पश्चिम बंगाल में मानसून ने एक बार फिर खतरनाक रूप ले लिया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटे उत्तर बंगाल के लिए बेहद संवेदनशील हैं। लगातार मूसलाधार बारिश के चलते भूस्खलन, जलभराव, नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिक सौरिश बंद्योपाध्याय के अनुसार, दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में गुरुवार को अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर में भी भारी बारिश की संभावना है।
शुक्रवार को सबसे ज्यादा खतरा जलपाईगुड़ी जिले में रहेगा, जहां अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, कूचबिहार, अलीपुरद्वार और उत्तर दिनाजपुर में भी तेज बारिश लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है।
मौसम विभाग ने आगाह किया है कि शनिवार से सोमवार तक भी उत्तर बंगाल में भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति पैदा हो सकती है। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।
उधर दक्षिण बंगाल में भी मौसम तेजी से करवट लेने वाला है। शुक्रवार से कोलकाता समेत लगभग सभी जिलों में तेज हवा, गरज-चमक और भारी बारिश की संभावना है। उत्तर और दक्षिण 24 परगना में शनिवार को सबसे अधिक असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने सोमवार तक पूरे दक्षिण बंगाल में आंधी-बारिश को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।
