August 17, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

सिलीगुड़ी से लेकर मुजफ्फरपुर तक: ‘अबला’ तेरी एक ही कहानी!

सावधान हो जाइए! सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी, Dooars आदि इलाकों में मानव तस्कर एजेंट घूम रहे हैं. अगर आप एक अभिभावक हैं तो अपनी बच्चियों पर नजर रखें. यह ध्यान दें कि कोई उन्हें गुमराह तो नहीं कर रहा है? कोई अनजान व्यक्ति उनसे मिल तो नहीं रहा है? ऐसा क्यों, तो इस घटना को जानने के बाद आपके भी होश उड़ जाएंगे!

तो इस घटना को जानने के बाद आपके होश उड़ जाएंगे चलिए आगे बताते हैं. सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी और आसपास के क्षेत्रों से रीमा, सीमा, अलका, अनू, राधा, चंपा, संपा जैसी अनेक लड़कियों की बदकिस्मती की कहानी अलग-अलग घटनाक्रम से शुरू होती है और सिलीगुड़ी से लेकर मुजफ्फरपुर तक के होटल और मसाज पार्लरों की दीवारों में सिमट कर दम तोड़ देती है. सूत्र बताते हैं कि उत्तर बंगाल के इन क्षेत्रों में मानव तस्करी शासन प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती कल भी थी और आज भी है.

उत्तर बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों से अगवा कर लाई गई लड़कियां कहां जाती हैं, इसका ठीक ठीक पता लगाना मुश्किल है. पर जब कभी पुलिस मुजफ्फरपुर व आसपास के इलाकों में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ करती है तो पता चलता है कि इन क्षेत्रों से नौकरी या अच्छी जिंदगी के नाम पर बहला फुसलाकर लाई गई लड़कियों को मुजफ्फरपुर की सेक्स मंडी में बेच दिया जाता था.

कोई बहुत ज्यादा समय नहीं हुआ जब सिलीगुड़ी और आसपास के क्षेत्रों से महिलाओं खासकर नाबालिग लड़कियों को बहला फुसला कर मुजफ्फरपुर लाया जाता था. एक समय मुजफ्फरपुर का चतुर्भुज स्थान तवायफों का अड्डा होता था. यहां शाम होते ही कोठों पर तवायफों के घुंघरू ठनकने लगते थे. महफिल जमती और देर रात तक चलती थी. अब बदले जमाने में ना वे कोठे रहे और ना ही वे तवायफ, जो अपनी कला की जौहर बिखेरती थीं.

आज चतुर्भुज स्थान के आसपास बहुत से होटल खुल गए हैं और इन होटल में जो होता है, वह किसी से भी छिपा नहीं है. सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी, समतल, पहाड़, Dooars आदि इलाकों से खूबसूरत लड़कियों को बहला फुसलाकर इन कोठों पर लाया जाता है और उन्हें सेक्स की मंडी में बेच दिया जाता है. जिस तरह से चतुर्भुज स्थान का रहस्य आज तक अनसुलझा है, इसी तरह से इन होटलों और मसाज पार्लर की दीवारों के पीछे असंख्य अबालाओं की कहानी भी एक रहस्यपूर्ण सवाल छोड़ जाती है.

मुजफ्फरपुर के दामन पर सेक्स रैकेट का ना चाहते हुए भी दाग लग गय गया है, जिससे यह शहर कभी बाहर ही नहीं आ सका है. अगर यह कहा जाए तो कोई गलत नहीं होगा कि अंतर्राज्यीय सेक्स रैकेट का यह एक पसंदीदा स्थान बन गया है. सेक्स रैकेट के बहुत से एजेंट सिलीगुड़ी और उत्तर पूर्व राज्यों में सक्रिय हो गए हैं, जो ग्रामीण क्षेत्रों में भोली भाली मासूम लड़कियों को बेहतर जिंदगी के सपने दिखाकर यहां लाते हैं और सौदागरों के हवाले कर देते हैं.

मुजफ्फरपुर में छोटे बड़े अनेक होटल हैं. लेकिन आजकल होटल से भी ज्यादा मसाज ब्यूटी पार्लर खुल गए हैं, जो गली-गली में नजर आएंगे. इन मसाज ब्यूटी पार्लर में खुलेआम देह व्यापार होता है. यह समय-समय पर पुलिस के रेड से भी पता चल जाता है. एक बार फिर मुजफ्फरपुर पुलिस ने इन मसाज ब्यूटी पार्लर में रेड डालकर देह व्यापार के धंधे का पर्दाफाश कर दिया है. पुलिस ने 11 महिलाओं और एक संचालक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है.

इन महिलाओं में जलपाईगुड़ी की रीना देवी व माया देवी भी शामिल है. पुलिस ने इन मसाज पार्लर पर रेड डालकर यहां से दो ऐसी किशोर लड़कियों को बरामद किया है, जिनकी आपबीती रोंगटे खड़े कर देने वाली है. सेक्स रैकेट के एजेंट के द्वारा जिस तरह से उन्हें छला गया और सेक्स मंडी में बेचा गया, उसकी अलग ही कहानी है. एक लड़की ने पुलिस को बताया कि यहां लाकर उन्हें कैद कर लिया गया. उन्हें रुखा सुखा खाना दिया जाता था और दिन में एक बार नहीं, दो बार नहीं, कई कई बार भूखे भेड़ियों के आगे धकेल दिया जाता था. ऐसा नहीं करने पर उन्हें मारा पीटा और भूखे प्यासे रख दिया जाता था.

एक अबला ने किसी तरह से पुलिस को जानकारी दी. उसके बाद पुलिस ने विभिन्न मसाज और ब्यूटी पार्लरों पर छापेमारी की और देह धंधे का पर्दाफाश किया. सिलीगुड़ी का एनजेपी स्टेशन एक व्यस्त स्टेशन है. सिलीगुड़ी और आसपास के क्षेत्र से यहां लोग ट्रेन पकड़ने के लिए आते हैं. अंतर्राज्यीय सेक्स रैकेट के गिरोह के लोग भी इसी स्टेशन पर उतरकर स्थानीय एजेंट महिलाओं के बतायी जगह पर पहुंच शिकार लड़कियों का ब्रेन वास कर अपने साथ ले जाते हैं.

एक अनुमान के अनुसार पिछले दो वर्षों में एक दर्जन से अधिक लड़कियों को बहला फुसलाकर सिलीगुड़ी के कोठे से लेकर मुजफ्फरपुर तक ले जाया गया. सूत्रों ने बताया कि जब सिलीगुड़ी पुलिस को किसी लड़की के बारे में पता चलता था, तो उसे रातों रात मुजफ्फरपुर भेज दिया जाता था. जिस तरह से पुलिस के भी मुखबिर होते हैं, इसी तरह से कोठा संचालकों के भी मुखबिर होते हैं. कई बार खालपाड़ा के कोठे पर रेड डालने आई पुलिस हाथ मलती चली गई.

जलपाईगुड़ी की रीना देवी तथा माया देवी से विस्तृत पूछताछ करने के लिए मुजफ्फरपुर पुलिस ने जलपाईगुड़ी पुलिस से संपर्क किया है. सूत्र बताते हैं कि ये दोनों महिलाएं सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी, Dooars आदि इलाकों से भोली भाली मासूम लड़कियों को अच्छी नौकरी या बड़े-बड़े सब्जबाग दिखाकर मुजफ्फरपुर भेज दिया करती थी, जहां उनसे देह व्यापार कराया जाता था. अब पुलिस पता करना चाहती है कि ये दोनों महिलाएं क्या अंतर्राज्यीय सेक्स रैकेट से जुड़ी हैं?

पुलिस यह भी पता लगाना चाहती है कि अब तक इन महिलाओं ने उत्तर बंगाल के इन क्षेत्रों से कितनी लड़कियों की जिंदगी बर्बाद की है? पुलिस ने उनके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स को खंगालना शुरू कर दिया है. छापे की कार्रवाई में पुलिस ने 11 मोबाइल फोन समेत कई तरह के आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं. मोबाइलों के कॉल डिटेल्स में पीडित लड़कियां और उनके ग्राहकों के नंबर सामने आ रहे हैं. मुजफ्फरपुर पुलिस, सिलीगुड़ी और जलपाईगुड़ी पुलिस के साथ मिलकर इस पर विस्तृत विवेचना कर रही है. यह घटना मुजफ्फरपुर के साथ साथ सिलीगुड़ी और जलपाईगुड़ी में भी चर्चा का विषय बनी हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *