November 13, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

आमदनी अठन्नी, खर्चा रुपया! महंगाई बढ़ेगी, कमाई घटेगी!

आमदनी अठन्नी खर्चा रुपैया, भले ही किसी फिल्म का नाम हो. परंतु यह नाम मुहावरे से भी ज्यादा बढ़कर जीवन और जीवन चर्या को प्रभावित करने की कसौटी पर पूरी तरह सत्य है. किसी अनुभवी व्यक्ति का यह तजुर्बा अब प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में खलबली मचाने वाला है. आने वाला समय हर किसी को प्रभावित करने वाला है.

जरा कल्पना कीजिए कि आपकी जेब में ₹500 है और आप इन रूपयों से दो दिनों के लिए बाजार से सब्जी, मसाले के अलावा दैनिक उपयोग की थोड़ी सी सामग्री खरीदना चाहते हैं. खरीदने के लिए बाजार भी निकले हैं. लेकिन बाजार में जाते ही केवल सब्जियों में ही आपके ₹500 टूट गए ,तो फिर क्या होगा! यह स्थिति किसी को भी व्याकुल कर देती है. समझ लीजिए कि कुछ ऐसी ही स्थिति आपके समक्ष उत्पन्न होने वाली है!

सिलीगुड़ी के जो लोग कमाई बढ़ने और महंगाई घटने का अनुमान लगा रहे थे, उन्हें जोर का झटका लगा है. अक्टूबर महीने के दौरान भारत की खुदरा महंगाई दर बढ़कर आरबीआई की महंगाई सीमा 6% से भी ऊपर चली गई है. यह महंगाई 2 साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है. हर छोटे से लेकर बड़ा परिवार इसका अनुभव भी करने लगा है. लोगों ने कहना शुरू कर दिया है कि आमदनी अठन्नी खर्चा रुपैया!

खाद्य वस्तुओं तथा सेवाओं की कीमतों में बढ़ोतरी का लोगों पर दिखने लगा है असर. तेल, दाल, दूध, सब्जी और प्याज के दाम में बढ़ोतरी हुई है. एक सरकारी आंकड़े के अनुसार अक्टूबर में प्याज के दाम में पिछले साल अक्टूबर की तुलना में 116% तो लहसुन के दाम में 61 प्रतिशत, नींबू के दाम में 47% का इजाफा देखा जा रहा है. हालांकि आलू के भाव में पिछले साल अक्टूबर के मुकाबले 14.24%, फूलगोभी में 10.57% ,बैंगन में 3.34% तो पत्ता गोभी में दो प्रतिशत की गिरावट देखी जा रही है.

लेकिन सिलीगुड़ी के बाजार में यह गिरावट कम ही देखी जा रही है. आज भी फूलगोभी का खुदरा भाव ₹30 से लेकर ₹40 प्रति किलो, बैंगन ₹60 प्रति किलो, तो पत्ता गोभी ₹30 से लेकर ₹40 प्रति किलो बिक रही है. दो बरसों में पहली बार ऐसा है जब महंगाई दर आरबीआई के 6 प्रतिशत के स्तर से भी ऊपर पहुंच गई है. अक्टूबर 2024 में खुदरा महंगाई दर 6.25% थी. महंगाई दर के इस आंकड़े के बाद आरबीआई के द्वारा रेपो रेट में एक और वृद्धि की आशंका व्यक्त की जा रही है.

विशेषज्ञों के अनुसार महंगाई बढ़ने का एक बड़ा कारण दूध, पेय एवं खाद्य पदार्थों की महंगाई है. इस महीने यह महंगाई और ज्यादा बढ़ जाएगी. नवंबर में खाद्य एवं पेय पदार्थों की महंगाई 8% से भी ऊपर रहने का अनुमान लगाया गया है. चीनी की कीमत पहले ही बढ़ चुकी है. प्याज की कीमत रोज ही बढ रही है. इन सभी वस्तुओं की बढती कीमतों ने बाजार और उपभोक्ताओं पर दबाव डालना शुरू कर दिया है.

दूसरी तरफ बढ़ती महंगाई की तुलना में नौकरीपेशा अथवा व्यापारियों की आमदनी नहीं बढ़ रही है, जिससे उन्हें महंगाई और आमदनी के बीच सामंजस्य स्थापित करने में कई भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. तीज त्यौहारों के समय तो एक मध्यम वर्गीय व्यक्ति आवश्यकता की पूर्ति के चक्कर में कर्ज के दलदल में धंसता जा रहा है.

एक आम व्यक्ति से लेकर मध्यम वर्गीय व्यक्ति को जीने के लिए या तो अधिक कमाई के लिए उपाय करने होंगे या फिर अपनी आवश्यकता को कम से कम करना होगा, अन्यथा बैंकों से कर्ज का भारी दबाव आपके जीवन में उथल-पुथल और तबाही ला सकता है. इसलिए अब समय है कि महंगाई और आय के बीच सामंजस्य बनाएं. अपनी जरूरत पर नियंत्रण रखें और जीने के लिए सरल मार्ग पर चलें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *