May 11, 2024
Sevoke Road, Siliguri
उत्तर बंगाल कालिम्पोंग लाइफस्टाइल

सिक्किम में मां बनने वाली महिला को 1 साल की छुट्टी मिलेगी!

भारत के सभी राज्यों में सबसे कम आबादी वाला सिक्किम एक ऐसा प्रदेश है,जो भले ही जनसंख्या के हिसाब से छोटा प्रदेश हो, परंतु देश और दुनिया में संस्कृति, सुरक्षा, कानून और सरकारी कर्मचारियों के सहयोग के मामले में देश के दूसरे राज्यों का मार्गदर्शन कर रहा है.

हिमालय की गोद में बसे सिक्किम प्रदेश में सरकार और कर्मचारियों का परस्पर सहयोग, कार्यों में पारदर्शिता के साथ-साथ कानून का पालन और जनभागीदारी बहुत महत्वपूर्ण स्थान रखती है. सिक्किम सरकार ने समय-समय पर अपने कर्मचारियों का ध्यान रखा है तथा उनके हित और बच्चों के कल्याण के लिए कई कार्यक्रमों की घोषणा की है.

सिक्किम एक ऐसा प्रदेश है जहां अधिकांश लोग सरकारी नौकरी में है. अगर यह कहा जाए तो कोई गलत नहीं होगा कि सिक्किम में घर घर में सरकारी सेवा में लगा कोई ना कोई मिल जाएगा. सरकारी कर्मचारी एवं अधिकारी सिक्किम के विकास और उसे अद्वितीय बनाने के लिए एकजुटता से काम करते हैं. कुछ समय पहले सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने सिक्किम के लोगों तथा सिक्किम के राज्य कर्मचारियों के लिए पदोन्नति समेत कई योजनाओं की घोषणा की थी.

सिक्किम में सरकारी सेवा में कार्यरत महिलाओं के लिए समय-समय पर सिक्किम सरकार ने मेहरबानी दिखाई है. मातृत्व लाभ अधिनियम 1961 के तहत सिक्किम में नौकरी शुदा महिलाओं को 6 महीने अथवा 26 सप्ताह का सवैतनिक मातृत्व अवकाश मिलता है.अब ऐसी महिलाओं को पूरे 1 साल की सवैतनिक छुट्टी मिलेगी. इतना ही नहीं बच्चे के पिता को भी 1 महीने की छुट्टी मिलेगी. वह भी वेतन के साथ.

आपको बताते चलें सिक्किम में सिलीगुड़ी की आबादी से ज्यादा आबादी नहीं है.यहां 632000 लोग निवास करते हैं. सिलीगुड़ी में भी 600000 से अधिक लोग निवास करते हैं. सिक्किम कितना छोटा प्रदेश है, इसी बात से समझा जा सकता है कि सिलीगुड़ी शहर बंगाल का जिला भी बन नहीं पाया है, जबकि सिक्किम पूरा एक प्रदेश बन गया है.

सिक्किम के मुख्यमंत्री ने सिक्किम राज्य सिविल सेवा अधिकारी संघ की वार्षिक आम सभा को संबोधित करते हुए यह बात कही है. उन्होंने सरकारी महिला कर्मचारियों के हित में यह ऐलान करते हुए कहा है कि जल्द इस संबंध में एक विस्तृत अधिसूचना जारी किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सरकार के इस नियम का फायदा सभी को मिल सके इसके लिए नियमों में बदलाव किया जाएगा.

सिक्किम के मुख्यमंत्री ने सिक्किम के सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों की तारीफ में कहा है कि अधिकारी राज्य प्रशासन की रीढ है. उन्होंने सिक्किम का विकास किया है और राज्य के लोगों की भलाई के लिए काम किया है. सिक्किम के विकास में उनका अद्वितीय योगदान है. उन्होंने सिविल सेवा अधिकारियों के लिए प्रमोशन की प्रक्रिया पर ध्यान देने की बात कही है. उन्होंने इस मौके पर नए आईएएस अधिकारियों तथा सिक्किम सिविल सर्विस अधिकारियों को बधाई दी है.

बहुत जल्द सिक्किम के लाखों नौकरी पेशा लोगों को मैटरनिटी और पैटरनिटी लाभ मिलने जा रहा है. राज्य सरकार के कर्मचारियों ने सिक्किम के मुख्यमंत्री तमांग की पहल का स्वागत किया है. मुख्यमंत्री तमांग ने बुधवार को सिक्किम राज्य सिविल सेवा अधिकारी संघ की बैठक में यह ऐलान किया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

DMCA.com Protection Status