June 27, 2026
Sevoke Road, Siliguri
siliguri Action good news newsupdate Shankar ghosh siliguri metropolitan police WEST BENGAL westbengal

सिलीगुड़ी में बालू माफिया पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मंत्री शंकर घोष की फटकार के 24 घंटे के भीतर उत्तम बरुई गिरफ्तार !

https://khabarsamay.com/major-police-action-against-sand-mafia-in-siliguri-uttam-barui-arrested-within-24-hours-of-minister-shankar-ghoshs-reprimand/

सिलीगुड़ी:सिलीगुड़ी में कथित बालू और जमीन माफियाओं के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तम बरुई को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह लंबे समय से अवैध रूप से बालू का कारोबार कर रहा था और इलाके में अवैध रूप से बालू का भंडारण भी करता था।

बताया जा रहा है कि हाल ही में क्षेत्र में बालू और जमीन माफियाओं की गतिविधियों को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी थी। इस मामले को लेकर राज्य के पर्यटन मंत्री एवं सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ आशीघर आउटपोस्ट पहुंचे थे। वहां उन्होंने पुलिस अधिकारियों से नाराजगी जताते हुए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।

मंत्री की सख्ती के बाद पुलिस हरकत में आई और महज 24 घंटे के भीतर उत्तम बरुई को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, उत्तम बरुई का घर सिलीगुड़ी के वार्ड संख्या 37 में है। सूत्रों के मुताबिक, वह कभी तृणमूल कांग्रेस का पंचायत सदस्य भी रह चुका है।

आरोप है कि कुछ दिन पहले उसने डंपर से एक बच्चे को कुचल देने की धमकी भी दी थी। स्थानीय लोगों ने इस संबंध में पहले भी पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई थी।

इसके अलावा, इलाके में एक व्यक्ति को जंजीर से बांधकर मारपीट किए जाने का मामला भी सामने आया है। इस घटना को लेकर भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने बताया कि इस मामले की जांच जारी है।

फिलहाल, अवैध बालू कारोबार के मामले में गिरफ्तार उत्तम बरुई से पूछताछ की जा रही है और पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *