सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी नगर निगम की 51वीं बोर्ड बैठक में शुक्रवार को धन्यवाद प्रस्ताव को लेकर जमकर राजनीतिक विवाद देखने को मिला। बैठक के दौरान माहौल उस समय गरमा गया जब विभिन्न दलों के पार्षदों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई और अंततः भाजपा पार्षदों ने बैठक का बहिष्कार करते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बागड़ाकोट इलाके में अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर वाम पार्षद शरदिन्दु चक्रवर्ती ने एक प्रस्ताव पेश किया। आरोप है कि प्रस्ताव पेश करते समय राज्य सरकार को धन्यवाद नहीं दिया गया, जिसके बाद विपक्ष के नेता अमित जैन ने खड़े होकर सरकार को धन्यवाद दिया। इसी बात को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
शरदिन्दु चक्रवर्ती ने आपत्ति जताते हुए कहा कि जिस विषय पर प्रस्ताव लाया गया है, उससे अलग जाकर सरकार को धन्यवाद देना उचित नहीं है। उनके बयान के बाद सदन में तनाव बढ़ गया और बहस तेज हो गई।
वहीं भाजपा पार्षदों का आरोप है कि तृणमूल और वाम दल आपस में मिलकर “सेटिंग” के तहत काम कर रहे हैं। भाजपा पार्षदों ने दावा किया कि “Got Up” शब्द के इस्तेमाल पर वाम पार्षद भड़क गए, जिसके बाद स्थिति और बिगड़ गई।
इसके बाद भाजपा के कई पार्षद सदन से वॉकआउट कर बाहर चले गए और मीडिया से बातचीत में अपनी नाराजगी जताई। इस घटनाक्रम के बाद शहर के राजनीतिक हलकों में इस विवाद को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

