October 1, 2026
Sevoke Road, Siliguri
stolen crime newsupdate siliguri siliguri metropolitan police theft case

रंग मिस्त्री ने घर के मंदिर से चुराया सामान, गिरफ्तार; चोरी का सामान बरामद !

https://khabarsamay.com/painter-arrested-for-stealing-items-from-home-temple-stolen-items-recovered/

माटीगाड़ा थाना क्षेत्र के चौरंगी मोड़ इलाके में एक घर के मंदिर से पूजा सामग्री चोरी करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 23 वर्षीय शुभम रॉय के रूप में हुई है। वह माटीगाड़ा के अनिलनगर इलाके का निवासी बताया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 28 सितंबर को घर में रंग-रोगन का काम करने के लिए एक रंग मिस्त्री को बुलाया गया था। काम के दौरान घर के मालिक किसी काम से बाहर चले गए। इसी दौरान आरोपी घर में काम करने के बाद वहां से चला गया। बाद में रात में घर के मंदिर में रखी पूजा सामग्री गायब होने की जानकारी सामने आई।

घटना को लेकर 29 सितंबर की रात करीब 12 बजे माटीगाड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर जांच शुरू करते हुए पुलिस ने करीब एक घंटे के भीतर, रात लगभग 1 से 1:30 बजे के बीच शुभम रॉय को हिरासत में लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की बात स्वीकार की। इसके बाद उसे सिलीगुड़ी अदालत में पेश कर तीन दिनों की पुलिस रिमांड में लिया गया। रिमांड के दौरान पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया गया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने चौरंगी मोड़ स्थित घर के पीछे सड़क किनारे जंगल में चोरी का सामान छिपाकर रखा था। वहां से चांदी की गणेश प्रतिमा, भोलेनाथ की प्रतिमा सहित मंदिर की अन्य पूजा सामग्री बरामद की गई।
मामले में आगे की जांच माटीगाड़ा थाना पुलिस द्वारा जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *