June 2, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

माटीगाड़ा का परिवहन नगर ‘इंटरस्टेट बस टर्मिनस’ बनेगा!

सिलीगुड़ी का ट्रैफिक लुक बदलने जा रहा है.अब बसों को आप सिलीगुड़ी की मुख्य सड़कों पर खड़े होते नहीं देख सकेंगे. ना ही आपको यात्रियों की भीड़ सड़कों पर दिखेगी. शाम के समय भी सड़कों पर अबाध तरीके से ट्रैफिक गुजरेगी. सिलीगुड़ी पुलिस प्रशासन ने एक पर एक बड़े कदम उठाए हैं, जो सिलीगुड़ी के ट्रैफिक लुक को बदलने के लिए काफी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं.

अगर आपको सिलीगुड़ी से कोलकाता, पटना, रांची, गोरखपुर अथवा दूसरे राज्यों में लंबी दूरी की बसों में यात्रा करनी है तो आपको सिलीगुड़ी जंक्शन नहीं बल्कि माटीगाड़ा का परिवहन नगर जाना होगा. हालांकि यह खबर काफी समय से सुनी जा रही है. परंतु अब इसमें किंतु परंतु की कोई बात नहीं है. फैसला हो चुका है और इसे अब बदला नहीं जाएगा.

आपके मन में यह प्रश्न होगा कि यह कब तक संभव होगा, तो आपको बताते चलें कि बहुत जल्द यह होने जा रहा है. परिवहन नगर में नए सिरे से काम शुरू किया जा रहा है. यहां पूरे परिसर में हाई मास्ट लाइट, पेय जल ,शौचालय, यात्री प्रतीक्षालय, बस चालको एवं कर्मचारियों के लिए अन्य सुविधाओं के साथ-साथ सड़क की हालत बदलने के लिए टेंडर शुरू किए जाने हैं.

टेंडर के बाद बस टर्मिनस निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा. उम्मीद रखनी चाहिए कि दुर्गा पूजा अथवा इस साल के आखिर तक परिवहन नगर इंटर स्टेट बस टर्मिनस बनकर तैयार हो जाएगा.

प्रशासन के इस फैसले से लंबी दूरी की बसों में यात्रा करने वाले सिलीगुड़ी के लोगों को परेशानी तो होगी. क्योंकि अब उन्हें रिक्शा अथवा टोटो से परिवहन नगर जाना होगा.

परंतु ट्रैफिक सुधार की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम होगा. जरा मौजूद हाल तो देखिए. सिलीगुड़ी जंक्शन में रोड के किनारे ही लंबी दूरी की बसें लगा दी जाती हैं. सिलीगुड़ी से रोजाना कोलकाता अथवा देश के दूसरे राज्यों में कम से कम 150 बसें जाती हैं. इन बसों की उपस्थिति के कारण ही जंक्शन से लेकर मल्लागुडी तक जाम लगा रहता है.

शाम के समय तो बस यात्रियों के कारण रास्ता अत्यंत संकीर्ण हो जाता है. सिलीगुड़ी जंक्शन से लंबी दूरी की बसों को अन्यत्र स्थानांतरित करने की पूर्व में भी काफी योजनाएं बनाई गई थी. परिवहन नगर और मल्लागुड़ी स्थित हिमूल की जगह बस टर्मिनस स्थानांतरित करने की चर्चा जोरों पर थी. परंतु बात आगे नहीं बढ़ सकी. अब राज्य में भाजपा की सरकार बनी है तो ऐसे में भाजपा इसे मूर्त रूप दे सकती है.

इस कार्य के पूर्ण होने की उम्मीद इसलिए बढ़ गई है क्योंकि सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष जो अब मंत्री बन चुके हैं उनका यह ड्रीम प्रोजेक्ट है. शंकर घोष ने सिलीगुड़ी को ट्रैफिक मुक्त करने के लिए पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ कई बार बैठक की है. उन्होंने ही ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों को सिलीगुड़ी जंक्शन से बसों को परिवहन नगर में स्थानांतरित करने की योजना बताई थी.

उनकी योजना को मान लिया गया है. राज्य सरकार भी हरी झंडी दे देगी. ट्रैफिक डीसीपी काजी शमसुद्दीन अहमद की ओर से बताया गया है कि इंजीनियरों को परिवहन नगर में बस टर्मिनस के निर्माण कार्य को समय से पूरा करने का निर्देश दिया जा चुका है. जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और इसके साथ ही काम शुरू हो जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *