November 18, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

सिलीगुड़ी और आसपास में मादक पदार्थों के तस्करों की अब खैर नहीं! पुलिस के साथ सांठ-गांठ का होगा पर्दाफाश!

सिलीगुड़ी समेत उत्तर बंगाल में मादक पदार्थों की तस्करी का पुराना खेल अब होगा बंद. तस्करों की अब खैर नहीं. नहीं होगी उनकी जमानत! केस डायरी तैयार करने में गड़बड़ झाला करने वाले अफसर जाएंगे जेल! पुलिस महकमे में संदिग्ध पुलिस वालों पर नजर रखी जाएगी. यह पता लगाया जाएगा कि कहीं तस्करों के साथ पुलिस वालों की सांठगांठ तो नहीं है? अगर ऐसा नहीं है तो क्यों कोर्ट से आसानी से मिल जाती है उनकी जमानत? इस बार सुवेंदु अधिकारी की सरकार ने सुबहएंडू अधिकारी की सरकार ने जैसे फैसला कर लिया है अब नहीं तो कभी नहीं जल्द ही रिजल्ट सामने आएगा!

भारत नेपाल सीमा से सटे राष्ट्रीय राजमार्ग पर मादक पदार्थों की अदला बदली की साजिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ब्राउन शुगर और प्रतिबंधित कफ सिरप की कई बोतलों को बरामद किया है. आरोपी का नाम स्वप्न बर्मन है और वह नक्सलबाड़ी का निवासी है. आरोपी लंबे समय से इस कारोबार में लिप्त था. वह पहले भी जेल जा चुका है.

उधर बागडोगरा थाना पुलिस ने भी मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाते हुए 268 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ बाबुल हुसैन नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. ऐसी खबरें रोज ही देखने सुनने को मिलती है. फिर क्या कारण है कि सिलीगुड़ी से लेकर बागडोगरा तक मादक पदार्थों के खिलाफ सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के चलाए गए अभियान को सफलता नहीं मिल रही है? क्यों नहीं मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लग रहा है? चलिए इस बात को समझते हैं.

मादक पदार्थों का धंधा कोई भी हो, अगर धंधे बाज को उसके किए का पूरा दंड मिले, तो वह शायद दोबारा धंधे में लौटने का साहस न कर सके. मादक पदार्थों के कारोबार में लगे लोग कोई नए नहीं होते हैं.वह पहले भी जेल जा चुके होते हैं. जमानत पर छूटने के बाद वह फिर से अपने पुराने धंधे में लौट आते हैं. देखा गया है कि ऐसे कारोबार में लगे लोगों की जमानत जल्द ही मिल जाती है. कई बार तो उन्हें जेल भी नहीं जाना पड़ता. कोर्ट से उन्हें आसानी से जमानत मिल जाती है.

अब इस स्थिति को राज्य सीआईडी ने समझना शुरू कर दिया है. सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस मादक पदार्थों के जाल को जड़ से काटने के लिए कई मोर्चों पर काम कर रही है. सीआईडी की कोशिश यह पता लगाना है कि आखिर आरोपी को कोर्ट से आसानी से जमानत क्यों मिल जाती है. गुप्तचर एजेंसियां पता लगा रही हैं कि आरोपियों की गिरफ्तारी, मादक पदार्थों की जब्ती, साक्ष्य संग्रह और केस डायरी तैयार करने के दौरान पुलिस से कहीं जानबूझकर अथवा अनजाने में चूक तो नहीं हो रही? यह भी पता लगाया जा रहा है कि मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई में तस्करों और पुलिस के बीच कहीं गठजोड़ तो नहीं है?

सीआईडी चरण दर चरण आगे बढ़ रही है. तस्करी के इस धंधे में लगे सफेद पोश चेहरों की तलाश भी की जा रही है. सिलीगुड़ी और आसपास के इलाकों में ब्राउन शुगर तथा हेरोइन की तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. सीआईडी की जांच तस्करों और उनके नेटवर्क से आगे पुलिस विभाग के संरक्षण तक पहुंची है. क्या पुलिस तस्करों का संरक्षण कर रही है? सीआईडी ने यह पता लगाना शुरू कर दिया है. ऐसे मामलों में कई बार पुलिस और तस्करों के बीच सांठगांठ भी रहती है, जिसका फायदा तस्कर उठाते हैं.

हालांकि कई पुलिस वाले काफी ईमानदार भी होते हैं. लेकिन केस बनाते समय कहीं न कहीं उनसे कुछ चूक रह जाती है, जिसका फायदा आरोपी को कोर्ट में मिल जाता है. आरोपी के वकील कोर्ट में साबित कर देते हैं कि उनका मुवक्किल निर्दोष है और इसलिए वह जमानत का हकदार है. एजेंसी इस बात का पता लगा रही है कि कहीं जानबूझकर पुलिस आरोपी को बचाने के चक्कर में चूक तो नहीं कर देती है! अगर जांच में पुलिस की भूमिका पाई गई तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सकती है. उन्हें निलंबित भी किया जा सकता है.

देर आए दुरुस्त आए. राज्य सरकार ने देर से ही सही एक ठोस कदम उठाया है. मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ आर पार की लड़ाई में एक बड़ी सफलता मिल सके और सिलीगुड़ी समेत पूरे राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी के कारोबार पर लगाम लगाई जा सके, इसके लिए खूब सोच समझ कर राज्य सरकार ने सीआईडी को यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है. अब देखना होगा कि सीआईडी इसमें कितना कामयाब होती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *