सिलीगुड़ी,दार्जिलिंग समेत पूरे उत्तर बंगाल एवं सिक्किम के लिए केंद्र सरकार ने एक बड़ा तोहफा दिया है. इन क्षेत्रों में कनेक्टिविटी, पर्यटन विकास, रोजगार और बेरोजगारी को दूर करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से एक लाख करोड़ की ऐसी परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं, जिसके पूरा होने पर समतल एवं पहाड़ के बीच न केवल दूरियां घटेंगी, बल्कि उनका आकर्षण भी बढेगा. सबसे बड़ा तोहफा महानंदा नदी पर पुल का निर्माण है.
महानंदा नदी पर 277 करोड़ से अधिक की लागत से सेतु का निर्माण किया जाएगा. एक लंबे समय से महानंदा पर सेतु निर्माण की मांग की जा रही थी. आखिरकार केंद्र सरकार ने यह कदम उठाया है. माल बाजार से गुजरां झोड़ा, माल, निओरा तक फोरलेन सड़क निर्माण एवं 6 किलोमीटर सेतु निर्माण के लिए केंद्र सरकार की 375 करोड़ से अधिक खर्च करने की योजना है. इन क्षेत्रों के लोगों ने इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए अपने क्षेत्र के सांसद, विधायकों तथा दार्जिलिंग के भाजपा सांसद राजू बिष्ट के माध्यम से आवाज उठाई थी. केंद्रीय सड़क निर्माण एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने देर से ही सही, एक मजबूत कदम उठाया है.
गोरखपुर से सिलीगुड़ी तक सिक्स लेन ग्रीन एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पहले ही शुरू की जा चुकी है.अब सिलीगुड़ी से असम व उत्तर पूर्व भारत तक 38000 करोड़ की लागत से हाईवे का निर्माण किया जाना है.अगर यह पूरा होता है तो दिल्ली से उत्तर पूर्व भारत की न केवल दूरी घटेगी, बल्कि दिल्ली से उत्तर पूर्व भारत सीधा जुड़ जाएगा. सिलीगुड़ी, पहाड़, समतल एवं Dooars में गरीबी एवं बेरोजगारी एक विकराल समस्या है. केंद्र सरकार की इन परियोजनाओं से यहां के लोगों को काम मिलेगा.
सिलीगुड़ी एवं सिक्किम के बीच सड़क संपर्क को सुदृढ करने एवं दोनों के बीच कनेक्टिविटी को अधिक से अधिक सशक्त करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से सिलीगुड़ी से सिक्किम तक लगभग 6000 करोड़ की लागत से फोरलेन हाईवे का निर्माण, सिलीगुड़ी और सिक्किम के बीच आपसी व्यापार एवं पर्यटन के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. इसके लिए डीपीआर तैयार किया जा रहा है. सिलीगुड़ी से गुवाहाटी फोरलेन हाईवे निर्माण पर 26000 करोड रुपए खर्च किये जाएंगे.
सबसे बड़ी उपलब्धि दार्जिलिंग से सिलीगुड़ी तक वैकल्पिक सड़क निर्माण योजना है. इस पर अनुमानित 6000 करोड रुपए खर्च होगा. इसके लिए डीपीआर तैयार किया जा रहा है.
