June 3, 2026
Sevoke Road, Siliguri
Annapurna Bhandar good news newsupdate Raju Bista

दार्जिलिंग में ‘अन्नपूर्णा योजना’ का शुभारंभ, महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 3000 रुपये !

https://khabarsamay.com/annapurna-yojana-launched-in-darjeeling-women-will-get-rs-3000-every-month/

दार्जिलिंग, 3 जून: दार्जिलिंग में पश्चिम बंगाल सरकार की महत्वाकांक्षी ‘अन्नपूर्णा योजना’ का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर दार्जिलिंग के सांसद राजू बिस्ता ने कार्यक्रम में भाग लेते हुए योजना को महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।

Raju Bista ने कहा कि मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में शुरू की गई इस योजना के तहत राज्य की 25 से 60 वर्ष आयु वर्ग की सभी पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 3000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके आधार से जुड़े बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से प्रदान की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस योजना से राज्य की लाखों माताओं, बहनों और बेटियों को आर्थिक सम्मान और आत्मनिर्भरता मिलेगी। साथ ही, बिचौलियों की भूमिका समाप्त होने से लाभार्थियों को पारदर्शी तरीके से सहायता राशि प्राप्त होगी, जिससे लोगों का शासन व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत होगा।

सांसद ने कहा कि अन्नपूर्णा योजना न केवल परिवारों की खाद्य सुरक्षा और पोषण स्तर को बेहतर बनाएगी, बल्कि महिलाओं पर पड़ने वाले आर्थिक दबाव को भी कम करेगी। इससे वे अपने परिवार और बच्चों के भविष्य पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकेंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की क्रय शक्ति बढ़ने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

राजू बिस्ता ने विश्वास जताया कि दार्जिलिंग पहाड़, तराई और डुआर्स क्षेत्र के हजारों परिवारों को भी इस योजना का सीधा लाभ मिलेगा और यह क्षेत्र के विकास तथा समृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम में कर्सियांग के विधायक सोनम लामा, कालिम्पोंग के विधायक भरत छेत्री, दार्जिलिंग के विधायक नोमान राय, जीटीए के प्रधान सचिव, दार्जिलिंग और कालिम्पोंग के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *