October 16, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

सिलीगुड़ी नगर निगम चुनाव में कौन होंगे भाजपा उम्मीदवार, पार्टी ने लिया बड़ा फैसला!

अगर आप भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता हैं, अपने क्षेत्र में लोगों की सेवा कर रहे हैं, लोग आपको चाहते भी हैं तो आपको भाजपा का टिकट मिलना तय है. इस बार पार्टी तथाकथित बड़े नेताओं पर आंख मूंद कर मोहर नहीं लगाएगी. बल्कि तन मन धन से जनता जनार्दन की सेवा करने वाले वरिष्ठ व लोकप्रिय कार्यकर्ताओं को तरजीह दी जाएगी. पार्टी हाई कमान ने स्पष्ट कर दिया है कि नगर निगम चुनाव में किसी एक बड़े नेता का एक तरफा फैसला स्वीकार नहीं होगा.

सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार सिलीगुड़ी नगर निगम चुनाव में प्रदेश भाजपा अपने पार्टी कार्यकर्ताओं को असंतोष से बचाने के लिए एक नई रणनीति अपना रही है. ईमानदार व स्वच्छ छवि के लोकप्रिय समर्पित कार्यकर्ता पार्षद का चुनाव लड़ सकते हैं. इस तरह का संकेत भी मिलने लगा है. ऐसे में अगर आप बीजेपी से जुड़े हैं और बिना किसी लालच या आकांक्षा के पार्टी की सेवा करते हुए अपने क्षेत्र में जनता जनार्दन की सेवा कर रहे हैं, तो आप भाजपा के उम्मीदवार हो सकते हैं.

त्यौहारों के बाद यानी दीपावली, काली पूजा व छठ पूजा के बाद कोलकाता, हावड़ा व सिलीगुड़ी नगर निगम के चुनाव की घोषणा तय मानी जा रही है. उससे पहले भारतीय जनता पार्टी ने निगम चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की तलाश शुरू कर दी है. इस बार पार्टी ने जैसी रणनीति तैयार की है, उसके अनुसार निगम के चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवार एक साधारण पार्टी कार्यकर्ता भी हो सकते हैं. उम्मीदवारों का चयन कुछ इसी तरह से चौंकाने वाला हो सकता है, जैसे हाल ही में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने चार प्रदेशों के चार ऐसे साधारण भाजपा नेताओं को राज्यपाल बनाया है, जिन्हें सपने में भी उम्मीद नहीं थी कि पार्टी उनपर इतनी बड़ी जिम्मेवारी दे सकती है.

पार्टी सूत्रों ने बताया कि नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा के उम्मीदवारों का चयन लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा. केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री और भाजपा सांसद सुकांत मजूमदार ने संकेत दिया है कि आने वाले नगर निगम के चुनाव में उम्मीदवारों के चयन के लिए ड्रॉप बॉक्स का इस्तेमाल होगा. अगर आप भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता है, अपने क्षेत्र में चर्चित व लोकप्रिय हैं, और यह विश्वास है कि आप चुनाव जीत सकते हैं, तो अपना नाम और बायोडाटा ड्रॉपबॉक्स में डाल सकते हैं. पूजा के बाद इसकी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी.

भाजपा के उम्मीदवार कौन हो सकते हैं, सुकांत मजूमदार ने संकेत दिया है कि क्षेत्र के लोकप्रिय चिकित्सक, शिक्षक, समाज सुधारक, जनसेवक व प्रतिष्ठित बुद्धिजीवी अथवा पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता भाजपा के उम्मीदवार हो सकते हैं. यह भी संकेत मिला है कि सिलीगुड़ी नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी युवाओं को प्राथमिकता दे सकती है. उम्मीदवार का चयन करने से पहले जिला चुनाव कोर कमेटी उम्मीदवार की पृष्ठभूमि की जांच करेगी और अपना प्रस्ताव राज्य समिति को भेजेगी. राज्य समिति के अनुमोदन के बाद ही नाम पर अंतिम मुहर लगेगी.

प्रदेश भाजपा ने स्पष्ट कर दिया है कि नगर निगम का चुनाव केवल राजनीतिक एजेंडा नहीं है, बल्कि पार्टी का उद्देश्य शहर का विकास और बेहतर नागरिक सुविधाएं हैं. प्रदेश भाजपा में राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, कोलकाता नगर निगम चुनाव के प्रभारी सुकांत मजूमदार, राज्यसभा सदस्य राहुल सिंहा, भाजपा के संगठन महामंत्री अमिताभ चक्रवर्ती, विधायक संजय सिंह, रूद्र नील घोष आदि उम्मीदवार के नाम पर अंतिम मुहर लगाने से पहले जिला स्तर के नेताओं की सलाह भी ले सकते हैं.

सिलीगुड़ी नगर निगम का चुनाव इस बार बड़े फलक पर होगा. सूत्रों ने बताया कि परिसीमन के बाद उम्मीदवार चयन के लिए पार्टी ड्रॉपबॉक्स अथवा क्षेत्र की जनता की राय ले सकती है. इस बार किसी की भी सिफारिश नहीं चलने वाली है. केंद्रीय हाई कमान ने स्पष्ट कर दिया है कि जो काम करेंगे, वही ऊपर जाएंगे. सिलीगुड़ी नगर निगम का चुनाव नवंबर के आखिर में हो सकता है.

केंद्रीय और प्रदेश भाजपा के दिशा निर्देश के बाद पार्टी के ऐसे कार्यकर्ताओं की उम्मीद बढ़ गई है, जो चुनावों में अब तक अपने नेता का झंडा उठाते रहे हैं. जबकि उनकी योग्यता और क्षमता अपने नेता से भी ज्यादा है. अब उनके सपने साकार हो सकते हैं. बहरहाल यह देखना होगा कि भारतीय जनता पार्टी का उम्मीदवार चयन का यह अघोषित मानदंड जमीन पर कितना खरा उतरता है!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *