सिलीगुड़ी, 10 जून: देश के प्रधानमंत्री की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर सफलता की कामना को लेकर बुधवार को सिलीगुड़ी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से विशेष पूजा एवं प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री के रूप में स्वतंत्र भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा देने का नया कीर्तिमान स्थापित करने के अवसर पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के विशेष निर्देश पर राज्यभर के विभिन्न मंदिरों, मस्जिदों, गिरिजाघरों तथा अन्य धार्मिक स्थलों में पूजा-अर्चना, प्रार्थना एवं आरती का आयोजन किया गया। इसी क्रम में भाजपा के सिलीगुड़ी संगठनात्मक जिला इकाई की ओर से शहर के मायर इच्छा कालीबाड़ी मंदिर में विशेष पूजा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा के कार्यकर्ता एवं समर्थक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा देश के विकास में उनके नेतृत्व की निरंतरता के लिए प्रार्थना की। पूजा, आरती और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इस अवसर पर भाजपा के सिलीगुड़ी संगठनात्मक जिला के मुख्य प्रवक्ता बापी पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का स्वस्थ और दीर्घायु होना देशहित में अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनके मंगलमय जीवन एवं निरंतर सफलता की कामना करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की।
उन्होंने कहा कि देश की प्रगति और आम जनता के कल्याण के लिए प्रधानमंत्री का नेतृत्व आने वाले समय में भी इसी प्रकार जारी रहे, यही सभी की कामना है।
कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित थे। उपस्थित लोगों का मानना था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान और ऊंचाइयां हासिल की हैं तथा उनके नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित करता रहेगा।

