सिलीगुड़ी: आम लोगों तक सरकारी सेवाओं को और अधिक सरल एवं सुगम तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से 15 जून से तीन दिवसीय जन कल्याण शिविर की शुरुआत हो गई है। इस अवसर पर सिलीगुड़ी के विधायक एवं पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने शहर के वार्ड नंबर 3 स्थित इंडोर स्टेडियम में पहुंचकर शिविर की तैयारियों का निरीक्षण किया। शिविर शुरू होने से पहले ही विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में लोगों को वहां पहुंचते देखा गया।
मंत्री शंकर घोष ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य लोगों को बिना किसी बिचौलिये और अनावश्यक परेशानी के सीधे सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे, जो नागरिकों को आवश्यक जानकारी और सहायता प्रदान करेंगे।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, प्रत्येक शिविर में आधार पंजीकरण केंद्र, शून्य बैलेंस पर बैंक खाता खोलने की सुविधा, आयुष्मान योजना, अन्नपूर्णा योजना सहित कई सरकारी योजनाओं के लिए अलग-अलग काउंटर स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य शिविर, पेयजल, विश्राम स्थल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है।
जन कल्याण शिविर का संचालन राज्य, जिला और ब्लॉक—इन तीन स्तरों पर किया जाएगा। प्रत्येक जिले की निगरानी जिला मजिस्ट्रेट तथा प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी करेंगे। शिविर से संबंधित शिकायतों और जानकारी के लिए एक टोल-फ्री नंबर भी शुरू किया गया है।
प्रशासन का दावा है कि ‘सिंगल विंडो सिस्टम’ के माध्यम से सरकारी सेवाओं को लोगों तक तेजी से पहुंचाना और योजनाओं से जुड़ी जटिलताओं को दूर करना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। सिलीगुड़ी समेत उत्तर बंगाल के विभिन्न जिलों में इस जन कल्याण शिविर को लेकर लोगों के बीच काफी उत्साह देखा जा रहा है।

