June 2, 2026
Sevoke Road, Siliguri
gajoldoba death khabar samay newsupdate sad news teesta river

Gajoldoba में बड़ा हादसा: तीस्ता नदी में डूबकर दो स्कूली छात्रों की मौत, फूलबाड़ी में शोक की लहर !

https://khabarsamay.com/major-accident-in-gajoldoba-two-school-students-drowned-in-teesta-river-wave-of-mourning-in-fulbari/

गर्मी से राहत पाने के लिए तीस्ता नदी में नहाने गए दो स्कूली छात्रों की डूबने से मौत हो गई। मंगलवार दोपहर गजोलडोबा के पास परमूंडा इलाके में हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे फूलबाड़ी क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है।

मृतकों की पहचान 14 वर्षीय कृष्ण मंडल और 13 वर्षीय दीपु विश्वास के रूप में हुई है। दोनों ही कक्षा सात के छात्र थे और फूलबाड़ी-1 नंबर क्षेत्र के अंबिकानगर इलाके के निवासी थे।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मंगलवार सुबह चार दोस्त साइकिल से स्कूल गए थे। लेकिन स्कूल बंद होने के कारण वे वापस लौटने के बजाय घूमते-घूमते गजोलडोबा के परमूंडा इलाके में पहुंच गए। भीषण गर्मी के कारण उन्होंने तीस्ता नदी में नहाने का निर्णय लिया।

बताया जा रहा है कि पहले एक छात्र नदी में उतरा। कुछ ही देर में वह गहरे पानी में जाने लगा। उसे बचाने के लिए उसका साथी भी पानी में कूद पड़ा, लेकिन तेज बहाव के कारण दोनों ही डूब गए। यह घटना देखकर उनके दो अन्य साथी घबरा गए और तुरंत स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। बाद में पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। काफी प्रयासों के बाद दोनों छात्रों के शव नदी से बरामद किए गए।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है। इस घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे अंबिकानगर इलाके में शोक की लहर है।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि गजोलडोबा और परमूंडा क्षेत्र में अक्सर लोग नदी में नहाने जाते हैं, लेकिन यहां सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *