April 29, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

नागराकाटा में दहशत! रात में होती है पत्थरों की रहस्यमय वर्षा!

इन दिनों नागराकाटा के लोग रात में सो नहीं पाते हैं. यहां के बच्चे पढ़ाई नहीं कर पाते हैं. रात शुरू होते ही यहां लोगों में एक अनजाना डर पैदा हो जाता है. वातावरण में एक अजीब सी खामोशी छा जाती है. घर में लोग सुरक्षित नहीं है और ना ही घर से बाहर. लेकिन रात में जाएं तो कहां जाएं. यह पूरा इलाका टीन और लकड़ी के मकान से पटा पड़ा है. अधिकतर टीन की छते हैं.

जैसे ही रात शुरू होती है, बच्चे डर जाते हैं और मां की गोद में चिपक जाते हैं. वातावरण में एक अजीब सा सन्नाटा व्याप्त हो जाता है. आखिर यहां के लोग किस बात से डरे हुए हैं? दरअसल यहां कई दिनों से रात में पत्थरों की रहस्यमय बरसात शुरू हो जाती है. यानी यहां के घरों की छतों पर पत्थर बरसने लगते हैं. यह पत्थर कौन बरसाता है, अभी तक इसका पता नहीं चल सका है.

नागराकाटा के जिस क्षेत्र में इस तरह की रहस्यमय घटना घट रही है, वह सुलकापाड़ा बाजार क्षेत्र है. कुछ लोग तो यह भी कहते हैं कि रात में अचानक से पत्थर चलने लगते हैं. यह आसमान से गिरते हैं या फिर पत्थरों को कौन गिराता है, यह पता नहीं चल सका है. यहां के निवासी रमेश ने बताया कि इस तरह की घटना पहले कभी नहीं हुई थी. कुछ लोग तो यह भी कहते हैं कि पिछले कुछ दिनों से इस गांव में भूतों का बसेरा हो गया है. हालांकि आज के पढ़े-लिखे लोग यह बात मानने को तैयार नहीं है. उन्हें इस घटना के पीछे कोई साजिश नजर आती है.

सुलकापाड़ा बाजार के निकट ही फकीरधूरा गांव है. इस गांव की आबादी कोई ज्यादा नहीं है. लेकिन यहां अधिकतर टीन की छत वाले घर मिल जाते हैं. पिछले एक हफ्ते से इस गांव में रात में घरों की छतों पर पत्थर गिरने लगते हैं. पत्थरों के लगातार गिरते रहने के कारण टीन अपनी जगह से हटने लगी है. तो कई टीनों की छतों में सुराख भी हो गई है. इससे लोग आतंकित हैं. अगर पत्थर सर पर गिरा तो क्या होगा, इस बात को लेकर लोग भयभीत हैं.

स्थानीय लोग इस कदर भयभीत है कि उन्होंने अपनी बाइक को भी अन्य जगहों पर पार्क करना शुरू कर दिया है. सोमवार रात में यहां पत्थरों की जमकर बरसात हुई थी. इसमें कई लोग घायल होने से बाल बाल बच गए. यहां के लोगों ने पिछले कई दिनों से रात में हो रही पत्थरों की घटनाओं को लेकर पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई है. स्थानीय पुलिस ने रात में यहां गश्त लगानी शुरू कर दी है. पुलिस का जवान यहां रात में हेलमेट पहनकर घूमता है और स्थानीय लोगों को सतर्क करता है.

इस घटना का सबसे ज्यादा असर यहां के छात्रों पर हो रहा है. उनकी पढ़ाई नहीं हो पा रही है. क्योंकि रात में जब भी पढ़ने बैठते हैं पत्थर वाली घटना उनकी आंखों के सामने नाचने लगती है. वह दहशत में आ जाते हैं और पढ़ाई छोड़कर बैठ जाते हैं. स्थानीय थाना की पुलिस मामले की तह में जाने की कोशिश कर रही है. लेकिन अभी तक घटना के बारे में कोई सुराग नहीं मिला है. लोग डर के कारण बाहर निकलते भी नहीं है कि जान सके कि आखिर यह पत्थर बाजी की घटना कैसे और कहां से हो रही है.

क्या यह किसी की साजिश है या कोई अनजानी ताकत यहां पत्थर बरसा रही है? कुछ लोग तो यह भी कहते हैं कि अचानक ही तेज आवाज के साथ पत्थर गिरने लगते हैं.जब वह इधर-उधर देखने लगते हैं, लेकिन उन्हें कुछ नजर नहीं आता है. आखिर यह रात में घटना क्यों होती है? इस घटना का राज क्या है? अभी तक पता नहीं चल सका है. पुलिस पूरे मामले की सघनता से जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *