बस कुछ ही दिनों की बात है. सिलीगुड़ी के लोगों को एक खूबसूरत सिलीगुड़ी का दीदार करने का अवसर प्राप्त होगा. इसकी शुरुआत सिलीगुड़ी की सभी प्रमुख सड़कों, चौक-चौराहों, हाट बाजार से हो रही है. अभी आप सिलीगुड़ी की सड़कों तथा चौराहों पर जो नजारा देखते हैं, उसे देखकर अंदर ही अंदर कोफ्त होती है. जैसे सिलीगुड़ी शहर नहीं, बल्कि एक कस्बा मात्र रह गया है. अव्यवस्था… अराजकता-सी स्थिति!
यह स्थिति तब और ज्यादा भयंकर बन जाती है, जब आपका वाहन बाजार के रास्ते से गुजरता है. उदाहरण के लिए आप विधान मार्केट क्षेत्र को ही ले लीजिए. शाम के समय यहां सड़क पर ही ठेले वाले, पटरी लगाने वाले, छोटे बड़े दुकानदार जहां तहां खड़े बैठे मिल जाएंगे. गुटखा सिगरेट बेचने वाले छोटे अस्थायी दुकानदार भी सड़क पर ही अपनी दुकान लगा देते हैं. वहीं सड़क के एक तरफ टोटो -ऑटो वाले भी अपनी गाड़ी खड़ी कर देते हैं. आप इस तरह का नजारा वर्षों से देखते आ रहे हैं.
अगर सब कुछ ठीक-ठाक रहा और जिस तरह की सिलीगुड़ी नगर निगम और ट्रैफिक विभाग ने योजना बनाई है, उसे जमीन पर उतारा गया तो दुकान के आगे दुकान लगाने का धंधा अब बंद होने वाला है. आप सड़क पर पटरी वाले, ठेले वालों को भी नहीं देख सकेंगे और ना ही समोसे, जलेबी की दुकान को देख सकेंगे जो किसी दुकान के आगे, आजू बाजू में सड़क पर नजर आते हैं. साइकिल से रोड पर गुटखा पान सिगरेट बेचने वाले भी नजर नहीं आएंगे. कुल मिलाकर बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण करने वाले अस्थाई दुकानदारों पर शामत आने वाली है!
हालांकि सिलीगुड़ी प्रशासन, नगर निगम प्रशासन, ट्रैफिक विभाग और राज्य के पर्यटन मंत्री ने इसकी डेडलाइन नवंबर महीने से ही तय की है. परंतु यह इतनी जल्दी संभव नहीं है. क्योंकि प्रशासनिक इंतजाम से पहले प्रशासन को यहां के विभिन्न व्यापारिक संगठनों को विश्वास में लेना होगा. टोटो चालकों के विभिन्न समूहों के साथ भी बैठक करनी होगी. कुछ नियम बनेंगे और उसके बाद ट्रायल शुरू होगा. फिर सरकारी फरमान जारी होगा, जिसका पालन व्यापारिक संगठनों और टोटो चालकों को करना होगा. पूरी तरह बदलाव में दो-तीन महीने लग सकते हैं.
इस आधार पर यह उम्मीद की जानी चाहिए कि जनवरी 2027 से सिलीगुड़ी के रोड और चौराहों का लुक बदल जाएगा. अभी आप सेवक मोड, हाशमी चौक, एयरव्यू मोड, पानी टंकी मोड, नौका घाट, सिलीगुड़ी जंक्शन क्षेत्र , मल्लागुड़ी क्षेत्र, दार्जिलिंग मोड, चेक पोस्ट, सिलीगुड़ी जिला अस्पताल के आसपास आदि इलाकों में सड़कों पर व्यस्त ट्रैफिक के साथ ही दुकान के आगे दुकान लगाते दुकानदारों को देख सकते हैं. भविष्य में दुकान के आगे दुकान लगाने का सिलसिला बंद हो जाएगा और बंद हो जाएगा सड़कों पर टोटो वालों की अडडेबाजी तो सहज ही कल्पना की जा सकती है कि सिलीगुड़ी की खूबसूरती किस कदर बढ़ जाएगी!
इस कदम से एक तरफ जहां अतिक्रमण के खिलाफ कानून का पालन होगा, तो दूसरी तरफ सिलीगुड़ी की सड़कों की हालत सुधरेगी. सड़क पहले से काफी अधिक चौड़ी नजर आएगी. ट्रैफिक का दबाव कम होगा. गाड़ियां सरपट भागेंगी. दमकल से लेकर एम्बुलेंस तक सही समय पर मौके पर पहुंचकर अपना कार्य कर सकेंगी. लेट लतीफ से मुक्ति मिलेगी. परंतु यह बता दूं कि सरकार की यह योजना है. इसका क्रियान्वयन आसान नहीं होगा.
हालांकि दावा किया जा रहा है कि सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा, नगर निगम आयुक्त बंदवासी तेजा दीपक, सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के अन्य अधिकारियों के साथ पर्यटन मंत्री शंकर घोष की बैठक में बाकायदा योजना बनाई जा चुकी है और नवंबर से सिलीगुड़ी नगर निगम पुलिस प्रशासन से मिलकर योजना को अमली जामा पहनाने के लिए अभियान चलाएगी. जो भी हो, जल्द ही प्रशासन की कथनी और करनी सामने नजर आएगी!
