती है. सुबेंदु अधिकारी अमित शाह के करीबी भी माने जाते हैं. 2026 के चुनाव प्रचार में शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी पर बहुत ही आक्रामक तरीके से हमला किया था. इसलिए भाजपा की जीत के साथ ही दबी जुबान से चर्चा शुरू हो गई थी कि बंगाल के अगले मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी हो सकते हैं.
हालांकि उनके नाम के साथ बंगाल के पूर्व भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष, वर्तमान भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य आदि के नाम की भी चर्चा शुरू हो गई थी. दिलीप घोष भाजपा के पुराने नेता हैं. उन्होंने ही बंगाल में भाजपा की जड़ जमाने में सफलता प्राप्त की थी. वह RSS से भी जुड़े हुए हैं. ऐसे में एक पुराने नेता के रूप में उनके नाम की भी चर्चा शुरू हो गई थी. शमिक भट्टाचार्य काफी सुलझे हुए अनुभवी और सांगठनिक नेता के रूप में भी जाने जाते हैं.
दूसरी तरफ नरेंद्र मोदी चाहते थे कि बंगाल में कोई महिला मुख्यमंत्री बने. महिला चेहरों मे रूपा गांगुली, अग्निमित्र पाॅल का नाम भी चर्चा में था. रूपा गांगुली को बीजेपी का फायर ब्रांड नेता माना जाता है. हालांकि अब मुख्यमंत्री के नाम को लेकर कोई भी सस्पेंस नहीं रह गया है. सारे सस्पेंस दूर हो चुके हैं और जो खबर आ रही है ,उसके अनुसार सुवेंदु अधिकारी ही बंगाल के नए मुख्यमंत्री होंगे.
सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के प्रभावशाली कृषि और जमींदार समुदाय महिषय से आते हैं. उनके परिवार का पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर जिलों में जबरदस्त राजनीतिक दबदबा है. सुवेंदु अधिकारी के पिता शिशिर अधिकारी और उनके भाई राजनीति में प्रभाव रखते हैं. हालांकि सुवेंदु अधिकारी एक लंबे समय तक ममता बनर्जी के सबसे भरोसेमंद लोगों में शामिल रहे थे. किसी समय शुभेंदु अधिकारी टीएमसी के कद्दावर नेता माने जाते थे.
दिसंबर 2020 में उन्होंने टीएमसी छोड़ दी और बीजेपी में शामिल हो गए.बीजेपी में शामिल होते ही सुबेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी पर ऐसा आक्रामक रूख अपनाया कि वे जल्द ही बंगाल में बीजेपी का मुख्य चेहरा बन गए. सुबेंदु अधिकारी के नाम की हालांकि अभी पार्टी के स्तर पर घोषणा नहीं की गई है और ना ही आधिकारिक रूप से इसका ऐलान किया गया है.
भाजपा के नए मुख्यमंत्री के रूप में नेता के चुनाव के बाद ही विधिवत रूप से ऐलान किया जा सकेगा. कल भाजपा विधायक दल की बैठक हो सकती है. इसमें नेता का चुनाव किया जाएगा. इस बीच यह चर्चा भी शुरू हो गई है और सवाल भी कि क्या बंगाल में भाजपा डिप्टी सीएम की परंपरा शुरू करेगी?
यह चर्चा इसलिए उठ रही है कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय भाजपा नेताओं ने उत्तर बंगाल में चुनाव प्रचार करते हुए उत्तर बंगाल के लिए अलग से कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की थी. इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी को सबसे अधिक सीटें उत्तर बंगाल से ही मिली हैं. यहां 54 में से भाजपा ने 40 सीटों पर जीत हासिल की है. पूर्ववर्ती टीएमसी सरकार में उत्तर बंगाल की उपेक्षा का आरोप लगा था.
इंटरनेट मीडिया और राजनीतिक हलकों में इस बात की चर्चा और मांग भी जोर पकड़ रही है कि भाजपा की नई सरकार में उत्तर बंगाल को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाए. खासकर उत्तर बंगाल से एक उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग जोर पकड़ने लगी है. 2021 के चुनाव से लेकर 2026 तक उत्तर बंगाल पूरी तरह भाजपा के साथ जुड़ा रहा.
उत्तर बंगाल में बेरोजगारी तो है ही. व्यवसाय, पर्यटन ,चाय बागान आदि से जुड़ी कई समस्याएं हैं. भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर बंगाल में विकास के प्रति अपने संकल्प को दोहराया है. ऐसे में कयास लगाया जा रहा है कि उत्तर बंगाल से भाजपा का कोई ऐसा चेहरा होगा, जो डिप्टी सीएम हो सकता है. हालांकि आजादी के बाद से बंगाल में बनने वाली सरकार में डिप्टी सीएम कोई नहीं हुआ. पर सूत्रों ने बताया कि भाजपा नया प्रयोग कर सकती है.
अगर ऐसा होता है तो उत्तर बंगाल से ऐसा कौन सा लोकप्रिय चेहरा है ,जो भाजपा की बनने वाली सरकार में डिप्टी सीएम हो सकता है? अब देखना होगा कि अंतिम समय में भारतीय जनता पार्टी का शीर्ष नेतृत्व सुवेंदु अधिकारी के नाम का ऐलान करता है या नहीं? यह भी कि राज्य में बनने वाली नई बीजेपी सरकार में डिप्टी सीएम की परंपरा क्या कायम होगी? और अगर ऐसा होता है तो क्या उत्तर बंगाल से किसी विधायक को डिप्टी सीएम बनाया जाएगा?
