May 27, 2026
Sevoke Road, Siliguri
siliguri newsupdate sad news siliguri college siliguri metropolitan police

सिलीगुड़ी कॉलेज में Admission को लेकर बवाल, छात्र संगठनों में हिंसक झड़प; TMCP नेता घायल !

https://khabarsamay.com/admissions-to-siliguri-college-sparks-violent-clash-between-student-organisations-tmcp-leader-injured/

सिलीगुड़ी कॉलेज में दाखिला प्रक्रिया को लेकर सोमवार को एक बार फिर कॉलेज परिसर रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। छात्रों की सहायता के लिए लगाए गए हेल्प डेस्क को लेकर दो छात्र संगठनों के बीच तनाव इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की, बहस और हिंसक झड़प में बदल गया।

इस घटना में तृणमूल छात्र परिषद (TMCP) के छात्र नेता विवेक झा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद कॉलेज परिसर में दहशत का माहौल बन गया और कई छात्र-छात्राओं ने खुद को असुरक्षित महसूस करने की बात कही।

सूत्रों के मुताबिक, दाखिला संबंधी सहायता शिविर चलाने को लेकर पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। बाद में विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक पहुंच गया। स्थिति बिगड़ने पर पूरे कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

टीएमसीपी का आरोप है कि एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने योजनाबद्ध तरीके से उनके हेल्प डेस्क पर हमला कर तोड़फोड़ की। वहीं एबीवीपी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह TMCP का अंदरूनी विवाद है।

घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल और केंद्रीय बल कॉलेज परिसर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया। फिलहाल कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

इधर, घटना के बाद सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देव घायल छात्र नेता विवेक झा के घर पहुंचे और उनकी सेहत का हालचाल जाना। उन्होंने परिवार से बातचीत कर घटना की कड़ी निंदा की। मेयर ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षण संस्थानों में इस तरह की हिंसा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जा सकती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *