September 2, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

No OTP, व्हाट्सएप पर credit का मैसेज आया, खाता चेक किया, पैसा गायब!

साइबर फ्रॉड कितनी तेजी से लूट का तौर तरीका बदल रहे हैं, यह रिपोर्ट आपको सावधान करने के लिए है. अभी तक साइबर फ्रॉड पुराने तरीके से लोगों को लूट रहे थे. जैसे कि डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी, लिंक पर क्लिक करना इत्यादि और इन सभी लूट के तरीकों से आप भलीभांति परिचित भी हैं. परंतु अब साइबर फ्रॉड का जो नया तरीका सामने आया है, इसे जानकर आपके होश उड़ जाएंगे.

सिलीगुड़ी के पंकज ने बताया कि रविवार को उसके मोबाइल पर ₹2000 उसके अकाउंट में क्रेडिट होने का मैसेज आया था. पंकज ने सोचा कि हो सकता है कि उसकी पत्नी को राखी का गिफ्ट समझकर उसके भाई यानी उनके साले ने पैसा भेजा हो. परंतु अगर ऐसा होता तो वह फोन करके जरूर बताते. फिर उसने सोचा कि हो सकता है कि वह कोई सरप्राइज देना चाहते हों. इसलिए पहले नहीं बताया. उसने एक बार फिर से मैसेज पढ़ा लेकिन सेंडर में उनके किसी अपने का कोई उल्लेख नहीं था. इसलिए वह सोच में पड़ गया.

वह अपनी पत्नी को इस बारे में बताना ही चाहता था कि अचानक उसके फोन की घंटी बजी. दूसरी तरफ से एक अज्ञात महिला ने बेहद ही दयनीय और अनुरोध भरे स्वर में कहा कि सर गलती से आपके अकाउंट में मेरे ₹2000 ट्रांसफर हो गए हैं. आप अपना अकाउंट चेक कर सकते हैं. दरअसल मैं यह पैसा अपनी दादी को भेज रही थी. दादी को पैसे की सख्त जरूरत है. आपसे अनुरोध है कि यह पैसे मुझे वापस कर दें. आपकी बड़ी मेहरबानी होगी.

पंकज को लगा कि हो सकता है कि महिला से यह भूल हो गई हो. क्योंकि एक नंबर इधर-उधर होने मात्र से ही पैसे किसी अन्य के अकाउंट में ट्रांसफर हो जाना कोई बड़ी बात नहीं है. पंकज ने पैसे वापस करने का फैसला कर लिया. फिर उसने सोचा कि आजकल साइबर फ्रॉड बहुत ज्यादा हो रहे हैं. कई बार मैसेज आ जाते हैं. लेकिन वह पैसा अकाउंट में आता ही नहीं. इसलिए उसे सर्वप्रथम अपना खाता चेक करना चाहिए. पंकज और दूसरी ओर से लाइन पर महिला की बातचीत हो ही रही थी कि पंकज की पत्नी ने सुन लिया. वह एक पढ़ी-लिखी महिला थी.

पंकज की पत्नी सुनीता को अब तक समझ में आ गया था कि पंकज के साथ साइबर ठगी की जा रही है. इसलिए वह सावधान हो गई थी. उसने सोशल मीडिया पर साइबर फ्रॉड के द्वारा नए तरीके से लोगों को लूटने और एक पुलिस अधिकारी के द्वारा ठगी के तरीके को विफल करने की जानकारी हासिल की थी. आज वह उसके काम आ रहा था. उसने पंकज को जैसा बताया, उसके बाद पंकज ने अपना बैलेंस चेक करने के लिए पहले अपना गलत pin डाला और फिर सही पिन डालकर अपना खाता चेक किया तो उसके खाते में पैसे जमा ही नहीं थे. जबकि दूसरी ओर से महिला उसके खाते में ₹2000 जमा होने की बात कह रही थी और इस बात पर भी जोर दे रही थी कि पंकज को अपना खाता चेक करना चाहिए.

सुनीता की होशियारी से पंकज साइबर ठगी से बच गया. अन्यथा उसका पूरा खाता साफ हो जाता. जी हां, साइबर ठगों ने लोगों को लूटने का एक अनोखा तरीका ढूंढ निकाला है. आने वाले कुछ दिनों में लोगों के साथ इस तरह की घटना घट सकती है. इसलिए खबर समय ने आपको सावधान करने के लिए यह रिपोर्ट तैयार की है. दरअसल साइबर ठग आपके मोबाइल पर पैसे जमा होने का मैसेज भेजते हैं. जब आपके अकाउंट में पैसे जमा होने का मैसेज आए तो सर्वप्रथम आप अपना अकाउंट चेक करने लग जाते हैं. बस उनका काम हो जाता है.

जैसे ही आप अपना अकाउंट चेक करने के लिए पिन डालते हैं, साइबर ठग, जो अपने मैसेज में एक तरह से विड्रोल अप्रूवल भेजते हैं, वह आप स्वीकार कर लेते हैं. लेकिन आपको इसके बारे में कुछ पता ही नहीं होता. पता तो तब चलता है जब आपका अकाउंट साफ हो चुका होता है. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को सलाह दी है कि अगर भविष्य में आपके साथ इस तरह की घटना घटती है तो इस तरह के फ्रॉड से बचने के लिए निम्न सावधानी बरतें.

किसी भी अनजान नंबर या किसी अपरिचित व्यक्ति के द्वारा आपके मोबाइल पर पैसे भेजने का मैसेज प्राप्त होता है तो तुरंत अपना अकाउंट चेक ना करें. साइबर फ्रॉड मैसेज भेजने के तुरंत बाद आपको फोन करते हैं और आपसे अपना अकाउंट चेक करने का अनुरोध करते हैं. आपको अपना अकाउंट चेक करने की जल्दी नहीं दिखानी चाहिए. साइबर फ्रॉड के द्वारा भेजा गया विड्रॉल अप्रूवल एक निश्चित समय तक ही एक्टिव रहता है. इस समय सीमा के भीतर अकाउंट चेक करने का मतलब यह होता है कि आप उनके जाल में फंस गए. इसलिए आपको तुरंत अपना खाता चेक करने की जरूरत नहीं है.

अगर सामने वाले के काफी अनुरोध के बाद खाता चेक करते हैं तो पहली बार में आप गलत पिन डालकर बैलेंस चेक करें. इससे विड्रॉल अप्रूवल डिस्कनेक्ट हो जाता है. दूसरी बार में सही pin डालकर अपना खाता चेक करें. आपको सच्चाई का पता चल जाएगा. सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस, अपराध शाखा और भारत सरकार के जिम्मेदार अधिकारियों के द्वारा लोगों को सावधान किया जा रहा है कि साइबर ठगों ने लोगों को लूटने का एक नया तरीका ढूंढ निकाला है. उनके नए तरीके को आप इसी तरह से सावधानी बरत कर विफल कर सकते हैं और अपनी मेहनत की कमाई की सुरक्षा कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *