सिलीगुड़ी: सोमवार को सिलीगुड़ी कॉलेज परिसर में नए छात्रों की सहायता के लिए लगाए गए हेल्प डेस्क को लेकर SFI और ABVP के कार्यकर्ताओं के बीच तनाव और तीखी बहस की घटना सामने आई। दोनों छात्र संगठनों ने कॉलेज परिसर में अलग-अलग हेल्प डेस्क लगाए थे।
SFI का आरोप है कि नए दाखिला लेने वाले एक छात्र की मदद करने के दौरान ABVP कार्यकर्ताओं के साथ कहासुनी शुरू हो गई। इसके बाद संगठन के एक सदस्य के साथ मारपीट की गई।
वहीं, ABVP ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। संगठन के सचिव सौगत दास ने कहा कि एक नए छात्र को बार-बार भ्रमित किया जा रहा था। जब उनके कार्यकर्ताओं ने इस पर आपत्ति जताई, तो केवल मामूली बहस हुई। उन्होंने स्पष्ट किया कि SFI के किसी भी सदस्य के साथ मारपीट नहीं की गई। उनका दावा है कि जिस व्यक्ति ने मारपीट का आरोप लगाया है, वह बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चलाते समय गिरकर घायल हुआ था और इस घटना का ABVP से कोई संबंध नहीं है।
इधर, सिलीगुड़ी कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. सुजीत कुमार घोष ने बताया कि इस घटना को लेकर अब तक किसी भी छात्र संगठन की ओर से कॉलेज प्रशासन के पास न तो कोई लिखित और न ही मौखिक शिकायत दर्ज कराई गई है।

