June 30, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

सावधान पहाड़! कल से 100 से लेकर 200 रुपए तक जुर्माना भरने के लिए रहिए तैयार!

पश्चिम बंगाल सरकार ने पूरे बंगाल में प्रशासनिक और पर्यावरणीय बदलाव का जो फैसला लिया है, उस पर कल से अमल शुरू हो जाएगा. इस संबंध में पश्चिम बंगाल सरकार के शहरी विकास एवं नगर विकास विभाग की ओर से एक नोटिस जारी कर दिया गया है. सरकार की मंशा समतल से लेकर पहाड़ को स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की है. इसके लिए सुवेंदु अधिकारी की सरकार ने एक कठोर कदम उठाया है.

अगर आप दार्जिलिंग, कर्सियांग, कालिमपोंग और मिरिक क्षेत्र में रहते हों, तो कल से ही स्वच्छता और अनुशासन के नियम अपनाने के लिए तैयार हो जाइए. सड़कों, चौराहों या सार्वजनिक स्थानों पर कूडा कचरा फेंकने, गंदगी करने, मलमूत्र त्याग करने आदि पर सरकार ने सख्त प्रतिबंध लगा दिया है. आप कूडे को कूड़ेदान में ही डालें. इधर-उधर गंदगी ना फैलाएं.

इसी तरह से पर्यावरण का दुश्मन प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग का उपयोग पहाड़ के स्वास्थ्य के अनुकूल नहीं है. सरकार ने इस पर संज्ञान लिया है. आप सार्वजनिक स्थानों पर प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग की ना तो बिक्री कर सकते हैं और ना ही उसका उपयोग कर सकते हैं. उसे जहां-तहां फेक भी नहीं सकते हैं. राज्य सरकार स्वच्छता और साफ सफाई के प्रति कितनी गंभीर है, इसका अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि आप सार्वजनिक स्थानों पर थूक भी नहीं सकते हैं.

अगर आप ऐसा करते हैं तो स्थानीय प्रशासन आपसे जुर्माना वसूल कर सकता है. जुर्माना तत्काल ही आपको भरना होगा और वह भी ऑनलाइन यानी आप जो जुर्माना देंगे वह सीधे सरकार के खाते में जाएगा. यह जुर्माना राशि ₹100 से लेकर ₹200 तक है. अगर आप खुले अथवा सार्वजनिक स्थानों पर मल मूत्र त्याग करते हैं, तो पकड़े जाने पर ₹200 का द॔ड भरना होगा.

अगर आप प्रतिबंधित जगह पर कूड़ा फैलाते हैं अथवा प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग का व्यवहार करते हैं तो इसके लिए भी आपको ₹200 का जुर्माना भरना पड़ सकता है. लेकिन अगर आपने सार्वजनिक स्थानों पर जैसे चौक चौराहों, स्कूल परिसर, शैक्षणिक परिसर, धर्मशाला, सरकारी भवन आदि क्षेत्रों में कहीं थूकते हैं तो सरकार आपसे ₹100 का तत्काल जुर्माना वसूल करेगी.

यह तो पहाड़ वालों के लिए हुआ. लेकिन अगर आप सिलीगुड़ी अथवा समतल क्षेत्र में रहते हैं तो आपके लिए 2 महीने का समय दिया गया है. अपनी गंदी आदत को सुधार ले और अनुशासित तथा स्वच्छ जीवन जीने की आदत डाल लें. सिलीगुड़ी में भी 1 सितंबर 2026 से सिलीगुड़ी नगर निगम के जरिए सख्ती लागू कर दी जाएगी.

राज्य सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि स्वच्छता और साफ सफाई के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सिलीगुड़ी हो या पहाड़, स्वच्छता और साफ सफाई बहुत जरूरी है. इससे न केवल जीवन में अनुशासन और व्यवस्था आती है, बल्कि पर्यावरण से लेकर बीमारियों की रोकथाम में भी मदद मिलती है.

जो लोग स्वच्छ परिवेश में रहते हैं, वे कम बीमार पड़ते हैं. हालांकि स्वच्छता और साफ सफाई को लेकर पहले भी सरकार की ओर से इस तरह के नियम और कानून बनाए गए थे. पर उनका सख्ती से पालन नहीं किया गया. अब देखना होगा कि राज्य की सुवेंदु सरकार के इस फरमान को शासकीय इकाई किस तरह से जमीन पर उतारते हैं. और जनता का इसमें कितना समर्थन मिलता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *