दार्जिलिंग भाजपा नेता राजू बिष्ट के सक्रिय प्रयास तथा सिलीगुड़ी और आसपास के इलाकों में पर्यटन, वाणिज्य व्यापार और सुलभ व द्रुत आवागमन के उद्देश्य से उनकी पहल के परिणाम स्वरूप सिलीगुड़ी को एक और बड़ी कामयाबी मिलने जा रही है. समतल क्षेत्र में खोरीबाड़ी घोषपुकुर डबल लेन सड़क मार्ग फोरलेन में तब्दील होने जा रहा है. इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
सांसद राजू बिष्ट के पूर्व के प्रयास अब रंग ला रहे हैं. उन्होंने सिलीगुड़ी के लिए जो सपना देखा था, धीरे-धीरे वह साकार होता जा रहा है. सिलीगुड़ी पर ट्रैफिक का दबाव कम हो सके, इसके लिए सिलीगुड़ी से गुजरने वाली सड़कों का कायाकल्प होना जरूरी है. यह शहर पूर्वोत्तर का प्रमुख प्रवेश द्वार भी है. इसलिए दूसरे प्रदेशों से सिलीगुड़ी होकर पूर्वोत्तर को गुजरने वाली सड़कों की हालत में सुधार जरूरी है.
खोरीबाड़ी घोषपुकुर सड़क मार्ग डबल लेन है. व्यापार, वाणिज्य और सिलीगुड़ी से संपर्क का एक महत्वपूर्ण मार्ग है. यह सिलीगुड़ी को बागडोगरा, न्यू जलपाईगुड़ी तथा विभिन्न बाजारों से जुड़ने का एक विस्तृत फलक देता है. किंतु डबल लेन होने के चलते इस सड़क मार्ग से वाहनों, खासकर मालवाहक वाहनों का आवागमन समय पर नहीं हो पाता है. व्यापारियों और स्थानीय संगठनों की मांग थी कि इस सड़क मार्ग को डबल लेन से फोरलेन में परिवर्तित किया जाए.
राजू बिष्ट ने स्थानीय व्यापारियों और संगठनों की मांग को केंद्र के समक्ष रखा. उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से नई दिल्ली में मुलाकात की और सिलीगुड़ी के विकास का रोड मैप भी समझाया. केंद्रीय मंत्री के निर्देश पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने इस उद्देश्य के लिए 232.42 करोड रुपए का टेंडर जारी कर दिया है. इस तरह से इस सड़क मार्ग का फोरलेन में तब्दील होने का मार्ग प्रशस्त हो गया है. इससे व्यापार, पर्यटन और बाजार के स्तर पर सिलीगुड़ी को बड़ी कामयाबी मिली है.
राजू बिष्ट ने इस महत्वपूर्ण जानकारी और इसके लाभ पर भी प्रकाश डाला. उन्होंने बताया कि इसका लाभ सिलीगुड़ी को किस तरह से मिलेगा और सिलीगुड़ी का विकास किस तेजी से होगा. खोरीबाडी से घोषपुकुर के बीच फोरलेन सड़क होने से इस मार्ग से वाहनों की आवाजाही आसान और सुगम हो जाएगी. इस महत्वपूर्ण मार्ग से बागडोगरा, घोषपुकुर और खोरीबाड़ी सिलीगुड़ी से जुड़ जाएगा. जिससे यहां विकास होगा.
केवल इतना ही नहीं, बल्कि उत्तर बंगाल के विकास में भी यह महत्वपूर्ण सड़क काफी योगदान दे सकती है. राजू बिष्ट ने बताया कि इस महत्वपूर्ण सड़क के जरिए पूर्वोत्तर क्षेत्र में आवागमन सुलभ हो जाएगा. ऐसे में व्यापारिक और पर्यटन के क्षेत्र में ढेर सारी उपलब्धियां देखने को मिल सकती हैं. इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य और कारोबार के क्षेत्र में सिलीगुड़ी तथा आसपास के इलाकों का बहुमुखी विकास होगा.
किसी भी सड़क की क्षमता बढ़ जाने से ट्रैफिक का दबाव कम हो जाता है. सिलीगुड़ी और आसपास के क्षेत्र में वर्तमान में ट्रैफिक का दबाव ज्यादा देखा जा रहा है. जब यह महत्वपूर्ण खंड फोरलेन में तब्दील हो जाएगा, तब सड़क पर ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा. इसका लाभ पूर्वोत्तर के क्षेत्र भी उठाएंगे. सांसद राजू बिष्ट का मानना है कि इस महत्वपूर्ण खंड के कायाकल्प हो जाने से सिलीगुड़ी, उत्तर बंगाल के साथ ही पूर्वोत्तर राज्य आर्थिक, पर्यटन और परिवहन के क्षेत्र में समुचित लाभ उठा सकेंगे. इसमें कोई संदेह नहीं है.
