May 15, 2026
Sevoke Road, Siliguri
newsupdate good news siliguri siliguri metropolitan police SILIGURI MUNICIPAL CORPORATION WEST BENGAL westbengal

सिलीगुड़ी पुलिस का बड़ा कदम: जमीन माफिया और नशे के कारोबार पर एक साथ कार्रवाई, बना विशेष एंटी नारकोटिक्स सेल !

Siliguri Police take major action against land mafia and drug trafficking simultaneously, creating a special anti-narcotics cell

सिलीगुड़ी शहर में अवैध जमीन कब्जा और मादक पदार्थों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ा कदम उठाया है। अपराध नियंत्रण को और सख्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस ने एक विशेष “एंटी नारकोटिक्स सेल” का गठन किया है। शुक्रवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीसीपी ट्रैफिक Kazi Shamsuddin Ahmed ने इसकी घोषणा की।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शहर और आसपास के इलाकों में लंबे समय से जमीन माफियाओं की गतिविधियों को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। आम लोगों की जमीन पर जबरन कब्जा, धमकी और धोखाधड़ी जैसी घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने अब सख्त निगरानी शुरू कर दी है। डीसीपी ने बताया कि जमीन से जुड़ी किसी भी समस्या या अवैध कब्जे की शिकायत लोग सीधे पुलिस से कर सकते हैं। शिकायत मिलते ही त्वरित जांच और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, शहर को नशामुक्त बनाने के लिए विशेष “एंटी नारकोटिक्स सेल” का गठन किया गया है। इस सेल का नेतृत्व एक एडीसीपी करेंगे। उनके साथ एसीपी, इंस्पेक्टर और अनुभवी पुलिस अधिकारियों की एक विशेष टीम होगी। यह यूनिट मुख्य रूप से एनडीपीएस कानून से जुड़े अपराधों पर कार्रवाई, ड्रग तस्करों के खिलाफ अभियान और नशा पीड़ितों के पुनर्वास का काम करेगी।

पुलिस कमिश्नरेट की ओर से एक विशेष हेल्पलाइन नंबर 8597988002 भी जारी किया गया है। इस नंबर पर ड्रग तस्करी या किसी भी अवैध कारोबार की सूचना देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी और उन्हें उचित इनाम भी दिया जाएगा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीसीपी ने हाल ही में हुई दो बड़ी चोरी की घटनाओं की जांच को लेकर भी जानकारी दी। माटीगाड़ा के उत्तरायण इलाके में करीब 95 लाख रुपये के सोने और नकदी चोरी मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा एक अन्य चोरी के मामले में सिक्किम के दो निवासियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से महंगे कैमरे, मोबाइल फोन और घड़ियां बरामद की गई हैं। दोनों मामलों की जांच अभी जारी है।

डीसीपी ने कहा, “अपराध और नशामुक्त सुरक्षित शहर बनाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट लगातार कड़े कदम उठा रहा है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *