August 28, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

इस बार सिलीगुड़ी में कई क्लब दुर्गा पूजा का इतिहास बनाएंगे!

दुर्गा पूजा में अब ज्यादा दिन नहीं रह गए हैं. इस बीच सिलीगुड़ी में ज्यादातर पूजा समितियों और क्लबों के द्वारा खूंटी पूजा के साथ ही बजट को लेकर तैयारी शुरू हो गई है. बंगाल में सरकार बदलाव के साथ ही यह पहला अवसर है, जब विभिन्न दुर्गा पूजा कमेटियों के द्वारा अलग-अलग थीम पर कुछ स्पेशल करने की तैयारी शुरू हुई है.

एक तो सरकार बदली है, उसका अपना अलग रंग है और दूसरे में कई क्लब और पूजा कमेटियों के द्वारा उत्सव वर्ष की गोल्डन, डायमंड जुबली भी है और इसको यादगार बनाने के लिए भी इन कमेटियों के द्वारा पूजा को एक नया रंग देने की तैयारी है. सिलीगुड़ी में कई महत्वपूर्ण क्लब हैं, जिनकी पूजा हर साल बेमिसाल होती है. इन्हीं क्लबो में से एक है शक्तिगढ सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी. यह कमेटी इस साल डायमंड जुबली मनाने जा रही है.

शक्तिगढ सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी जलपाई मोड के पास स्थित है.इस बार इस दुर्गा पूजा कमेटी की थीम उत्तरेश्वर रखी गई है. इसी के अनुरूप पंडाल सज्जा से लेकर रोशनी प्रबंध और सभी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा और ऐसा पहली बार होगा, जब सिलीगुड़ी में कोई क्लब या दुर्गा पूजा कमेटी इस तकनीक का इस्तेमाल करेगी. अगर आप इस दुर्गा पूजा पंडाल में घूमने आते हैं तो आपका स्वागत ऑडियो विजुअल लेजर शो से होगा.

इससे पहले कदाचित सिलीगुड़ी के किसी और पंडाल में इस तकनीक का इस्तेमाल आपने नहीं देखा होगा.ऑडियो विजुअल लेजर शो पूजा को एक नई कलात्मक छवि प्रदान करता है.यह अपने आप में एक बेमिसाल है. शक्तिगढ़ सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से दावा भी किया जा रहा है कि इस तरह की तकनीक का इस्तेमाल पहले किसी ने नहीं किया है. इस पूजा पंडाल में कुछ विशेष प्रबंध किए जाएंगे, जिससे कि यह अनोखा साबित हो सके!

मिली जानकारी के अनुसार पूजा में आयोजन पक्ष मुंबई से कलाकारों को बुला रहे हैं. यह सभी कलाकार लेजर शो के जरिए पूजा घूमने आए लोगों के बीच अनोखे तरीके से शिव तांडव प्रस्तुत करेंगे. इस साल इस पूजा कमेटी का यह 75 वां वर्ष है. इसलिए डायमंड जुबली मनाने की तैयारी में कुछ अलग ही रंग नजर आने का दावा किया जा रहा है.

उत्तरेश्वर थीम की एक बड़ी विशेषता यहां की धार्मिकता, कलात्मकता और आधुनिकता से भी है. यह जो तकनीक होगी, इन सभी के मेल से एक अनुपम छवि उत्पन्न करेगी. आयोजकों की ओर से दावा किया जा रहा है कि केवल सिलीगुड़ी ही नहीं बल्कि पूरे उत्तर बंगाल में सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी शक्तिगढ एक उदाहरण प्रस्तुत करेगी.

अगर आप लेजर शो के जरिए भगवान शिव के तांडव का सजीव चित्रण देखना चाहते हैं, तो शक्तिगढ सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी का पंडाल आपको यह अवसर दे सकता है. शक्तिगढ सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी के अलावा सिलीगुड़ी की अन्य पूजा कमेटियों के द्वारा इस साल कुछ अलग करने की तैयारी की सूचना मिल रही है. बड़े-बड़े पूजा क्लब तो अपने बड़े शो के लिए जाने ही जाते हैं. इस बार छोटे भी एक नया रंग बिखरने के लिए तैयार हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *