सिलीगुड़ी में व्यस्त सड़कों पर लगने वाले जाम से अब स्थाई तौर पर राहत मिलने जा रही है. प्रशासन ने कुछ ऐसा कदम उठाया है कि हाशमी चौक से लेकर विधान मार्केट रोड तक नहीं लगेगा जाम. इसके अलावा सिलीगुड़ी में टोटो को लेकर सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है, जिसकी घोषणा शीघ्र होने वाली है. फिलहाल इस पर सस्पेंस बरकरार है.
एक पुरानी कहावत है कि समय से पहले किसी को कुछ नहीं मिलता है. यह 16 आने सच भी है. जिस विधान मार्केट रोड को जाम मुक्त बनाने के लिए वाम मोर्चा के जमाने से ही पहल की जाती रही है, पूर्ववर्ती टीएमसी के शासनकाल में भी कई प्रयास किए गए, योजनाओं पर भी विचार किया गया.लेकिन कुछ नहीं हुआ. आज वक्त बदला तो 1 मिनट में ही सब कुछ हो गया .
सिलीगुड़ी प्रशासन ने बरसों बाद वो फैसला किया है, जो अब तक पिछली सरकार करने की हिम्मत नहीं दिखा पाई थी. आज एक संवाददाता सम्मेलन में सिलीगुड़ी शहर के विधायक और राज्य पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने प्रशासन के सहयोग से जो बड़ा कदम उठाया है, इसकी घोषणा करते हुए कहा कि कंचनजंगा स्टेडियम के सामने गोस्टो पाल प्रतिमा के पास से हाशमी चौक तक सड़क पर ही गाड़ियों की पार्किंग बनाई गई थी. उसे वहां से हटाकर मेला ग्राउंड में एक हिस्से में स्थानांतरित कर दिया गया है.
यह सिद्धांत आज से ही लागू कर दिया गया है. मेला ग्राउंड में आज से पार्किंग शुरू हो गई है. इसका उद्घाटन भी कर दिया गया है. मेला ग्राउंड की इस पार्किंग में दो जोन होंगे. जोन ए विधान मार्केट के व्यवसायियों और व्यवसायी समिति के लोगों के लिए होगा. जबकि दूसरा जोन आम जनता के लिए सुरक्षित होगा. शंकर घोष और प्रशासन की इस पहल के बाद उम्मीद की जा रही है कि सिलीगुड़ी के लोगों को विधान मार्केट पर अक्सर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी.
अगर आप हाशमी चौक से विधान मार्केट की ओर सड़क से निकलते हैं तो हाशमी चौक से आगे कंचनजंगा स्टेडियम के सामने वाली सड़क पर दोनों तरफ गाड़ियों की पार्किंग देख सकते हैं. रोड पर ही पार्किंग होने से कई बार इतना बड़ा जाम लग जाता है कि विधान मार्केट से गुजरने वाली गाड़ियों को जाम से निकलने में काफी समय लग जाता है.
खासकर पूजा के समय पूरे विधान मार्केट रोड पर लंबा जाम देख सकते हैं. यहां हाशमी चौक की तरफ गुजरने वाली गाड़ियों को रेंग कर चलना पड़ता है.कंचनजंगा स्टेडियम के सामने ही सड़क पर गाड़ियों की पार्किंग की जाती है, जिसके कारण रास्ता अत्यंत संकीर्ण हो जाता है. कई बार इस जाम को लेकर प्रशासन का भी ध्यान आकृष्ट किया गया था. लेकिन सड़क से पार्किंग की व्यवस्था अन्यत्र नहीं की गई.
एक कहावत है कि हर काम समय पर होता है और समय से पहले कोई काम नहीं होता है. आज विधान मार्केट के इस महत्वपूर्ण रोड के दिन जरूर फिर गए हैं. सूत्र बता रहे हैं कि आने वाले कुछ दिनों में इस तरह के बड़े कदम अन्य इलाकों में भी उठाए जा सकते हैं. सूत्रों ने दावा किया कि हिलकार्ट रोड ट्रैफिक जाम को दूर करने के लिए यहां पार्किंग की समस्या का अगले चरण में निदान होगा. हिलकार्ट रोड पर पार्किंग को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं.
पिछले दिनों यहां पार्किंग वसूली को लेकर भारी विवाद हुआ था. लोगों का कहना है कि जब सिलीगुड़ी नगर निगम बोर्ड भंग हो चुका है तब यहां पार्किंग की अवैध वसूली क्यों हो रही है? वाहन चालकों से वसूली गई रकम के अधिकार और वितरण को लेकर भी काफी हंगामा हुआ था. भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सिलीगुड़ी नगर निगम प्रशासन हिलकार्ट रोड की सड़कों पर पार्किंग को लेकर पूजा से पहले ऐतिहासिक कदम उठाने वाला है.
जहां-जहां ट्रैफिक का दबाव अधिक है, स्थानीय प्रशासन वहां से पार्किंग को अन्यत्र स्थानांतरित कर सकता है. इसलिए अगर यह कहा जाए कि पूजा से पहले सिलीगुड़ी के कुछ महत्वपूर्ण इलाकों की व्यस्त सड़कों से पार्किंग को अन्यत्र स्थानांतरित कर लिया जाता है तो इसमें आश्चर्य की कोई बात नहीं होगी. सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों के साथ मिलकर कुछ इसी तरह की योजना बनाई है, जो पूजा से पहले लागू कर दी जाएगी.
आज शंकर घोष ने यह भी बताया है कि सिलीगुड़ी की सड़कों पर लगने वाल जाम के मुख्य कारणो में टोटो भी शामिल हैं. सड़क पर टोटो की अधिकता और इसके कारण लगने वाला जाम किसी से भी छिपा नहीं है. आज शंकर घोष ने संकेत दिया है कि पूजा से पहले सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नर सिलीगुड़ी में टोटो को लेकर एक महत्वपूर्ण सिद्धांत लेने जा रहे हैं. लेकिन यह सिद्धांत क्या होगा अभी इस पर सस्पेंस बना हुआ है. बहरहाल देखना होगा कि आने वाले समय में प्रशासन के द्वारा उठाए जा रहे कदमों का जाम और सिलीगुड़ी की जनता पर कितना बड़ा असर पड़ता है!
