June 3, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

क्या आपके बैंक खाते में ₹3000 आए?

जैसे ही मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने अन्नपूर्णा भंडार योजना के तहत हर महीने दी जाने वाली ₹3000 की आर्थिक सहायता राशि जारी की, सिलीगुड़ी में भी महिलाओं में उत्साह देखा गया. बहुत सी महिलाओं ने अपने बैंक खाते भी चेक करवाए, लेकिन उनके खाते में यह रकम नहीं पहुंची है. इससे कई महिलाओं को निराश भी होना पड़ा है. हालांकि यह एक शुरुआत है.

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने आज अन्नपूर्णा भंडार योजना की विधिवत शुरुआत कर दी और इसके तहत पात्र महिलाओं को हर महीने ₹3000 उनके बैंक खाते में ट्रांसफर करने की भी शुरुआत कर दी. आज मुख्यमंत्री ने 28 लाख 25 हजार 769 महिलाओं के बैंक खाते में डीबीटी के जरिए ₹3000 की राशि ट्रांसफर की.

इससे पहले सुबह में राज्य कैबिनेट की बैठक हुई. इसमें शपथ लेने वाले 35 नए मंत्रियों को विभाग आवंटित किया गया. तत्पश्चात अन्नपूर्णा भंडार योजना का कार्यक्रम शुरू किया गया.राज्य की भाजपा सरकार ने चुनाव से पहले राज्य की महिलाओं से वादा किया था कि अगर उनकी पार्टी की सरकार बनती है तो प्रत्येक महिला के खाते में तीन ₹3000 की रकम ट्रांसफर की जाएगी.

भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने अपना वादा पूरा किया है. बीजेपी सरकार ने अपने वादे के अनुरूप 1 जून से राज्य की बसों में महिलाओं के लिए फ्री यात्रा सेवा शुरू कर दी है और आज अन्नपूर्णा भंडार योजना की राशि पात्र महिलाओं के खाते में ट्रांसफर किए गए.

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि अन्नपूर्णा भंडार योजना का फार्म वितरित किया जा रहा है. यह ऑनलाइन भी उपलब्ध है. राज्य की महिलाएं फॉर्म भरकर इस योजना का लाभ उठा सकती हैं. फॉर्म भरा जाने के बाद सरकारी स्तर पर फार्म की जांच की आएगी और फॉर्म में उपलब्ध तथ्यों की पुष्टि के बाद पात्र महिलाओं का चयन किया जाएगा और उन्हीं महिलाओं को अन्नपूर्णा भंडार योजना का लाभ भविष्य में मिलता रहेगा.

सिलीगुड़ी और आसपास के इलाकों में पिछले कई दिनों से बैंकों और पोस्ट ऑफिस में डीबीटी लिंक का चक्कर लगाने वाली महिलाओं ने अब अन्नपूर्णा भंडार योजना का फॉर्म भरना शुरू कर दिया है. हालांकि बहुत सी महिलाएं पोर्टल खुलने का इंतजार कर रही है. 1 जून को ही पोर्टल शुरू होने वाला था. लेकिन आज भी पोर्टल जनसाधारण के लिए उपलब्ध नहीं है. इस बीच भौतिक रूप से सरकारी दफ्तरों में अन्नपूर्णा भंडार योजना का फॉर्म वितरित किया जा रहा है.

इस फॉर्म में महिलाओं से सभी डीटेल्स मांगे गए हैं. जिससे कई महिलाएं फॉर्म भरने से कतरा भी रही है. कहीं इस फॉर्म का भविष्य में दुरुपयोग ना हो,इस डर से कई महिलाएं फॉर्म भरना ही नहीं चाहती है. आज मुख्यमंत्री ने 28 लाख 25000 से ज्यादा महिलाओं के बैंक खाते में 3-3 हजार रुपए की राशि डीबीटी के जरिए हस्तांतरित की है.

उनमें से सिलीगुड़ी की कितनी महिलाएं शामिल है, यह पता नहीं चला है. परंतु उन्हें एक उम्मीद जरूर बंध गई है कि भविष्य में सरकार उनके बैंक खाते में डीबीटी के जरिए ₹3000 की राशि ट्रांसफर करेगी. हालांकि बहुत सी महिलाओं को लगता नहीं है कि उन्हें अन्नपूर्णा भंडार योजना का लाभ मिल सकेगा.

सोमवार को मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा था कि राज्य की महिलाएं किसी भी तरह के भ्रम में ना पड़े और सरकार का सहयोग करें. उन्होंने जोर देकर कहा कि लक्ष्मी भंडार के तहत जिन महिलाओं को ममता बनर्जी की सरकार रुपया ट्रांसफर करती थी, उसमें काफी भ्रष्टाचार हुआ है. उसकी जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि 30 लाख फर्जी खाते का पता चला है, जिसको ब्लॉक कर दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *