August 27, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

नेपाल की ‘तबाही’ कुछ लोगों के लिए ‘अवसर’ लेकर आई!

आमतौर मनुष्य की प्रवृत्ति हालात और परिस्थितियों से बदलती रहती है. जब आपदा आती है तो कुछ लोगों के लिए बर्बादी तय करती है. जबकि कुछ लोगों के लिए यह अवसर देती है. वर्तमान समय में जब इंसानियत शर्मसार हो रही है, जहां भौतिक सुख के आगे मनुष्य अपना विवेक, चरित्र और नैतिकता को ताक पर रखने लगे, वहां कुछ भी अनहोनी हो सकती है!

नेपाल में तबाही क्या आयी, कुछ लोगों ने इसका फायदा उठाना शुरू कर दिया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कई वीडियो और तस्वीरें वायरल हो रही है, जिनसे पता चलता है कि इंसान कितने बदल गए हैं. ऐसे वीडियो और तस्वीरों को देखने के बाद घृणा उत्पन्न होती है. क्या मनुष्य इतना गिर सकता है? ऐसे लोगों को आप क्या कहेंगे जो आपदा में अवसर की तलाश करते हैं.

नेपाल में विध्वंसकारी प्रलय आया है. सैकड़ों लोगों की मौत हो गई है.हजारों लोग लापता बताए जा रहे हैं. मुसीबत अभी थमी नहीं है. 50 लाख क्यूबिक मीटर पानी वाली झील फटने को तैयार है. ऐसे में नेपाल की दशा क्या होगी, सोचकर ही रूह कांप जाती है. नेपाल के लिए अगले 72 घंटे काफी महत्वपूर्ण है. राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चल रहे हैं. भारत सरकार ने नेपाल की मदद में कोई कमी नहीं रखी है.

एक तरफ नेपाल में एजेंसियां और सामाजिक संगठनों के लोग नागरिक आदि आपदा में घिरे लोगों की सहायता में आगे आए हैं तो दूसरी तरफ का मंजर दिल दहला देने वाला है. नदी अथवा सड़कों पर बहकर आई लाशों को निकालने के क्रम में कुछ लोगों की नजर मृतक अथवा मृतका के पहने कीमती स्वर्ण आभूषणों पर टिकी होती है. जैसे ही उन्हें पानी में बहती हुई लाश नजर आती है, वे दौड़ कर नदी किनारे पहुंच जाते हैं और लाश निकालने के क्रम में आभूषणों पर हाथ साफ करने लग जाते हैं.

कई लोग तो ऐसे भी हैं जो पीड़ित की मदद के नाम पर उनका कीमती सामान गायब कर देते हैं.कुछ लोग अपना उल्लू सीधा करने लग जाते हैं. इस तरह के वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. ऐसे दृश्य को देखकर नेपाल की जनता जो धर्म कर्म में ज्यादा दिलचस्पी लेती है,

वहां के कुछ लोगों के द्वारा इस तरह की हरकत देखकर क्या सोचती होगी! यह नेपाल के दामन पर एक दाग की तरह है. क्योंकि एक सच्चा नेपाली मानवता प्रेमी होता है और वह इस तरह की निंदनीय हरकत नहीं कर सकता है. नेपाल सरकार और प्रशासन को चाहिए कि ऐसे लोगों की पहचान करे. हो सकता है कि ये असामाजिक और अवांछित तत्व हों.

मनुष्य एक विवेकशील प्राणी है. पशुओं के पास दिमाग नहीं होता है. लेकिन मानव के पास विवेक ,बुद्धि और सदगुण होते हैं. ऐसी घटनाएं हैरान करने वाली है. नेपाल में तबाही का मंजर देखकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं. नेपाल में हर साल बाढ़ आती है. लेकिन इस तरह की प्राकृतिक आपदा पहली बार देखी जा रही है.

इस बीच चीन के जल मंत्रालय ने भविष्यवाणी की है कि हिमालय क्षेत्र में दो नदियों के संगम के पास एक झील बन गयी है, जहां पानी इतना जमा हो गया है कि अगर यह फट जाए तो आने वाली तबाही इससे भी ज्यादा बड़ी होगी.

नेपाल को इस तरह के खतरों का सामना आगे भी करना पड़ सकता है. ऐसे में नेपाल की जनता को एकजुट होकर प्रशासन का सहयोग करना चाहिए ना कि इस तरह की इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटनाओं को बढ़ावा दिया जाना चाहिए. उम्मीद की जानी चाहिए कि सोशल मीडिया में वायरल हो रही इन तस्वीरों को देखने के बाद स्थानीय संगठन और प्रशासन सच्चाई का पता लगाने के लिए आगे आए!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *