July 30, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

कैसे दूर होगा सिलीगुड़ी के वर्धमान रोड फ्लाईओवर का जाम? फ्लाईओवर चालू क्या हुआ, एयरव्यू मोड़ पर लगने लगा जाम!

जिस परिकल्पना को लेकर लगभग 7 साल पहले पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने वर्धमान रोड फ्लाईओवर निर्माण की आधारशिला रखी थी, अब फ्लाईओवर के बन जाने और चालू हो जाने के बाद भी वह परिकल्पना फिलहाल जमीन पर साकार होती नजर नहीं आ रही है.यह फ्लाईओवर इसी हफ्ते चालू हुआ था और चालू होने के दूसरे दिन से ही यहां मोड़ों पर जाम लगने लगा है. एक जाम विशाल मेगा मार्ट के पास जहां से फ्लाईओवर शुरू होता है और दूसरा जाम जहां फ्लाईओवर ओवर खत्म होता है यानी एयरव्यू मोड के पास.

आखिर यहां जाम क्यों लग रहा है? सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों तथा प्रशासन से जुड़े लोगों ने भी यहां आकर निरीक्षण कार्य भी किया है. लोगों की समझ में नहीं आ रहा है कि आखिर यहां जाम क्यों लग रहा है? जब फ्लाईओवर चालू नहीं हुआ था तो जाम अक्सर लगता रहता था. तब दावा किया जा रहा था कि जैसे ही फ्लाईओवर चालू होगा, जाम की समस्या का हमेशा के लिए समाधान हो जाएगा. इसी जाम की समस्या के समाधान के लिए करोड़ों रुपए खर्च करके फ्लाईओवर का निर्माण कराया गया. लेकिन फिर भी स्थिति वही की वही रही तो फ्लाईओवर का लाभ क्या!

स्थानीय लोग कहते हैं कि जब फ्लाईओवर चालू नहीं हुआ था तो एयरव्यू मोड़ पर इतना जाम नहीं लगता था. अब फ्लाईओवर चालू हो गया तो यहां जाम बेहिसाब लगने लगा है. इसके कारण यहां ट्रैफिक व्यवस्था हमेशा अस्त व्यस्त रहती है. स्थानीय लोगों ने बताया कि इससे तो अच्छा था कि यहां फ्लाईओवर का निर्माण ही नहीं किया जाता. जाम के कारण एयरव्यू मोड़ के आसपास की दुकानों, यात्रियों और आम लोगों को काफी परेशानी हो रही है.

सिलीगुड़ी के बर्दवान रोड पर स्थित विशाल मेगा मार्ट से शुरू होने वाला यह फ्लाईओवर 1 किलोमीटर से कुछ ज्यादा ही बड़ा है. निर्माण और लागत में करोड़ों रुपए खर्च हो चुके हैं. यह उम्मीद की जा रही थी कि फ्लाईओवर चालू होते ही वर्धमान रोड, झंकार मोड पर आए दिन लगने वाली जाम से निजात मिलेगी. पर शुरुआती संकेत ही बता रहे हैं कि फ्लाईओवर तो बन गया लेकिन जाम की समस्या पहले से ज्यादा बढ़ गई है.

पिछले दो-तीन दिनों में स्थिति की जटिलता को देखते हुए सिलिगुड़ी पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा ने स्वयं एयरव्यू मोड पर पहुंचकर जाम का निरीक्षण किया था. उनके साथ ट्रैफिक डीसीपी काजी समसुद्दीन अहमद, एसीपी ट्रैफिक सुवीर दत्ता तथा ट्रैफिक विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे. पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा ने इस स्थिति पर विचार किया कि किस तरह से यहां जाम लग रहा. उन्होंने फ्लाईओवर जहां से शुरू होता है, वहां आसपास तथा जहां फ्लाईओवर समाप्त होता है, उस स्थान के आसपास ट्रैफिक का निरीक्षण किया और जाम के कारणों का भी पता लगा लिया.

. पुलिस प्रशासन की जांच और अन्वेषण में कई बातें सामने आई है. जैसे फ्लाईओवर के ऊपर वाहनों का आवागमन सामान्य रूप से हो रहा है. लेकिन जैसे ही वाहन फ्लाईओवर के प्रारंभिक और अंतिम स्थल पर पहुंचते हैं, एकाएक ही वाहनों का दबाव बढ़ जाता है. जिसके कारण जाम शुरू हो जाता है. पुलिस अधिकारियों ने पाया है कि फ्लाईओवर के प्रवेश और निकास मार्ग पर ट्रैफिक सिग्नल, वाहनों के मूवमेंट, यू टर्न पॉइंट आदि की जो स्थिति है, उसे ज्यादा व्यवस्थित करने की जरूरत है.

वर्धमान रोड फ्लाईओवर पर नहीं लगेगा जाम.अगर स्थानीय प्रशासन ट्रैफिक संचालन के मामले में कुछ विशेष सावधानी और नए तरीके आजमाए. सर्वप्रथम तो यहां कुछ स्थानों पर अतिरिक्त ट्रैफिक कर्मी की भी आवश्यकता है. क्योंकि फ्लाईओवर पर उठने के बाद वाहनों की गति तथा रूट को लेकर ट्रैफिक नियम उल्टे पड़ जाते हैं. बहुत से वाहन चालक यहां नियमों की परवाह ही नहीं करते. अगर यहां ट्रैफिक पुलिस की नियुक्ति हो जाए तो इस पर निगरानी की जा सकती है.

यदि आप चाहते हैं कि यहां पर जाम ना लगे तो नए सिरे से यहां ट्रैफिक संचालन की रणनीति बनानी होगी. इसके अलावा व्यवस्थित परिचालन को भी ध्यान में रखना होगा. हालांकि जानकार मानते हैं कि कुछ दिनों में जब वाहन चालक नए परिवेश और स्थिति से दो-चार हो लेंगे तो जाम की समस्या का स्वतः समाधान हो जाएगा. क्योंकि कई बार नई स्थिति व नए परिवेश के साथ समन्वय करना आसान नहीं होता है. लेकिन जब वाहन चालक इसके अभ्यस्त हो जाते हैं तो स्थिति में अपने आप सुधार आने लगता है.

इसलिए वाहन चालकों तथा ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा के निर्देशों का पालन करना चाहिए. मिल रही जानकारी के अनुसार यहां ट्रैफिक संचालन की नई रणनीति पर काम शुरू हो गया है .अब देखना होगा कि एयरव्यू मोड़ पर लगने वाल जाम से कब तक राहत मिलती है!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *