जुलाई का महीना शुरू हो रहा है. इस महीने कुछ नए बदलाव होने जा रहे हैं. इन बदलावों का असर व्यक्ति की जेब पर निश्चित रूप से पड़ेगा. रेल से यात्रा से लेकर एलपीजी, सावधि जमा खाता, बैंकिंग नियम, आधार कार्ड ,पैन कार्ड ,डेबिट कार्ड इत्यादि बहुत से नियम जुलाई महीने में बदल रहे हैं, जो आपके रोजमर्रा के जीवन और जेब को प्रभावित करेंगे. आइए जानते हैं कि जुलाई महीने में कौन-कौन से नियम बदल रहे हैं और उन नियमों के बदलाव के चलते आपकी रोजमर्रा की जिंदगी कितनी प्रभावित होती है.
अगर आप सिलीगुड़ी या बंगाल के किसी भी इलाके में रहते हों तथा बंगाल के नागरिक हो तो यह खबर खासकर महिलाओं के लिए राहत और संतोष दे सकती है. 1 जुलाई को बंगाल सरकार की ओर से बंगाल की पात्र महिलाओं को अन्नपूर्णा भंडार की रकम डीबीटी लिंक वाले उनके खाते में ट्रांसफर की जाएगी. मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने इस संबंध में पहले ही घोषणा कर रखी है. अन्नपूर्णा भंडार फॉर्म का वेरिफिकेशन का काम अंतिम चरण में है. उसके तहत हर महीने महिलाओं को ₹3000 का भत्ता सरकार देगी.
अगर आप एक नौकरी पेशा है, या व्यापारी है या आप एक पेंशन भोगी हैं या आप करदाता हैं या आप बैंक ग्राहक है, तो जुलाई महीने में कुछ नियम बदल रहे हैं और इन नए नियमों के हिसाब से आपको चलने की आदत डालनी होगी. बैंकों और सरकार के कुछ नियम आपके खर्च को संतुलित कर सकते हैं तो कुछ नियम ऐसे भी हैं जो आपके काम के हो सकते हैं. जैसे आप 1 जुलाई से बगैर पैसे खर्च किए आधार मोबाइल ऐप के जरिए ईमेल अपडेट की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं. फिलहाल इसके लिए ₹75 देना पड़ता है.
यूआइडीएआइ ने कहा है कि उपभोक्ता आधार मोबाइल ऐप के जरिए ईमेल अपडेट कर सकते हैं. इसके लिए उनसे 75 रू नहीें लिए जाएंगे. यह सुविधा मुफ्त प्राप्त होगी. यूआइडीएआइ की ओर से कहा गया है कि भारत के लोगों को दी जा रही यह सुविधा 1 जुलाई से 31 दिसंबर 2026 तक जारी रहेगी. सरकार का मकसद ज्यादा से ज्यादा लोगों को आधार रिकॉर्ड अपडेट करने की सुविधा प्रदान करना है. यह उनकी पहचान को भी साबित करेगा और साथ ही डिजिटल सेवाओं तक उनकी पहुंच को बेहतर बना सकता है.
1 जुलाई से रेलवे की ओर से कुछ महत्वपूर्ण नियम लागू किए जा रहे हैं. यह नियम उन लोगों पर लागू होंगे, जो रेलगाड़ियों में बिना टिकट के यात्रा करते हैं. इसके तहत रेलवे ने जुर्माना की राशि बढ़ाकर दोगुनी कर दी है. बिना टिकट यात्रा करने पर 250 रुपए से ज्यादा यानी ₹500 का जुर्माना आपको देना पड़ सकता है. इसके अलावा आप किसी दूसरे व्यक्ति के टिकट पर यात्रा नहीं कर सकते हैं.और भी कई बदलाव हैं जो यात्रियों के लिए राहत देंगे. जैसे ट्रेन में भीख मांगना, ट्रेन में हंगामा करना, अवैध फेरी अथवा महिलाओं के लिए आरक्षित कोच में सफर करने पर व्यक्ति के खिलाफ दोगुना जुर्माना लगाया जाएगा.
नियमों के अनुसार अगर कोई पुरुष महिलाओं के लिए आरक्षित कोच में सफर करते हुए पकड़ा जाता है तो नियम के अनुसार उसे ढाई हजार रुपए का जुर्माना देना पड़ सकता है या फिर जेल तक हो सकती है. आप ट्रेन में प्रतिबंधित सामग्री नहीं ले जा सकते हैं. अगर पेट्रोल गैस या कोई भी प्रतिबंधित सामान ट्रेन में ले जाते हैं तो पकड़े जाने पर ₹10000 का जुर्माना लगाया जा सकता है. जुलाई महीने में ही बैंकों की ओर से फिक्स्ड डिपॉजिट ब्याज की दरों में बदलाव की गुंजाइश दिख रही है.
बैंक बाजार की स्थिति के अनुसार ब्याज दरों में बदलाव लाते हैं. जुलाई महीने में कई बैंकों की ओर से फिक्स्ड डिपॉजिट इंटरेस्ट रेट में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं. अगर आप अपने पैसे को बैंक में फिक्स्ड डिपॉजिट के तौर पर जमा करना चाहते हैं तो पहले नई ब्याज दर का पता लगा ले .उसके बाद अपना पैसा निवेश करें. 1 जुलाई से ही एसबीआई की ओर से कुछ क्रेडिट कार्डों के लिए रिवॉर्ड पॉइंट नियमों में बदलाव किया जा रहा है. यह बदलाव एसबीआई क्रेडिट कार्ड पर्पल और फोन पे एसबीआई क्रेडिट कार्ड सिलेक्ट ब्लैक कार्ड धारकों पर लागू होगा. ऐसे में नए नियमों के बारे में आपको जानकारी कर लेनी चाहिए ताकि उसका लाभ आपको प्राप्त हो सके.
हर महीने की तरह 1 जुलाई को तेल कंपनियों के द्वारा तेल और गैस की कीमतों में समीक्षा की जाती है. 1 जुलाई को या तो घरेलू रसोई गैस महंगी हो जाएगी या फिर इसके दाम में कोई बदलाव नहीं होगा. पिछले महीने सब्सिडी वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत में ₹29 की बढ़ोतरी की गई थी. इस बार उम्मीद की जा रही है कि तेल कंपनियों के द्वारा घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा.
जहां तक पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव की बात है तो वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कभी नरमी तो कभी तेजी देखने को मिल रही है. जुलाई महीने में डीजल पेट्रोल की कीमतों में बदलाव होगा या नहीं, यह उस समय के हालात पर निर्भर करेगा. यह कुछ महत्वपूर्ण नियम है जो आपकी रोजमर्रा की जिंदगी और जेब दोनों को प्रभावित कर सकते हैं. अतः इनके बारे में आपको जानकारी रखना आवश्यक है.
